Home विशेष धार्मिक पर्यटन का वैश्विक हब बन रही अयोध्या, प्राण प्रतिष्ठा के बाद...

धार्मिक पर्यटन का वैश्विक हब बन रही अयोध्या, प्राण प्रतिष्ठा के बाद दो माह में रिकॉर्ड 1.12 करोड़ भक्तों ने किए राम लला के दर्शन, अरबों रुपये से हो रहा राम जन्मस्थली का कायाकल्प

SHARE

श्रीराम जन्मभूमि मंदिर में 22 जनवरी को रामलला की प्राण प्रतिष्ठा के बाद से दर्शन-पूजन के लिए यहां आने वाले भक्तों की संख्या में ऐतिहासिक वृद्धि हो रही है। प्राण-प्रतिष्ठा के बाद केवल दो माह में ही 1 करोड़ 12 लाख श्रद्धालुओं ने रामलला के दर्शन किए हैं। रामलला के दर्शन के लिए अयोध्या आने वाले श्रद्धालुओं की संख्या पिछले सालों की अपेक्षा तेजी से बढ़ी है। प्रतिदिन मंदिर में औसतन एक से सवा लाख रामभक्त दर्शन करने पहुंच रहे हैं। वहीं अयोध्या में आयोजित होने वाले पर्वों और मंगलवार को यह संख्या और बढ़ जाती है। डबल इंजन सरकार का टारगेट अयोध्या को दुनिया का सबसे बड़ा धार्मिक पर्यटन हब बनाने का है। इसी को ध्यान में रखते हुए अयोध्या में 32 हजार करोड़ से ज्यादा के डेवलपमेंट प्रोजेक्ट चल रहे हैं। यह इसी से समझा जा सकता है कि सीएम योगी के साथ ही खुद पीएम नरेंद्र मोदी भी अयोध्या के विकास कार्यों पर नजर रखे हुए हैं।2017 में पूरे साल में आए 1.78 करोड़, अब दो माह में ही आ गए 1.12 करोड़
राज्य पर्यटन विभाग के आंकड़ों के अनुसार वर्ष 2017 में जब से दीपोत्सव प्रारंभ हुआ है, उसके बाद से अयोध्या में भक्तों की संख्या में भारी वृद्धि हुई है। वर्ष 2017 में कुल 1,78,57,858 श्रद्धालुओं ने दर्शन-पूजन किया। इनमें 1,78,32,717 भारतीय एवं 25,141 विदेशी शामिल हैं। वर्ष 2018 में 1,95,34,824 भारतीय व 28,335 विदेशी नागरिकों ने रामनगरी में दर्शन किया। इस प्रकार वर्ष 2019 में 2,04,63,403 भारतीय व 28,331 विदेशी श्रद्धालुओं को मिलाकर कुल 2,04,91,724 श्रद्धालुओं ने अयोध्या में दर्शन किया। वर्ष 2020 में कोरोना के कारण श्रद्धालुओं की संख्या में कमी देखने को मिली। इस वर्ष 61,93,537 भारतीय एवं 2,611 विदेशी श्रद्धालुओं को मिलाकर कुल 61,96,148 श्रद्धालु अयोध्या पहुंचे। वर्ष 2021 में 1,57,43,359 भारतीय एवं 431 विदेशी पर्यटकों ने अयोध्या में दर्शन पूजन किया। वर्ष 2022 में 2,21,12,402 भारतीय एवं 26,403 विदेशी पर्यटक अयोध्या पहुंचे थे।राम लला की प्राण-प्रतिष्ठा से देशभर में हुआ 50 हजार करोड़ का कारोबार
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने 22 जनवरी 2024 को अयोध्या के राम लला की प्राण प्रतिष्ठा कराए जाने के बाद से यहां आने वाले श्रद्धालुओं की संख्या तेजी से बढ़ी है। श्रद्धालुओं की बढ़ती भीड़ से अयोध्या में रोजी-रोजगार में भी तेजी से वृद्धि होने लगी है। अब अयोध्या की दुकानों पर ग्राहकों की भारी भीड़ देखने को मिल रही है। खान-पान, होटल-रेस्टोरेंट, सजावटी सामानों की दुकानों पर सैलानियों की भीड़ अब आम हो चली है। अयोध्या ही नहीं राम लला की प्राण प्रतिष्ठा के समय देशभर में इससे जुड़े बिजनेस ने ऊंची छलांग लगाई थी। एक अनुमान के मुताबिक तब देशभर में राम लला से जुड़ी वस्तुओं का ही पचास हजार करोड़ से ज्यादा का बिजनेस हुआ था।

