प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में एशिया में भारत का प्रभाव लगातार बढ़ रहा है। ऑस्ट्रेलिया के प्रतिष्ठित थिंक टैंक लोवी इंस्टीट्यूट की एशिया पावर इंडेक्स 2026 रिपोर्ट में भारत ने 40.5 अंकों के साथ तीसरा स्थान हासिल किया है। भारत ने रूस और जापान को पीछे छोड़ते हुए अपनी स्थिति मजबूत की है। इस रिपोर्ट में भारत को प्रमुख शक्ति (मेजर पावर) का दर्जा दिया गया है। अमेरिका 78.9 अंकों के साथ पहले और चीन 73.6 अंकों के साथ दूसरे स्थान पर है, जबकि जापान 38.6 अंकों के साथ चौथे और रूस 32.2 अंकों के साथ पांचवें स्थान पर है। 27 देशों और क्षेत्रों के 131 मानकों पर आधारित इस सूचकांक में भारत की भविष्य के संसाधनों और आर्थिक क्षमता में तीसरे स्थान पर मजबूत स्थिति रही है। वहीं, 70.3 अंकों के साथ कूटनीतिक प्रभाव के मामले में भारत चौथे स्थान पर है। रिपोर्ट में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को चीन के राष्ट्रपति शी जिनपिंग के बाद एशिया का दूसरा सबसे प्रभावशाली क्षेत्रीय नेता भी माना गया है।
ASIA POWER INDEX: In 2026, the top five countries for overall power in Asia are the United States, China, India, Japan and Russia. Australia remains sixth in this year’s ranking.
https://t.co/qrk0mc8Z8y https://t.co/VVdHc9oo5H— The Lowy Institute (@LowyInstitute) November 22, 2026
आइए अब एक नजर डालते हैं किस तरह पीएम मोदी के नेतृत्व में देश ने राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय इंडेक्स में अपनी स्थिति में सुधार किया है-
चीन-जापान को पछाड़ छठी सबसे ताकतवर वायुसेना बनी भारतीय वायुसेना,
वर्ल्ड डायरेक्टरी ऑफ मॉडर्न मिलिट्री एयरक्राफ्ट (WDMMA) की 2026 की ग्लोबल एयर पावर्स रैंकिंग में भारतीय वायुसेना ने दुनिया की छठी सबसे शक्तिशाली वायुसेना का स्थान हासिल किया है। इस रैंकिंग में भारत ने चीन (7वें) और जापान (8वें) को पीछे छोड़ दिया है। 103 देशों की 129 रक्षा विमानन इकाइयों और करीब 48,082 सैन्य विमानों के मूल्यांकन के आधार पर तैयार इस सूची में भारत को 69.4 की TruVal रेटिंग मिली है, जबकि चीन की रेटिंग 63.8 रही। WDMMA का आकलन केवल विमानों की संख्या पर नहीं, बल्कि बेड़े के आधुनिकीकरण, तकनीकी क्षमता, लॉजिस्टिक्स, पायलटों के प्रशिक्षण और युद्धक अनुभव जैसे पहलुओं पर आधारित है। भारतीय वायुसेना के राफेल, सुखोई-30MKI और स्वदेशी तेजस जैसे लड़ाकू विमानों के साथ अपाचे और चिनूक हेलीकॉप्टरों की मौजूदगी उसकी ताकत को और बढ़ाती है। इस रैंकिंग में अमेरिका की एयरफोर्स पहले, नेवी दूसरे, रूस की एयरफोर्स तीसरे, अमेरिकी आर्मी चौथे और अमेरिकी मरीन कॉर्प्स पांचवें स्थान पर है। इन सभी के बाद भारतीय वायुसेना छठे स्थान पर है।
एफडीआई में 11वें स्थान पर पहुंचा देश
