हर देशवासी के लिए मां का स्थान जीवन में सर्वोच्च होता है। उसकी ममता, त्याग और संस्कारों का सम्मान किसी व्यक्ति की निजी भावना भर नहीं, बल्कि समाज की संवेदनशीलता और संस्कृति का भी परिचायक है। एक ओर आंध्र प्रदेश के करनूल जिले में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की दिवंगत मां हीराबेन के सम्मान में मंदिर निर्माण की पहल हो रही है। एक चैरिटेबल ट्रस्ट ने इस मंदिर की नींव रखी है और इसे मां के प्रति श्रद्धा तथा कृतज्ञता के प्रतीक के रूप में देखा जा रहा है। दूसरी ओर कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने अपनी मां की किताब के विमोचन के अवसर पर अपने माता-पिता के निजी जीवन के ऐसे प्रसंग सार्वजनिक मंच से साझा किए कि अपनी मां को ही शर्मसार कर बैठे। सियासी गलियारों से लेकर सोशल मीडिया पर राहुल पर मीम्स बनाकर तंज कसे जा रहे हैं। दरअसल, राहुल ने कहा कि उनके पिता जब खाना खाते थे, तब उनकी मां सोनिया उनकी गोद में बैठती थीं। सवाल यह है कि मां के सम्मान और निजी रिश्तों की गरिमा को सार्वजनिक चर्चा का विषय बनाते समय क्या कांग्रेस के युवराज को संवेदनशीलता और मर्यादा नहीं बरतनी चाहिए थी?
पीएम मोदी मां के जीवन, संघर्ष और संस्कारों को भावुकता के करते हैं याद
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी अपनी मां हीराबेन के जीवन, संघर्ष और संस्कारों का उल्लेख अनेक अवसरों पर भावुकता के साथ करते रहे हैं। मां के प्रति उनका प्रेम केवल भावनात्मक अभिव्यक्ति तक सीमित नहीं रहा, बल्कि उनके जीवन की सीखों को सार्वजनिक जीवन के मूल्यों से जोड़ता रहा है। पीएम मोदी अक्सर बताते रहे हैं कि किस तरह उनकी मां ने अभावों के बीच परिवार का पालन-पोषण किया, कठिन परिस्थितियों में भी धैर्य और आत्मसम्मान बनाए रखा तथा मेहनत, ईमानदारी और सादगी को जीवन का आधार बनाया। मां की तपस्या, अनुशासन और दूसरों के प्रति संवेदनशीलता ने उनके व्यक्तित्व को गढ़ने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। प्रधानमंत्री अपनी मां के संघर्षों को याद करते हुए यह भी बताते रहे हैं कि उन्होंने कभी किसी से अपेक्षा नहीं रखी, अपने कर्तव्यों को पूरी निष्ठा से निभाया और जीवन में सेवा तथा परिश्रम का महत्व सिखाया। हीराबेन के जीवन से मिली यही प्रेरणा पीएम मोदी के लिए केवल व्यक्तिगत स्मृति नहीं, बल्कि जनसेवा, गरीबों के कल्याण और राष्ट्र के प्रति समर्पण का संस्कार बनी। मां के प्रति उनका भावुक जुड़ाव इस बात में भी दिखाई देता है कि वे अपनी उपलब्धियों के अवसरों पर मां के आशीर्वाद को याद करते हैं और उनके साधारण जीवन में छिपे असाधारण मूल्यों को देशवासियों के सामने रखते हैं।
एक ओर मां के प्रति श्रद्धा को मंदिर का रूप, दूसरी ओर मां का उपहास
