Home विशेष भारत के बढ़ते सामर्थ्य से बेचैन चीन, ऑपरेशन सिंदूर में पाक से...

भारत के बढ़ते सामर्थ्य से बेचैन चीन, ऑपरेशन सिंदूर में पाक से गठजोड़ का भी अमेरिकी आयोग की रिपोर्ट में खुलासा

SHARE

प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के विजनरी नेतृत्व में भारत पिछले 12 साल में विकास की नित-नई ऊंचाइयों को छू रहा है। भारत की आर्थिक, सामरिक और तकनीकी शक्ति का विस्तार अब केवल दक्षिण एशिया की राजनीति तक सीमित विषय नहीं रह गया है, बल्कि वैश्विक शक्ति-संतुलन की दिशा तय करने वाले महत्वपूर्ण कारक के रूप में उभर रहा है। इकोनॉमी से लेकर इंफ्रा और सिम से लेकर स्पेस तक हर सेक्टर में देश नए रिकार्ड बना रहा है। भारत की बढ़ती अर्थव्यवस्था, मजबूत सैन्य क्षमता, औद्योगिक विस्तार, तकनीकी नवाचार और हिंद महासागर क्षेत्र में बढ़ती रणनीतिक भूमिका ने चीन की चिंताओं को गहरा किया है। अमेरिकी कांग्रेस के आयोग की एक रिपोर्ट में चीन की भारत को रोकने की बहुआयामी रणनीति, पाकिस्तान के साथ सैन्य साझेदारी और ऑपरेशन सिंदूर के दौरान तकनीकी सहयोग के नए खुलासे सामने आए हैं। इस आकलन को अमेरिकी कांग्रेस से जुड़े एक आयोग की वार्षिक रिपोर्ट ने भी अपने विश्लेषण में रेखांकित किया है। ऑपरेशन सिंदूर के दौरान पाकिस्तान को चीन की ओर से मिले सैन्य उपकरणों, तकनीकी सहायता और रणनीतिक समर्थन का उल्लेख इस रिपोर्ट का विशेष रूप से महत्वपूर्ण हिस्सा है।चीन-पाक गठजोड़ केवल हथियारों की आपूर्ति तक सीमित नहीं
इस रिपोर्ट में दावा किया गया है कि चीन भारत के उभार को केवल एक पड़ोसी देश की प्रगति के रूप में नहीं देखता, बल्कि उसे एशिया और हिंद-प्रशांत क्षेत्र में अपनी रणनीतिक स्थिति के लिए चुनौती मानता है। इसी कारण बीजिंग सैन्य, आर्थिक, समुद्री, तकनीकी और कूटनीतिक मोर्चों पर भारत की बढ़ती क्षमता को सीमित करने की कोशिश कर रहा है। अमेरिकी आयोग के अनुसार, चीन ने सीधे युद्ध में शामिल हुए बिना पाकिस्तान की सैन्य क्षमता को मजबूत करने का प्रयास किया, जिससे भारत की सैन्य रणनीति और संसाधनों पर अतिरिक्त दबाव पड़ा। रिपोर्ट यह भी बताती है कि चीन-पाकिस्तान गठजोड़ अब केवल हथियारों की आपूर्ति तक सीमित नहीं है, बल्कि भारत के सामने संभावित दो-मोर्चे की चुनौती को अधिक गंभीर बनाने वाला रणनीतिक समीकरण बन चुका है। यह आकलन भारत की सुरक्षा, आर्थिक आत्मनिर्भरता और भविष्य की विदेश नीति के लिए महत्वपूर्ण संकेत है।अमेरिकी कांग्रेस का आयोग और उसकी रिपोर्ट का महत्व
यह रिपोर्ट यूएस-चाइना इकोनॉमिक एंड सिक्योरिटी रिव्यू कमीशन (USCC) की है। यह अमेरिकी कांग्रेस द्वारा गठित एक आयोग है, जो चीन के आर्थिक, सुरक्षा और रणनीतिक प्रभावों का अध्ययन कर विश्लेषण तथा नीतिगत सुझाव देता है। आयोग की 2026 की वार्षिक रिपोर्ट हाल ही में जारी हुई है। इसमें “China’s Other Front: India and the Future of US Strategy in the Indo-Pacific” शीर्षक से एक विस्तृत अध्याय भारत, चीन और हिंद-प्रशांत क्षेत्र के रणनीतिक समीकरणों पर केंद्रित है। इस रिपोर्ट का अधिक महत्व इसलिए भी है कि भारत और चीन के संबंधों का आकलन केवल सीमा विवाद, व्यापार असंतुलन या कूटनीतिक तनाव के आधार पर नहीं किया गया, बल्कि चीन की व्यापक रणनीति, पाकिस्तान के साथ सैन्य संबंधों, भारतीय महासागर क्षेत्र, औद्योगिक आपूर्ति श्रृंखलाओं और भारत की बढ़ती वैश्विक भूमिका को एक साथ जोड़कर देखा गया है। आयोग ने भारत को उन चुनिंदा देशों में माना है, जो अमेरिकी गठबंधन व्यवस्था से बाहर रहते हुए भी चीन के साथ दीर्घकालिक रणनीतिक प्रतिस्पर्धा को प्रभावित करने की क्षमता रखते हैं। रिपोर्ट का केंद्रीय संदेश है कि भारत का बढ़ता सामर्थ्य बीजिंग के रणनीतिक गणित में महत्वपूर्ण स्थान रखता है।