संयुक्त राष्ट्र की वर्ल्ड इन्वेस्टमेंट रिपोर्ट 2026 के अनुसार, वर्ष 2025 में भारत प्रत्यक्ष विदेशी निवेश (FDI) प्राप्त करने वाला दुनिया का 11वां सबसे बड़ा देश बन गया। इस रैंकिंग में भारत ने दो पायदान की छलांग लगाई है। 2025 में भारत को 38.89 अरब डॉलर का एफडीआई प्राप्त हुआ, जो 2024 के 27.09 अरब डॉलर की तुलना में लगभग 44 प्रतिशत अधिक है। रिपोर्ट के अनुसार, इस वृद्धि के पीछे निवेश और कारोबार को प्रोत्साहित करने वाली सरकारी नीतियों की महत्वपूर्ण भूमिका रही है। सिर्फ विदेशी निवेश आकर्षित करने में ही नहीं, बल्कि विदेशों में निवेश करने के मामले में भी भारतीय कंपनियों ने उल्लेखनीय प्रदर्शन किया है। वर्ष 2025 में भारतीय कंपनियों का विदेशी निवेश बढ़कर 35.66 अरब डॉलर पहुंच गया, जो पिछले वर्ष की तुलना में 47 प्रतिशत अधिक है। संयुक्त राष्ट्र की एजेंसी यूएनसीटैड (UNCTAD) की रिपोर्ट के मुताबिक, इस प्रदर्शन के साथ भारत ने वैश्विक एफडीआई परिदृश्य में अपनी स्थिति और मजबूत की है। लगातार बढ़ता निवेश भारत की मजबूत आर्थिक संभावनाओं और वैश्विक निवेशकों के बढ़ते विश्वास का संकेत माना जा रहा है।
QS वर्ल्ड फ्यूचर स्किल्स इंडेक्स में 13वें स्थान पर भारत
QS वर्ल्ड फ्यूचर स्किल्स इंडेक्स 2027 की ताजा रैंकिंग में भारत ने शानदार प्रदर्शन करते हुए दुनिया के 89 देशों में 13वां स्थान हासिल किया है। 89.4 अंकों के साथ भारत दक्षिण एशिया का सबसे ऊंची रैंक वाला देश बना है। QS वर्ल्ड फ्यूचर स्किल इंडेक्स 2027 रिपोर्ट के मुताबिक, मजबूत आर्थिक विकास, तेजी से बढ़ती डिजिटल वर्कफोर्स और उच्च शिक्षा के विस्तार ने भारत को एआई आधारित भविष्य की अर्थव्यवस्था के लिए बेहतर स्थिति में पहुंचाया है। कम और मध्यम आय वाले देशों की केटेगरी में भारत टॉप परफॉर्मर बनकर उभरा है। अलग-अलग पैमानों की बात करें, तो भारत ‘फ्यूचर ऑफ वर्क’ में 5वें, ‘इकोनॉमिक ट्रांसफॉर्मेशन’ में 14वें और ‘स्किल फिट’ के मामले में 18वें नंबर पर रहा है। भारत के लिए सबसे बड़ी कामयाबी ‘इकोनॉमिक कैपेसिटी’ (आर्थिक क्षमता) के मामले में रही, जहां भारत ने 100 में से पूरे 100 अंक हासिल कर टॉप पोजीशन पाई है। लगातार तीन सालों तक G-20 देशों में सबसे तेजी से बढ़ती इकोनॉमी बने रहना, मजबूत जीडीपी ग्रोथ और लेबर मार्केट व बुनियादी ढांचे में भारी निवेश की वजह से भारत को यह मुकाम मिला है।

भारत की खुशहाली में दो पायदान की छलांग
वैश्विक खुशहाली सूचकांक में भारत अब 116वें स्थान पर पहुंच गया है। इससे पहले साल 2024 में भारत 126वें और 2025 में 118वें स्थान पर था। यानी लगातार तीसरे साल भारत की रैंकिंग में सुधार दर्ज किया गया है। यह मोदी सरकार की लोक-केंद्रित नीतियों, विशेषकर बुजुर्गों के लिए स्वास्थ्य सुरक्षा और ‘ईज ऑफ लिविंग’ की दिशा में उठाए गए ठोस कदमों का परिणाम है। रिपोर्ट यह भी दिखाता है कि 2020 में 144 स्थान पर रहने वाला भारत अब धीरे-धीरे बेहतर स्थिति की ओर बढ़ रहा है। हालांकि, अभी भी खुशहाली के पैमाने पर भारत को लंबा सफर तय करना है, लेकिन मौजूदा रुझान सकारात्मक संकेत दे रहे हैं। अगर यही गति बनी रही, तो आने वाले वर्षों में भारत टॉप 100 देशों में जगह बना सकता है। वैश्विक स्तर पर, फिनलैंड एक बार फिर दुनिया का सबसे खुशहाल देश बना है। यह लगातार 9वीं बार है जब फिनलैंड ने पहला स्थान हासिल किया है। इसके बाद आइसलैंड दूसरे और डेनमार्क तीसरे स्थान पर हैं।
