किसी देश की विकास यात्रा केवल उसकी आर्थिक प्रगति, बड़ी परियोजनाओं और उपलब्धियों से ही नहीं बनती, बल्कि उन अनुभवों से भी बनती है जिनसे गुजरकर उसकी शासन व्यवस्था मजबूत होती है। सुशासन के लिए नीतियां कैसे बनती हैं, कठिन परिस्थितियों में निर्णय कैसे लिए जाते हैं, प्रशासनिक तंत्र को लक्ष्य के अनुरूप कैसे सक्रिय किया जाता है और सरकारी योजनाओं का लाभ समाज के अंतिम छोर तक कैसे पहुंचाया जाता है, ये ऐसे सवाल हैं जिनका जवाब केवल किताबों के सिद्धांतों से नहीं मिल सकता। इसके लिए वास्तविक अनुभवों और उनके अध्ययन की जरूरत होती है। इसी दिशा में नीति आयोग ने एक महत्वपूर्ण पहल की है। नरेंद्र मोदी के मुख्यमंत्री से लेकर प्रधानमंत्री के रूप में 25 वर्षों के अनुभवों को संकलित कर उन्हें अनुसंधान, केस स्टडी और शिक्षण सामग्री के रूप में विकसित करने का निर्णय लिया गया है। अक्टूबर 2001 में गुजरात के मुख्यमंत्री के रूप में शुरू हुई यह यात्रा मई 2014 में देश के प्रधानमंत्री के रूप में आगे बढ़ी। अब इस लंबे प्रशासनिक अनुभव को संस्थागत ज्ञान के रूप में अगली पीढ़ी तक पहुंचाने की तैयारी शुरू हो गई है। इससे युवाओं के लिए सीखने का नया रास्ता खुलेगा।
विश्वविद्यालयों और अन्य शैक्षणिक संस्थानों के साथ शोध को भी फायदा
नीति आयोग ने हाल ही में नई दिल्ली के भारत मंडपम में ‘मिशन के रूप में नेतृत्व’ विषय पर पांच राष्ट्रीय कार्यशालाओं की श्रृंखला की पहली कार्यशाला आयोजित की है। इसका उद्देश्य प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी पिछले 25 वर्षों के नेतृत्व से प्राप्त अनुभवों और सीख को सार्वजनिक ज्ञान का हिस्सा बनाना है। इस कार्यशाला में 900 से अधिक प्रतिभागियों ने हिस्सा लिया, जिनमें 250 ने विचार-विमर्श में सीधे भागीदारी की। केंद्र और राज्य सरकारों के वरिष्ठ अधिकारियों, आकांक्षी जिलों के जिलाधिकारियों, विश्वविद्यालयों और शैक्षणिक संस्थानों के विद्यार्थियों, सामाजिक भागीदारों तथा सरकारी योजनाओं के लाभार्थियों ने इसमें अपने अनुभव और विचार साझा किए। इस वर्कशॉप में में हुई चर्चा और प्रत्यक्ष अनुभवों को केस स्टडी तथा शिक्षण सामग्री के रूप में विकसित किया जाएगा। इनका उपयोग सिविल सेवा प्रशिक्षण संस्थानों, विश्वविद्यालयों और अन्य शैक्षणिक संस्थानों में किया जा सकेगा। यानी शासन के अनुभव अब केवल सरकारी दस्तावेजों तक सीमित नहीं रहेंगे, बल्कि देश के शैक्षणिक और शोध जगत के लिए भी उपलब्ध होंगे।
पांच राष्ट्रीय कार्यशालाओं के जरिए दर्ज होगी 25 वर्षों की यात्रा