मां के प्रति प्रेम और सम्मान जताने के तरीके अलग-अलग हो सकते हैं, लेकिन मां की गरिमा और प्रतिष्ठा का महत्व हर परिवार में समान होता है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की मां हीराबेन के सम्मान में अब आंध्र प्रदेश के करनूल में एक मंदिर बनाने की पहल ने इस भाव को एक सार्वजनिक स्वरूप दिया है। इसके ठीक उलट, सोनिया गांधी की किताब के विमोचन पर राहुल गांधी द्वारा सुनाया गया अपने माता-पिता के निजी जीवन का किस्सा राजनीतिक विवाद का विषय बन गया है। एक ओर मां के प्रति श्रद्धा को मंदिर के रूप में अभिव्यक्ति मिल रही है, तो दूसरी ओर मां से जुड़े एक निजी प्रसंग ने राजनीतिक बहस और उपहास को जन्म दे दिया है। यही विरोधाभास अब दोनों घटनाओं को एक साथ रखकर देखने और सार्वजनिक जीवन में पारिवारिक गरिमा, संवेदनशीलता तथा अभिव्यक्ति की मर्यादा पर चर्चा करने का आधार बन गया है।
राजनीतिक स्मारक के बजाय मां के प्रति सम्मान का प्रतीक होगा मंदिर
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की दिवंगत मां हीराबेन मोदी की स्मृति में आंध्र प्रदेश के कुरनूल जिले में एक मंदिर बनाया जा रहा है। प्रधानमंत्री मोदी की मां हीराबेन को समर्पित इस मंदिर की चर्चा इसलिए भी खास है, क्योंकि यह किसी राजनीतिक स्मारक के बजाय एक मां के प्रति सम्मान और श्रद्धा के भाव से जुड़ी पहल है। मंदिर का निर्माण यमिगनूर मंडल के गुडिकल गांव में किया जाएगा। हाल ही में यहां भूमि पूजन और शिलान्यास का कार्यक्रम संपन्न हुआ। इस अवसर पर स्थानीय जनप्रतिनिधियों और विभिन्न राजनीतिक दलों के नेताओं ने हिस्सा लिया। मंदिर निर्माण की पहल माता श्री मंदिरम चैरिटेबल सोसाइटी ने की है। आयोजकों का कहना है कि यह मंदिर हीराबेन के प्रति सम्मान का प्रतीक होगा, जिन्होंने नरेंद्र मोदी को जन्म दिया और उनका पालन-पोषण किया। वह पीएम मोदी आज गरीबों, वंचितों, शोषितों के कल्याण के लिए दिन-रात एक कर रहे हैं।
कुरनूल जिले में चैरिटेबल सोसाइटी का है यह अभिनव प्रयास
यह मंदिर आंध्र प्रदेश के कुरनूल जिले के यमिगनूर मंडल के गुडिकल गांव में बनाया जा रहा है। इसके निर्माण की जिम्मेदारी माता श्री मंदिरम चैरिटेबल सोसाइटी ने उठाई है। सोसाइटी के अध्यक्ष शिवकुमार के अनुसार, मंदिर का निर्माण दानदाताओं और समाजसेवियों से मिलने वाले सहयोग के माध्यम से किया जाएगा। आदोनी के भाजपा विधायक पी.वी. पार्थसारथी ने भूमि पूजन कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में भाग लिया और मंदिर की आधारशिला रखी। इस आयोजन में भाजपा के साथ जनसेना और वाईएसआर कांग्रेस से जुड़े स्थानीय नेता भी शामिल हुए। यह पहल किसी सरकारी परियोजना के तहत नहीं, बल्कि एक चैरिटेबल सोसाइटी के प्रयास से आगे बढ़ाई जा रही है।
इस परिसर में होंगे राम, शिव और गणेश जी के भी मंदिर
यह परियोजना केवल हीराबेन के मंदिर तक सीमित नहीं है। प्रस्तावित परिसर में भगवान शिव, दक्षिणामूर्ति, भगवान राम और भगवान गणेश के मंदिर भी बनाए जाने की योजना है। इसके साथ ही एक गोशाला और अनाथालय भी बनाया जाएगा। आयोजकों का उद्देश्य धार्मिक गतिविधियों के साथ सामाजिक सेवा को भी प्राथमिकता देना है। मंदिर परिसर को इस तरह विकसित करने की योजना है कि वहां श्रद्धालुओं के लिए पूजा-अर्चना के साथ-साथ समाजसेवा से जुड़ी गतिविधियां भी संचालित हो सकें। इस तरह यह स्थान धार्मिक आस्था और जनकल्याण के कार्यों का केंद्र बन सकता है।