एआई पावर रैंकिंग में तीसरे नंबर पर पहुंचा भारत
प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में देश लगातार नई ऊंचाइयों को छू रहा है। अब देश ने आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस यानी AI के मैदान में बड़ा मुकाम हासिल कर लिया है। हाल ही में Stanford University के Institute for Human-Centered Artificial Intelligence की रिपोर्ट में खुलासा हुआ है कि भारत दुनिया का तीसरा सबसे मजबूत AI देश बन गया है। रिपोर्ट के मुताबिक एआई पावर रैंकिंग भारत ने सिर्फ एक साल में सातवें स्थान से सीधे तीसरे स्थान पर छलांग लगाई है। अमेरिका और चीन के बाद अब भारत AI तैयारी और उसके प्रसार में तीसरे पायदान पर खड़ा है। सबसे खास बात ये है कि भारत ने ब्रिटेन, जापान, जर्मनी, सिंगापुर और दक्षिण कोरिया जैसे विकसित देशों को पीछे छोड़ दिया है। ये उपलब्धि दिखाती है कि मोदी सरकार की डिजिटल और टेक नीतियां जमीन पर असर दिखा रही हैं।

इस एआई पावर इंडेक्स में देशों को 0 से 100 अंकों के स्केल पर आंका गया। इसमें एआई रिसर्च और डेवलपमेंट, टैलेंट और स्किल्स, निवेश और स्टार्टअप इकोसिस्टम, कंप्यूटिंग इंफ्रास्ट्रक्चर, सरकारी नीतियां और एआई अपनाने की रफ्तार जैसे पैमानों को शामिल किया गया। भारत इस एआई पावर इंडेक्स में टॉप-3 में शामिल एकमात्र निम्न-मध्य आय वाला देश है। रिपोर्ट के अनुसार भारत में एआई स्किल का प्रसार दुनिया में सबसे ज्यादा है। अब एआई ज्ञान सिर्फ बड़ी कंपनियों या रिसर्च लैब तक सीमित नहीं है, बल्कि हजारों इंजीनियर, डेवलपर और टेक प्रोफेशनल्स इससे जुड़ चुके हैं। एआई टैलेंट बेस के मामले में भारत दुनिया में दूसरे स्थान पर है। इतना ही नहीं, GitHub पर वैश्विक एआई प्रोजेक्ट्स में योगदान के मामले में भी भारत दूसरे नंबर पर पहुंच गया है।
भारतीय पासपोर्ट का बढ़ा दबदबा, रैंकिंग में 10 पायदान की छलांग
प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में भारत की वैश्विक साख और मजबूत हुई है। मोदी सरकार आने के बाद से भारत की तमाम रैंकिंग में सुधार हुआ है। इसी क्रम में भारतीय पासपोर्ट की ताकत में जबरदस्त सुधार हुआ है। लंदन स्थित हेनली पासपोर्ट इंडेक्स (Henley Passport Index) की फरवरी 2026 की ताजा रैंकिंग में भारतीय पासपोर्ट ने 10 पायदान की लंबी छलांग लगाते हुए 75वां स्थान हासिल किया है। पिछले साल भारत 85वें स्थान पर था। मौजूदा रैंकिंग के अनुसार, भारतीय पासपोर्ट धारकों को 56 देशों में वीजा-फ्री, वीजा-ऑन-अराइवल या ई-ट्रैवल अथॉराइजेशन (ETA) की सुविधा मिलेगी।
वैश्विक सूची में सबसे ऊपर सिंगापुर है, जिसका पासपोर्ट 192 गंतव्यों में वीजा-फ्री प्रवेश की सुविधा देता है। दूसरे नंबर पर जापान और दक्षिण कोरिया संयुक्त रूप से हैं। तीसरे स्थान पर स्वीडन और संयुक्त अरब अमीरात हैं। फ्रांस, जर्मनी, इटली, स्पेन और स्विट्जरलैंड जैसे कई यूरोपीय देश चौथे स्थान पर हैं। इसके बाद ऑस्ट्रिया, ग्रीस, माल्टा और पुर्तगाल पांचवें स्थान पर हैं।