भारत के उभार को आखिरकार चीन क्यों रोकना चाहता है?
चीन की बेचैनी का मूल कारण भारत की बदलती वैश्विक स्थिति है। भारत दुनिया का सबसे अधिक आबादी वाला देश, एक बड़ा लोकतंत्र, परमाणु शक्तिसम्पन्न और दुनिया की प्रमुख सैन्य शक्तियों में शामिल है। पिछले 12 साल से देश का नेतृत्व पीएम मोदी जिस रणनीतिक कुशलता से कर रहे हैं, उससे चीन को लगता है कि विकसित राष्ट्र बनने की ओर भारत के कदम तेजी से बढ़ रहे हैं। इसके साथ ही भारतीय अर्थव्यवस्था का आकार, डिजिटल तकनीक, अंतरिक्ष कार्यक्रम, रक्षा उत्पादन, बुनियादी ढांचे और औद्योगिक क्षमताओं में विस्तार भारत को आने वाले दशकों में वैश्विक शक्ति-संतुलन का निर्णायक खिलाड़ी बना सकता है।भारत के तेज आर्थिक और सैन्य विस्तार पर चीन की नजरें
अमेरिकी आयोग के अनुसार, चीन भारत को केवल पश्चिमी प्रशांत क्षेत्र में अमेरिकी प्रतिस्पर्धा का सहयोगी नहीं, बल्कि अपने पड़ोस में एक स्वतंत्र रणनीतिक शक्ति के रूप में देखता है। भारत की लगभग 2,100 मील लंबी सीमा चीन के साथ है और हिंद महासागर में भारत की भौगोलिक स्थिति उसे चीन के व्यापार तथा ऊर्जा आपूर्ति मार्गों के आसपास महत्वपूर्ण रणनीतिक भूमिका देती है। बीजिंग को इस बात का अहसास है कि भारत का आर्थिक और सैन्य विस्तार भविष्य में उसकी क्षेत्रीय रणनीति को प्रभावित कर सकता है। इसलिए चीन भारत की क्षमताओं को सीमित रखने के लिए विभिन्न मोर्चों पर दबाव बनाए रखने की नीति अपना रहा है।