नीति आयोग की इस अभिनव पहल को पांच राष्ट्रीय कार्यशालाओं के माध्यम से आगे बढ़ाया जाएगा। ‘मिशन के रूप में नेतृत्व’ के बाद जनवरी 2027 में ‘सेवा वितरण के रूप में शासन’, अप्रैल 2027 में ‘समावेशन के रूप में विकास’, जुलाई 2027 में ‘सभ्यतागत पहचान’ और सितंबर 2027 में ‘वैश्विक शक्ति के रूप में भारत’ विषय पर कार्यशालाएं प्रस्तावित की गई हैं। इन विषयों का दायरा केवल प्रशासनिक कामकाज तक सीमित नहीं है। इनमें नेतृत्व की भूमिका, सरकारी सेवाओं की प्रभावी पहुंच, विकास में समाज के सभी वर्गों की भागीदारी, भारत की सांस्कृतिक पहचान और वैश्विक स्तर पर देश की भूमिका जैसे व्यापक पहलू शामिल हैं। इस तरह अलग-अलग क्षेत्रों में हुए अनुभवों को व्यवस्थित रूप से दर्ज करने और उनका अध्ययन करने का अवसर मिलेगा। यह शैक्षणिक सामग्री आने वाले समय में शासन, लोकनीति, प्रशासन, अर्थव्यवस्था और अंतरराष्ट्रीय संबंधों के विद्यार्थियों के लिए उपयोगी बन सकती है।
छात्रों के लिए किताबों से आगे वास्तविक शासन समझने का अवसर
इस पहल का सबसे प्रत्यक्ष लाभ विद्यार्थियों को मिलेगा। आमतौर पर प्रशासन और लोकनीति की पढ़ाई में विद्यार्थी सिद्धांतों, अवधारणाओं और ऐतिहासिक उदाहरणों के माध्यम से शासन व्यवस्था को समझते हैं। लेकिन जब उनके सामने किसी वास्तविक निर्णय की पृष्ठभूमि, उससे जुड़ी चुनौतियां, प्रशासनिक प्रक्रिया और उसके परिणामों का विस्तृत अध्ययन उपलब्ध होगा, तो उनकी समझ अधिक व्यावहारिक बनेगी। वे जान सकेंगे कि किसी योजना को जमीन पर उतारने में किन कठिनाइयों का सामना करना पड़ता है, अलग-अलग विभागों के बीच समन्वय कैसे बनाया जाता है और नागरिकों की भागीदारी किसी सरकारी कार्यक्रम को किस तरह व्यापक जनआंदोलन में बदल सकती है। इससे कक्षा में होने वाली चर्चा केवल सैद्धांतिक नहीं रहेगी। विद्यार्थी वास्तविक घटनाओं का विश्लेषण कर सकेंगे और समझ पाएंगे कि नीति निर्माण तथा उसके क्रियान्वयन के बीच कितनी महत्वपूर्ण कड़ी होती है।
देशभर के शोधार्थियों के लिए खुलेगा अध्ययन का नया क्षेत्र
इसके अलावा शोधार्थियों के लिए भी इसका विशेष महत्व होगा। पिछले 25 वर्षों में गुजरात सरकार और केंद्र सरकार के विभिन्न क्षेत्रों में लिए गए निर्णयों, उनके क्रियान्वयन और उनसे जुड़े संस्थागत अनुभवों का व्यवस्थित दस्तावेजीकरण होगा। इससे शोधार्थियों को अध्ययन के लिए नई सामग्री उपलब्ध होगी। शोधार्थी यह विश्लेषण कर सकेंगे कि किसी चुनौती के समाधान के लिए कौन-सी प्रशासनिक प्रक्रिया अपनाई गई, विभिन्न संस्थाओं ने किस प्रकार समन्वय किया और किसी पहल से समाज के अलग-अलग वर्गों पर क्या प्रभाव पड़ा? इससे लोक प्रशासन, विकास अध्ययन, राजनीतिक विज्ञान, अर्थशास्त्र और प्रबंधन जैसे विषयों में शोध के नए अवसर बन सकते हैं। क्योंकि इसमें अनुभव के साथ-साथ नीतियों की सीमाओं, चुनौतियों, क्रियान्वयन की कठिनाइयों और उनसे मिली सीख को भी शामिल किया जाएगा। ऐसा होने पर शोध सामग्री अधिक विश्वसनीय, संतुलित और उपयोगी बनेगी।