भारत के पासपोर्ट की ताकत बढ़ने के पीछे अहम वजह है – लगातार बढ़ती अंतरराष्ट्रीय साझेदारियां, आपसी वीजा समझौते और जी20, ब्रिक्स, आसियान जैसे बड़े मंचों पर भारत की सक्रिय भूमिका। यही सब दिखाता है कि भारत के रिश्ते दुनिया भर में मजबूत हो रहे हैं और अर्थव्यवस्था से लेकर रक्षा सहयोग तक, हर मोर्चे पर देश की अहमियत बढ़ी है।
भ्रष्टाचार सूचकांक में 5 पायदान ऊपर चढ़ा भारत
हाल ही में 10 फरवरी को जारी हुई ‘करप्शन परसेप्शन इंडेक्स (CPI) 2025’ में भारत ने भ्रष्टाचार के खिलाफ अपनी लड़ाई में लंबी छलांग लगाई। वैश्विक गैर सरकारी संगठन ‘ट्रांसपेरेंसी इंटरनेशनल’ की ताजा रिपोर्ट के अनुसार, भारत ने दुनिया के 182 देशों के बीच 91वां स्थान हासिल किया है। पिछले साल भारत 96वें स्थान पर था। 5 पायदान के इस सुधार को वैश्विक मंच पर भारत की बढ़ती पारदर्शिता और सुशासन के प्रमाण के रूप में देखा जा रहा है। सरकारी सेवाओं का डिजिटलीकरण, डायरेक्ट बेनिफिट ट्रांसफर (DBT) और सिस्टम में बिचौलियों को खत्म करने जैसी नीतियों के कारण भारत की रैंकिंग में यह सुधार आया है। CPI इंडेक्स में किसी भी देश को 0 से 100 के बीच स्कोर दिया जाता है। यहां 0 का मतलब ‘अत्यधिक भ्रष्ट’ और 100 का मतलब ‘बेहद ईमानदार’ होता है। भारत के स्कोर में पिछले साल के मुकाबले 1 अंक की बढ़ोतरी दर्ज की गई है, जो यह दर्शाता है कि सार्वजनिक क्षेत्रों में भ्रष्टाचार को रोकने के प्रयास सफल हो रहे हैं। वैश्विक स्तर पर डेनमार्क 89 अंकों के साथ पहले स्थान पर कायम है। इसके बाद फिनलैंड और सिंगापुर का नंबर आता है। अमेरिका को 29वां और ब्रिटेन को 20वां स्थान मिला है।

ग्लोबल फायरपावर इंडेक्स 2026 में चौथे स्थान पर भारत
ग्लोबल फायरपावर इंडेक्स (GFP) 2026 की ताजा रिपोर्ट में भारत को दुनिया की चौथी सबसे शक्तिशाली सैन्य शक्ति के रूप में स्थान मिला है। रिपोर्ट के अनुसार, अमेरिका 0.0741 के पावर इंडेक्स स्कोर के साथ पहले स्थान पर बना हुआ है। इसके बाद रूस 0.0791 के स्कोर के साथ दूसरे और चीन 0.0919 के स्कोर के साथ तीसरे स्थान पर है। भारत ने 0.1346 के स्कोर के साथ चौथा स्थान बरकरार रखा है। ग्लोबल फायरपावर इंडेक्स के मुताबिक, भारत की यह मजबूत स्थिति उसकी विशाल सैन्य संख्या, तीनों सेनाओं की क्षमता, बेहतर लॉजिस्टिक सपोर्ट और रक्षा क्षेत्र में बढ़ते स्वदेशीकरण का परिणाम है। ‘मेक इन इंडिया’ पहल के तहत रक्षा उत्पादन में आत्मनिर्भरता बढ़ने से भारत की सैन्य तैयारियों को नई मजबूती मिली है। वहीं, पड़ोसी देश पाकिस्तान की स्थिति में गिरावट दर्ज की गई है। वर्ष 2024 में नौवें स्थान पर रहने वाला पाकिस्तान 2026 की रैंकिंग में फिसलकर 14वें स्थान पर पहुंच गया है।

रिस्पॉन्सिबल नेशंस इंडेक्स में 16वें स्थान पर भारत