चीन से चार साल में 81 प्रतिशत हथियारों का पाक में आयात
हालांकि यह अब कोई छुपा हुआ तथ्य नहीं है कि चीन और पाकिस्तान की मदद दशकों से कर रहा है। दोनों देशों के बीच यह साझेदारी केवल कूटनीतिक समर्थन तक सीमित नहीं, बल्कि रक्षा उत्पादन, सैन्य उपकरण, विमान, मिसाइल प्रणालियों, नौसैनिक सहयोग और तकनीकी सहयोग तक विस्तृत है। अमेरिकी आयोग ने अपनी रिपोर्ट में इस रिश्ते को भारत के सामने संभावित दो-मोर्चे की चुनौती के संदर्भ में अहम बताया है। रिपोर्ट के अनुसार, 2020 से 2024 के बीच पाकिस्तान के हथियार आयात का 81 प्रतिशत चीन से आया था। यह आंकड़ा दोनों देशों के बीच सैन्य निर्भरता की गहराई को दर्शाता है। चीन पाकिस्तान को सैन्य उपकरण उपलब्ध कराकर भारत के साथ क्षेत्रीय शक्ति-संतुलन में पाकिस्तान की भूमिका मजबूत करता है। आयोग का आकलन है कि इस सहयोग से चीन भारत के सामने एक ऐसी सुरक्षा चुनौती बनाए रखना चाहता है, जिसमें उसे स्वयं सीधे सैन्य संघर्ष में उतरने की आवश्यकता नहीं पड़ती।ऑपरेशन सिंदूर में चीन की भूमिका पर क्या कहती है रिपोर्ट?
ऑपरेशन सिंदूर को लेकर अमेरिकी आयोग की रिपोर्ट का सबसे महत्वपूर्ण दावा यही है कि चीन ने मई 2025 के भारत-पाकिस्तान सैन्य संघर्ष के दौरान पाकिस्तान को अपनी सैन्य क्षमता के माध्यम से समर्थन दिया। रिपोर्ट के अनुसार, पाकिस्तान ने संघर्ष के दौरान चीन से प्राप्त उन्नत सैन्य हथियारों और उपकरणों का इस्तेमाल किया। इससे यह स्पष्ट हुआ कि चीन अपनी रक्षा साझेदारी के जरिए किसी भी संकट के समय पाकिस्तान की सैन्य क्षमता को मजबूत कर सकता है। चीन स्वयं भारत के खिलाफ सीधे युद्ध में बचना चाहता है। रिपोर्ट में यह भी उल्लेख किया गया है कि चीन की सैन्य साझेदारी पाकिस्तान को संकट के दौरान सहायता देने का एक ऐसा माध्यम बन सकती है, जो भारत की सैन्य योजना और संसाधनों को प्रभावित करे। आयोग के आकलन में इस समर्थन ने भारत के लिए दो-मोर्चे की चुनौती को और अधिक जटिल बना दिया है।चीनी तकनीकी विशेषज्ञों की मौजूदगी और सैन्य सहायता का दावा
यह इसलिए भी महत्वपूर्ण है कि ऑपरेशन सिंदूर केवल भारत और पाकिस्तान के बीच सैन्य कार्रवाई का प्रसंग नहीं था, बल्कि इसने क्षेत्रीय सैन्य साझेदारियों, हथियार प्रणालियों और तकनीकी समर्थन की भूमिका को भी उजागर किया। अमेरिकी आयोग का यह आकलन उसके उपलब्ध स्रोतों और विश्लेषण पर आधारित है। रिपोर्ट में चीन की तकनीकी भूमिका का एक और उल्लेख किया गया है। इसमें मई 2026 में चीनी सरकारी प्रसारण माध्यम CCTV पर प्रसारित एक साक्षात्कार का हवाला दिया गया है, जिसमें चीन के विमान डिजाइन संस्थान से जुड़े इंजीनियर झांग हेंग ने कथित तौर पर पुष्टि की कि AVIC के कुछ कर्मियों ने मई 2025 के संघर्ष के दौरान पाकिस्तान में मौके पर तकनीकी सहायता प्रदान की थी। अमेरिकी आयोग ने इस जानकारी को चीन-पाकिस्तान रक्षा सहयोग के एक महत्वपूर्ण उदाहरण के रूप में प्रस्तुत किया है।ऑपरेशन सिंदूर के दौरान साइबर हमले और सूचना युद्ध का नया मोर्चा
इस दावे का रणनीतिक महत्व केवल हथियारों की आपूर्ति तक सीमित नहीं है। आधुनिक युद्ध में हथियारों की तकनीकी देखरेख, रखरखाव, प्रणालियों का संचालन, संचार, सेंसर और तकनीकी विशेषज्ञता भी बेहद अहम भूमिका निभाते हैं। यदि किसी देश को युद्ध के दौरान अपने हथियारों के निर्माता देश से तकनीकी सहयोग मिलता है, तो उसकी सैन्य क्षमता और संचालन संबंधी दक्षता पर इसका प्रभाव पड़ सकता है। यह भी सच है कि रिपोर्ट में तकनीकी सहायता की वास्तविक सीमा, स्वरूप और विस्तृत गतिविधियों का स्वतंत्र प्रमाण प्रस्तुत नहीं किया गया है, लेकिन आयोग इसे चीन-पाकिस्तान सैन्य साझेदारी की गहराई का संकेत मानता है। अमेरिकी आयोग ने ऑपरेशन सिंदूर के दौरान भारत के सरकारी आईटी सिस्टम, दूरसंचार और डिजिटल सेवाओं को निशाना बनाने वाले साइबर हमलों का भी उल्लेख किया है। रिपोर्ट के अनुसार, भारत के महत्वपूर्ण नेटवर्क को बाधित करने के उद्देश्य से बड़े पैमाने पर डिस्ट्रिब्यूटेड डिनायल ऑफ सर्विस (DDoS) हमलों की कोशिश की गई। आयोग ने विशेषज्ञों के हवाले से दावा किया है कि  अत्याधुनिक साइबर हमलों के चीन से जुड़े होने की संभावना है।