लखपति दीदी से स्पेस इकोनॉमी तक, वास्तविक अनुभव मिलेंगे
नई दिल्ली में हुई पहली कार्यशाला में ही शासन के कई महत्वपूर्ण पड़ावों को अध्ययन के उदाहरण के रूप में सामने रखा गया। वर्ष 2001 के भूकंप के बाद कच्छ के पुनर्निर्माण, कोविड-19 महामारी के दौरान देश की समन्वित प्रतिक्रिया, लखपति दीदी पहल और स्पेस इकोनॉमी में भारत की बढ़ती भागीदारी से जुड़े अनुभव इसमें साझा किए गए हैं। इन उदाहरणों में अलग-अलग तरह की प्रशासनिक चुनौतियां और उनके समाधान की प्रक्रियाएं शामिल हैं। कच्छ के पुनर्निर्माण से संकट के बाद पुनर्वास, जनभागीदारी और संस्थागत मजबूती को अध्ययन में शामिल किया गया। कोविड के अनुभव से केंद्र और राज्यों के बीच समन्वय, स्वास्थ्य व्यवस्था तथा संकट प्रबंधन की सीख और लखपति दीदी से महिला सशक्तीकरण और सरकारी योजनाओं को आजीविका से जोड़ने की प्रक्रिया समझी गई। वहीं अंतरिक्ष अर्थव्यवस्था का उदाहरण तकनीक, नवाचार और संस्थागत सुधारों के लिए महत्वपूर्ण है। ऐसे उदाहरण विद्यार्थियों को यह समझने में मदद करेंगे कि शासन का वास्तविक मूल्य नागरिकों के जीवन में आए बदलाव से तय होता है।
नेतृत्व के चार सूत्रों से आने वाली पीढ़ी को मिलेगी सही दिशा
नीति आयोग के मुख्य कार्यकारी अधिकारी अनुराग जैन ने पहली कार्यशाला में नेतृत्व की यात्रा से मिली चार प्रमुख सीखों के बारे में जानकारी दी। उन्होंने बताया कि पहली सीख यह कि व्यक्तिगत पद से अधिक महत्वपूर्ण उद्देश्य होना चाहिए और नेतृत्व का केंद्र सामूहिक लक्ष्य होना चाहिए। दूसरी, आदेश देने के बजाय सेवा की भावना को प्राथमिकता मिलनी चाहिए। इसके साथ ही अन्त्योदय की नीति पर चलते हुए शासन का लाभ कतार में खड़े अंतिम व्यक्ति तक पहुंचना चाहिए। तीसरी, आंतरिक दृढ़ विश्वास कठिन परिस्थितियों में मजबूती देता है और चुनौतियों और आपदा को सामाजिक परिवर्तन के अवसरों में बदल सकता है। चौथी सीख यह है कि सशक्तीकरण ऐसा होना चाहिए जो किसी एक व्यक्ति के नेतृत्व से आगे भी कायम रहे। इसके लिए मजबूत संस्थानों, सक्षम टीमों और टिकाऊ व्यवस्थाओं का निर्माण जरूरी है। ये सूत्र केवल प्रशासनिक अधिकारियों के लिए नहीं, बल्कि विद्यार्थियों, युवा प्रबंधकों, उद्यमियों और भविष्य में सार्वजनिक जीवन में आने की इच्छा रखने वाले युवाओं के लिए भी उपयोगी हो सकते हैं।
युवाओं में तेजी से बढ़ेगी राष्ट्र निर्माण में भागीदारी की प्रेरणा