भारत ने वैश्विक मंच पर एक बार फिर अपनी मजबूत मौजूदगी दर्ज कराई है। दुनिया अब सिर्फ किसी देश की जीडीपी या हथियारों की ताकत से उसे नहीं तौलेगी, भारत ने दुनिया को मापने का एक नया ‘नैतिक पैमाना’ पेश कर दिया है। नई दिल्ली में ‘रिस्पॉन्सिबल नेशंस इंडेक्स’ (RNI) लॉन्च किया गया है। वर्ल्ड इंटेलेक्चुअल फाउंडेशन (WIF) द्वारा जारी यह इंडेक्स पारंपरिक रैंकिंग से बिल्कुल अलग है। यह आर्थिक समृद्धि के बजाय इस बात पर जोर देता है कि कौन सा देश पर्यावरण, सामाजिक कल्याण और नैतिक शासन के प्रति कितना गंभीर है।

इस रैंकिंग के सबसे चौंकाने वाले आंकड़े यह हैं कि दुनिया की महाशक्तियां भारत के मुकाबले काफी पीछे रह गई हैं। 154 देशों की इस सूची में भारत ने 16वां स्थान हासिल कर अपनी ‘ग्लोबल रिस्पॉन्सिबिलिटी’ साबित की है। रैंकिंग में अमेरिका और चीन जैसी बड़ी ताकतें काफी पीछे रह गई हैं। इसमें जापान 38वें, कनाडा 45वें, अमेरिका 66 वें और चीन 68वें पायदान पर है। 154 देशों की इस सूची में सिंगापुर पहले स्थान पर काबिज है, जबकि स्विट्जरलैंड दूसरे और डेनमार्क तीसरे स्थान पर रहा। इस इंडेक्स को तैयार करने में JNU और IIM मुंबई के विशेषज्ञों ने तीन साल तक कड़ी मेहनत की है। वर्ल्ड इंटेलेक्चुअल फाउंडेशन के संस्थापक सुधांशु मित्तल ने बताया कि यह इंडेक्स दुनिया के सोचने के तरीके को बदल देगा। यह डेटा साफ तौर पर दिखाता है कि जिम्मेदारी के मामले में भारत एक ‘वैश्विक गुरु’ के रूप में उभर रहा है।
सबसे ज्यादा वन क्षेत्र के मामले में दुनिया में 9वें स्थान पर पहुंचा भारत
मोदी सरकार आने के बाद से भारत की तमाम रैंकिंग में सुधार हुआ है। भारत ने हाल ही में पर्यावरण की दिशा में एक बड़ी उपलब्धि हासिल की है। खाद्य एवं कृषि संगठन (एफएओ) की ओर से बाली में जारी ग्लोबल फॉरेस्ट रिसोर्स असेसमेंट (GFRA) 2025 रिपोर्ट के अनुसार, भारत दुनिया में सबसे ज्यादा वन क्षेत्र वाले देशों में 9वें नंबर पर पहुंच गया है। पिछली बार भारत 10वें नंबर पर था। केंद्रीय पर्यावरण, वन और जलवायु परिवर्तन मंत्री भूपेंद्र यादव ने इस उपलब्धि की जानकारी देते हुए कहा कि यह प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में शुरू किए गए वनीकरण और पर्यावरण संरक्षण अभियानों का नतीजा हैं। उन्होंने बताया कि भारत ने सालाना वन क्षेत्र बढ़ाने के मामले में भी दुनिया में तीसरा स्थान कायम रखा है। उन्होंने कहा कि ‘एक पेड़ मां के नाम’ जैसी पहल ने लोगों को बड़े पैमाने पर पेड़ लगाने के लिए प्रेरित किया है। देशभर में लोग अब पर्यावरण संरक्षण को अपनी जिम्मेदारी मानकर जुड़ रहे हैं, जिससे वन क्षेत्र लगातार बढ़ रहा है। सरकार का मानना है कि राज्यों के वृक्षारोपण अभियानों और लोगों की बढ़ती भागीदारी की वजह से भारत आज दुनिया में पर्यावरण संरक्षण की दिशा में अग्रणी भूमिका निभा रहा है।
India is Top 9 in the Global Forest Assessment 2025 🌳🌲
Here is a reason to rejoice for all Indians. We have achieved 9th rank in terms of forest area at the global level as compared to 10th spot in the previous assessment. We have also maintained our 3rd position globally in… pic.twitter.com/nDC5uzPuNi