अमेरिकी रिपोर्ट ने चीन से जुड़े ऑनलाइन दुष्प्रचार अभियान का भी जिक्र
इससे ही पता चलता है कि आधुनिक युद्ध अब केवल सीमा, हवाई क्षेत्र या मिसाइलों तक सीमित नहीं रह गया है। डिजिटल नेटवर्क, दूरसंचार, सरकारी सेवाएं, वित्तीय प्रणालियां और सूचना तंत्र भी युद्ध के संभावित लक्ष्य बन सकते हैं। भारत के लिए साइबर सुरक्षा, तकनीकी आत्मनिर्भरता और महत्वपूर्ण डिजिटल बुनियादी ढांचे की सुरक्षा अब राष्ट्रीय सुरक्षा का अनिवार्य हिस्सा है। अमेरिकी रिपोर्ट ने चीन से जुड़े ऑनलाइन दुष्प्रचार अभियान का भी जिक्र किया, जिसमें भारत के फ्रांसीसी निर्मित राफेल लड़ाकू विमानों को लेकर भ्रामक सामग्री फैलाने और चीन के विमानों को प्रचारित करने की कोशिशों के बारे में बताया गया है।

सीमा पर सैन्य दबाव और हिंद महासागर में चीन की रणनीति
अमेरिकी आयोग ने भारत-चीन सीमा के आसपास चीन द्वारा विकसित किए जा रहे बुनियादी ढांचे का भी जिक्र किया है। सीमा क्षेत्र में एयरफील्ड, रेलवे, सड़कें और सैन्य लॉजिस्टिक्स नेटवर्क का विस्तार चीन की सेना को तेजी से सैनिकों और संसाधनों की तैनाती करने में सक्षम बनाता है। हिंद महासागर में चीन की गतिविधियां पर भी भारत की सतर्क नजरें हैं। भारतीय महासागर क्षेत्र भारत की ऊर्जा सुरक्षा, व्यापार और समुद्री हितों के लिए अत्यंत महत्वपूर्ण है। चीन की नौसैनिक गतिविधियां और समुद्री नेटवर्क इस क्षेत्र में शक्ति-संतुलन को प्रभावित कर सकते हैं। रिपोर्ट में भारतीय महासागर क्षेत्र में चीन की गतिविधियों की निगरानी, समुद्री जानकारी साझा करने और भारत के साथ रक्षा सहयोग बढ़ाने की आवश्यकता पर जोर दिया गया है।भारत का विकास चीन के साथ अमेरिका के लिए भी महत्वपूर्ण
अमेरिकी आयोग की रिपोर्ट में भारत को चीन के साथ रणनीतिक प्रतिस्पर्धा में एक महत्वपूर्ण शक्ति के रूप में देखा गया है। अमेरिका के लिए भारत का मजबूत आर्थिक और औद्योगिक आधार एशिया में शक्ति-संतुलन बनाने में मददगार हो सकता है। भारत की विनिर्माण क्षमता, तकनीकी प्रतिभा, बाजार और समुद्री स्थिति अमेरिकी रणनीतिक हितों के लिए भी अहम हैं। रिपोर्ट ने भारत के साथ रक्षा सहयोग, खुफिया जानकारी साझा करने, हिंद महासागर क्षेत्र में समुद्री निगरानी, औद्योगिक सहयोग और फार्मास्यूटिकल आपूर्ति श्रृंखलाओं को मजबूत करने की सिफारिश की है। साथ ही, भारत की रणनीतिक स्वायत्तता को भी महत्वपूर्ण माना है। भारत अपनी विदेश नीति और राष्ट्रीय हितों के आधार पर निर्णय लेने वाला देश है, जो किसी एक गठबंधन की सीमाओं में बंधकर अपनी रणनीति तय नहीं करता। भारत का विकास अमेरिका के लिए भी आर्थिक अवसर पैदा कर सकता है। क्योंकि वैश्विक कंपनियों के लिए भारत एक बड़ा बाजार और विनिर्माण केंद्र है।

Leave a Reply