नीति आयोग का एक बड़ा उद्देश्य शासन के अनुभवों को अगली पीढ़ी के लिए प्रेरणा और सीख का माध्यम बनाना भी है। युवा जब पढ़ेंगे कि किसी चुनौती का सामना करने के लिए किस तरह लक्ष्य निर्धारित किए गए, प्रशासनिक व्यवस्था को कैसे सक्रिय किया गया और नागरिकों को विकास की प्रक्रिया से जोड़ा गया, तो उनके सामने नेतृत्व की एक व्यावहारिक तस्वीर बनेगी। उन्हें यह समझने का अवसर मिलेगा कि राष्ट्र निर्माण केवल सरकार या प्रशासन की जिम्मेदारी नहीं है। इसमें विद्यार्थी, शोधार्थी, उद्यमी, वैज्ञानिक, सामाजिक कार्यकर्ता और सामान्य नागरिक भी अपनी भूमिका निभा सकते हैं। जनभागीदारी का महत्व, सेवा की भावना और अंतिम व्यक्ति तक विकास पहुंचाने का विचार युवाओं को अपने-अपने क्षेत्र में जिम्मेदारी के साथ काम करने के लिए प्रेरित कर सकता है। यही सोच विकसित भारत के निर्माण में उनकी भागीदारी को मजबूत कर सकती है।
प्रशासनिक प्रशिक्षण और नीति निर्माण को भी मिलेगा लाभ
इस पठनीय सामग्री का उपयोग केवल विश्वविद्यालयों तक सीमित नहीं रहेगा। सिविल सेवा प्रशिक्षण संस्थानों और प्रशासनिक अधिकारियों के क्षमता निर्माण में भी इसका उपयोग किया जाएगा। नए अधिकारियों को वास्तविक अनुभवों पर आधारित केस स्टडी के माध्यम से यह समझने का अवसर मिलेगा कि नीतियों को जमीन पर लागू करते समय किस तरह की परिस्थितियां सामने आती हैं। इससे निर्णय लेने की क्षमता, विभागीय समन्वय, संकट प्रबंधन और नागरिक-केंद्रित प्रशासन को मजबूत करने में मदद मिल सकती है। साथ ही, अलग-अलग राज्यों और जिलों के अधिकारी इन अनुभवों की तुलना अपने क्षेत्र की जरूरतों से कर सकेंगे। किसी एक क्षेत्र में अपनाया गया प्रभावी तरीका दूसरे क्षेत्र में किस तरह उपयोगी हो सकता है, इस पर भी विचार किया जा सकेगा। इस प्रकार अनुभवों का आदान-प्रदान प्रशासनिक व्यवस्था को अधिक सक्षम बनाने में सहायक हो सकता है।
विकसित भारत 2047 के लिए ज्ञान और अनुभव की पूंजी
पीएम मोदी के सपने के अनुरूप भारत अब 2047 तक विकसित राष्ट्र बनने का लक्ष्य लेकर आगे बढ़ रहा है। ऐसे में शासन के अनुभवों को व्यवस्थित ज्ञान में बदलना बेहद महत्वपूर्ण कदम है। विकसित देश बनने के लिए केवल आर्थिक संसाधन और आधुनिक तकनीक ही पर्याप्त नहीं हैं। इसके लिए सक्षम संस्थान, प्रशिक्षित मानव संसाधन, दूरदर्शी नीति निर्माण और नागरिकों की सक्रिय भागीदारी भी आवश्यक है। नीति आयोग की यह पहल पिछले 25 वर्षों के अनुभवों को भविष्य की प्रशासनिक और शैक्षणिक जरूरतों से जोड़ने का प्रयास है। यह प्रक्रिया व्यापक, पारदर्शी और आलोचनात्मक अध्ययन में आने वाली पीढ़ियों के लिए केवल एक शासनकाल का दस्तावेज नहीं, बल्कि भारत में नेतृत्व, प्रशासन और राष्ट्र निर्माण को समझने की महत्वपूर्ण ज्ञान-संपदा बनने वाली है।