पीएम मोदी की मां हीराबेन की संगमरमर की प्रतिमा तैयार
पीएम मोदी की मां के मंदिर और पूरे परिसर के निर्माण पर कुल कितना खर्च आएगा, इसकी आधिकारिक जानकारी अभी सामने नहीं आई है। सोसाइटी ने स्पष्ट किया है कि निर्माण के लिए दानदाताओं से सहयोग जुटाया जाएगा और काम चरणबद्ध तरीके से पूरा किया जाएगा। हालांकि हीराबेन की संगमरमर की प्रतिमा तैयार कराई जा चुकी है, जिस पर लगभग तीन लाख रुपये खर्च हुए हैं। प्रतिमा मंदिर निर्माण पूरा होने के बाद स्थापित की जाएगी। माता श्री मंदिरम चैरिटेबल सोसाइटी के प्रतिनिधियों के मुताबिक, मंदिर को अगले कुछ महीनों में उपयोग के लिए तैयार करने का लक्ष्य है।

क्या किसी दूसरे प्रधानमंत्री की मां का भी बना है मंदिर?
इस पहल से जुड़ा एक महत्वपूर्ण सवाल यह भी है कि क्या इससे पहले भारत के किसी प्रधानमंत्री की मां के नाम पर मंदिर बनाया गया है? उपलब्ध समाचार रिपोर्टों और ऐतिहासिक संदर्भों की पड़ताल में ऐसा कोई प्रमाणित उदाहरण सामने नहीं आया है। आंध्र प्रदेश के आदोनी विधायक पी.वी. पार्थसारथी ने भी इसे देश में प्रधानमंत्री की मां को समर्पित अपनी तरह का पहला मंदिर बताया है। भारत में पूर्व प्रधानमंत्रियों के नाम पर कई स्मारक और समाधि स्थल अवश्य बने हैं। जैसे जवाहरलाल नेहरू का शांतिवन, लाल बहादुर शास्त्री का विजय घाट, इंदिरा गांधी का शक्ति स्थल और राजीव गांधी की वीर भूमि। लेकिन ये सभी संबंधित प्रधानमंत्रियों के स्मारक हैं, उनकी माताओं के मंदिर नहीं हैं।
मां के प्रति सम्मान के साथ यहां गोशाला और अनाथालय भी
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की मां हीराबेन का 30 दिसंबर 2022 को 99 वर्ष की आयु में निधन हुआ था। उन्होंने एक साधारण परिवार में रहते हुए अपने बच्चों का पालन-पोषण किया। उनके जीवन और संघर्ष का उल्लेख प्रधानमंत्री कई अवसरों पर कर चुके हैं। अब आंध्र प्रदेश के एक गांव में उनकी स्मृति में मंदिर निर्माण की पहल को आयोजक मातृत्व के सम्मान से जोड़कर देख रहे हैं। इस परियोजना की खास बात यह है कि इसमें श्रद्धा के साथ गोशाला और अनाथालय जैसी सामाजिक सेवा की योजनाएं भी शामिल हैं।
आइए, अब सोनिया गांधी की किताब के विमोचन पर राहुल गांधी ने जो बयान दिया, उसके असर पर एक नजर डालते हैं…
मम्मी हर बार खाने के समय पापा की गोद में बैठती थी – राहुल