— Bhupender Yadav (@byadavbjp) October 22, 2025
वैश्विक प्रत्यक्ष बिक्री रैंकिंग में 11वें स्थान पर पहुंचा भारत
प्रत्यक्ष बिक्री उद्योग में 3.23 अरब डॉलर से ज्यादा के खुदरा कारोबार के साथ भारत वैश्विक प्रत्यक्ष बिक्री रैंकिंग में 11वें स्थान पर पहुंच गया है। वर्ल्ड फेडरेशन ऑफ डायरेक्ट सेलिंग एसोसिएशन की रिपोर्ट के अनुसार भारत की रैंकिंग में एक पायदान का सुधार हुआ है। रिपोर्ट के मुताबिक, एशिया-प्रशांत क्षेत्र रैंकिंग में भारत छठे स्थान पर बना हुआ है। इंडियन डायरेक्ट सेलिंग एसोसिएशन (आईडीएसए) के अध्यक्ष रजत बनर्जी ने कहा कि भारतीय प्रत्यक्ष बिक्री बाजार ने तीन वर्षों में 13.3 प्रतिशत की चक्रवृद्धि वार्षिक वृद्धि दर हासिल की है।
मजबूत ग्रोथ के बीच कारोबारी भरोसा सूचकांक बढ़कर 66.1 पर
भारतीय उद्योग परिसंघ (सीआईआई) का कारोबारी विश्वास सूचकांक (बिजनेस कॉन्फिडेंस इंडेक्स) बढ़कर 66.1 हो गया है। मांग में सुधार से कई क्षेत्रों में क्षमता इस्तेमाल बढ़ा है जिससे निजी निवेश को और रफ्तार मिलेगी।
पेटेंट दाखिल कराने में भारत विश्व स्तर पर सातवें स्थान पर
भारत में पिछले 11 साल में पहली बार घरेलू पेटेंट फाइलिंग की संख्या विदेशी फाइलिंग से ज्यादा है। यह भारत की बढ़ती वैज्ञानिक शक्ति को दर्शाता है। पेटेंट दाखिल कराने में भारत की रैंक विश्व स्तर पर सातवीं है जबकि ट्रेडमार्क पंजीकरण में यह पांचवें स्थान पर है। पिछले पांच वर्षों में भारत के पेटेंट पंजीकरण में 50 प्रतिशत की वृद्धि हुई है।
बौद्धिक संपदा रैंकिंग में सुधार,आईपी स्कोर बढ़कर 38.6 प्रतिशत पर
यूएस चैंबर्स ऑफ कॉमर्स की ओर से बौद्धिक संपदा अधिकार व्यवस्था पर जारी एक वार्षिक रिपोर्ट के अनुसार भारत ने अपने समग्र आईपी स्कोर में 38.4 प्रतिशत से 38.6 प्रतिशत तक सुधार किया और अंतरराष्ट्रीय बौद्धिक संपदा सूचकांक में 55 देशों में से 43 वें स्थान पर पहुंच गया। यूएस चैंबर्स ऑफ कॉमर्स के ग्लोबल इनोवेशन पॉलिसी सेंटर की रिपोर्ट में कहा गया कि यह संकेतक 32 पर स्कोर वृद्धि को दर्शाता है। रिपोर्ट में कहा गया कि यह समीक्षा स्वागत योग्य है और भारत के राष्ट्रीय आईपी पर्यावरण की ताकत और कमजोरियों का व्यापक और विस्तृत अध्ययन प्रस्तुत करती है। रिपोर्ट के मुताबिक, इनोवेटर्स और क्रिएटर्स बेहतरीन और उज्ज्वल कल देने के लिए लगातार होड़ कर रहे हैं।
भारत बना दुनिया का दूसरा सबसे आकर्षक मैन्युफैक्चरिंग हब
अमेरिका को पीछे छोड़ते हुए भारत दुनिया का दूसरा सबसे आकर्षक मैन्युफैक्चरिंग हब बन गया। रियल एस्टेट कंसल्टेंट कुशमैन एंड वेकफील्ड के मुताबिक, चीन के बाद भारत दूसरे स्थान पर पहुंच गया। पिछले साल की रिपोर्ट में अमेरिका दूसरे और भारत तीसरे स्थान पर था। इस रैंकिंग से पता चलता है कि अमेरिका और एशिया-प्रशांत क्षेत्र की तुलना में मैन्युफैक्चरर भारत को ज्यादा पसंद कर रहे हैं। यह इंडेक्स यूरोप, अमेरिका और एशिया-पैसेफिक (एपीएसी) के 47 देशों में से ग्लोबल मैन्युफैक्चरिंग के लिए आकर्षक या प्रॉफिटेबल डेस्टिनेशन की रैंकिंग करता है।