अयोध्या में विश्वस्तरीय इंफ्रास्ट्रक्चर डेवलप करने में तेजी से हो रहा काम
लोगों का मानना है कि 22 जनवरी को जबसे रामलला विराजमान हुए हैं, यहां देश भर से आने वाले श्रद्धालुओं व विदेशी पर्यटकों की संख्या में अप्रत्याशित वृद्धि हुई है। इसे लेकर प्रदेश की योगी सरकार तेजी से अयोध्या का विकास करने में लगी है। अयोध्या को फोर लेन व सिक्स लेन सड़कों से जोड़ा जा रहा है। विश्वस्तरीय हवाई अड्डा व रेलवे स्टेशन का निर्माण किया गया है। इसके अलावा तमाम अन्य सुविधाएं भी अयोध्या में विकसित की जा रही हैं। 2024 में अयोध्या आने वाले श्रद्धालुओं की संख्या इतनी तेजी से बढ़ी है कि 22 जनवरी को प्राण प्रतिष्ठा कार्यक्रम के बाद से 20 मार्च के बीच 1 करोड़ 12 लाख श्रद्धालु रामलला का दर्शन कर चुके हैं।अयोध्या दुनिया का सबसे बड़ा धार्मिक पर्यटन केंद्र बनने की राह पर अग्रसर
रामलला की प्राण प्रतिष्ठा के साथ ही अयोध्या दुनिया का सबसे बड़ा धार्मिक पर्यटन केंद्र बनने जा रहा है। अमेरिकी कंपनी जेफ्फेरिज इक्विटी रिसर्च ने हाल ही में जारी अपनी रिपोर्ट में अयोध्या में सालाना 5-10 करोड़ तीर्थयात्री आने का अनुमान लगाया है। रिपोर्ट के मुताबिक अयोध्या में मंदिर निर्माण से लेकर अन्य इंफ्रास्ट्रक्चर के विकास पर 850 अरब रुपए खर्च किया जाना है। इस अनुमान के मुताबिक अयोध्या तीर्थयात्री के आगमन के मामले में घरेलू आध्यात्मिक केंद्र को भी पीछे छोड़ने जा रहा है। क्योंकि आंध्र प्रदेश स्थित तिरुपति में सालाना 2.5 करोड़, जम्मू स्थित माता वैष्णव देवी के दर्शन करने सालाना 80 लाख तीर्थयात्री आते हैं। रिपोर्ट में कहा गया है कि इंफ्रास्ट्रक्चर की अच्छी सुविधा की वजह से अयोध्या बड़ी संख्या में तीर्थयात्रियों को आकर्षित कर सकेगा।अरबों रूपये से हो रहा है राम की नगरी अयोध्या का कायाकल्प
अयोध्या में मंदिर निर्माण से लेकर अन्य इंफ्रास्ट्रक्चर के विकास पर 850 अरब रुपए खर्च किया जाना है। रिपोर्ट के मुताबिक इनमें लगभग 18 अरब रुपए राम मंदिर के निर्माण पर खर्च किए गए हैं। 14.5 अरब रुपए लगाकर अयोध्या एयरपोर्ट के पहले चरण का काम पूरा किया गया और इस प्रकार के तीन और टर्मिनल का निर्माण किया जाना है। अभी सालाना 10 लाख तो दूसरे चरण का काम पूरा होने के बाद सालाना 60 लाख यात्री अयोध्या हवाई जहाज से आसानी से आ-जा सकेंगे। 2.4 अरब रुपए के निवेश से रेलवे स्टेशन का कायाकल्प किया जा रहा है। 1200 एकड़ में 22 अरब की लागत से ग्रीनफील्ड टाउनशिप का निर्माण प्रस्तावित है। अयोध्या की तरह दुनिया के अन्य तीर्थस्थलों के पास इतने बड़े पैमाने पर इंफ्रास्ट्रक्चर की व्यवस्था नहीं है। भारत के कई तीर्थस्थानों के पास इंफ्रास्ट्रक्चर की सुविधा नहीं होने के बावजूद सालाना 10-30 लाख तीर्थयात्री पहुंच जाते हैं। इन सबके अलावा अयोध्या में 73 नए होटल का निर्माण पाइपलाइन में है। आईएचसीएल, मैरियट इंटरनेशनल होटल की चेन निर्माण के लिए करार भी कर चुकी है। आईटीसी भी संभावना तलाश रही है तो ओयो 1000 कमरे अपनी चेन में जोड़ने जा रही है।दुनिया के सबसे बड़े आस्था स्थल और इनमें पहुंचने वाले श्रद्धालु
सरकार राम मंदिर बनने के बाद देश के सबसे ज्यादा श्रद्धालुओं को अयोध्या में लाने की तैयारी में है। अफसरों का मानना है कि मंदिर बनने के बाद यहां हर महीने 1 करोड़ श्रद्धालु आएंगे। यानी साल में 12 करोड़ से अधिक श्रद्धालु पहुंचेंगे। आइये जानते हैं कि दुनिया के वो धार्मिक स्थल, जहां सबसे अधिक लोग पहुंचते हैं..
1. वेटिकन सिटी – यह ईसाई समुदाय का सबसे बड़ा धार्मिक केंद्र है। यहां पर सालभर में करीब डेढ़ करोड़ श्रद्धालु जाते हैं।
2. मक्का मदीना – यह मुस्लिम समुदाय का सबसे बड़ा आस्था का केंद्र है। यहां पर हर साल तीन करोड़ से भी ज्यादा लोग जाते हैं।
3. गोल्डन टेंपल – यह सिख समाज का सबसे बड़ा तीर्थ स्थल है। यहां पर हर साल देश-विदेश से साढ़े तीन करोड़ से ज्यादा श्रद्धालु आते हैं।
4. काशी विश्वनाथ – यह हिंदू समाज का सबसे बड़ा धार्मिक आस्था का केंद्र है। श्री काशी विश्वनाथ कॉरिडोर के उद्घाटन के बाद यहां 2022 में करीब 7 करोड़ भक्त आए।

 

 

Leave a Reply