कांग्रेस नेता सोनिया गांधी की आत्मकथा की पोल तो खुल ही चुकी है। इसमें भयंकर गलतियों और कमियों पर कांग्रेस और गांधी परिवार को शर्मिंदा होना पड़ रहा है। लेकिन मां सोनिया गांधी को किताब की खामियों से भी ज्यादा शर्मिंदा तब होना पड़ा, जबकि उनके सुपुत्र कहे जाने वाले राहुल गांधी ने ही भरी महफिल में उनकी निजी बातों की पोल खोलकर रख दी। अब किताब से ज्यादा चर्चा राहुल गांधी के बयान की हो रही है। राजनीति के गलियारों से लेकर सोशल मीडिया के हर प्लेटफार्म पर “राहुल की बालकबुद्धि” के मजे लिए जा रहे हैं। उन पर तंज कसे जा रहे हैं। दरअसल, राजनीति में नेताओं के भाषणों से लेकर उनकी निजी जिंदगी तक पर लोगों की नजर रहती है, लेकिन जब कोई नेता खुद अपने परिवार के बेहद निजी प्रसंग सार्वजनिक मंच से सुनाने लगे तो उसका मजाक बनना स्वाभाविक है। राहुल गांधी ने आत्मकथा ‘Belonging: A Journey of Love’ के विमोचन समारोह में अपने माता-पिता राजीव गांधी और सोनिया गांधी के रिश्ते का एक ऐसा किस्सा सुनाया, जिसने राजनीतिक गलियारों से लेकर सोशल मीडिया तक हलचल मचा दी। राहुल ने बताया कि जब घर में खाना खाने का समय होता था, तब हर बार पापा यानी राजीव गांधी की गोद में मम्मा यानी सोनिया गांधी बैठी होती थीं। राहुल गांधी के मुंह से शायद पहली बार कोई सच्ची बात निकली, लेकिन उसने वहां मौजूद महिलाओं सहित खुद सोनिया गांधी को भी शर्मसार कर दिया।
राहुल दोस्तों से पूछते- तुम्हारी मम्मी पापा की गोद में क्यों नहीं बैठती
सोनिया गांधी की किताब आने के बाद से उसमें खामियां लोगों के निशाने पर थीं। लेकिन किताब के विमोचन के बाद सारी चर्चाएं किताब से हटकर राहुल गांधी के अपनी मां को लेकर दिए गए वक्तव्य पर केंद्रित हो गई हैं। राहुल गांधी पापा की गोद पर ही नहीं रुके, उन्होंने कहा कि बचपन में उन्हें यह बिल्कुल सामान्य लगता था। लेकिन जब वह दोस्तों के घर जाते और वहां ऐसा दृश्य नहीं देखते तो उन्हें आश्चर्य होता था। वह अपने दोस्तों से पूछते थे कि उनकी मम्मा उनके पापा की गोद में क्यों नहीं बैठतीं? राहुल ने जब यह किस्सा सुनाया, उसी ने अब एक नई बहस को जन्म दे दिया है।
माता-पिता के अंतरंग प्रसंग यूं खुलेआम सुनाना कितना उचित?
राहुल गांधी का यह बयान किसी राजनीतिक रैली में नहीं, बल्कि उनकी मां की आत्मकथा के विमोचन जैसे औपचारिक और महत्वपूर्ण आयोजन में आया। यह अवसर सोनिया गांधी के जीवन, संघर्ष, परिवार और राजनीतिक यात्रा पर चर्चा का था। ऐसे मंच पर राहुल अपने माता-पिता के प्रेम और आपसी लगाव का कोई भावुक संस्मरण साझा करते तो उसमें अस्वाभाविक कुछ नहीं था। लेकिन जिस अंदाज और जिस विस्तार से उन्होंने हर खाने के समय मां के पिता की गोद में बैठने का प्रसंग सुनाया, उसने राहुल की दिमागी सोच को लेकर लोगों को चौंका दिया। सवाल यह नहीं है कि पति-पत्नी एक-दूसरे के प्रति कितना प्रेम रखते हैं या उनका निजी व्यवहार कैसा है। यह उनका निजी मामला है। सवाल यह है कि क्या परिवार के ऐसे अंतरंग प्रसंग को सार्वजनिक मंच पर सुनाना जरूरी था? क्या हर निजी अनुभव को सार्वजनिक मनोरंजन का विषय बना देना ही आधुनिक और बेबाक होने की पहचान है?

माफ कीजिए मैडम, शर्मिंदगी से आप बच नहीं पाई – हिमंता
राहुल के इस बयान पर सबसे तीखी राजनीतिक प्रतिक्रिया असम के मुख्यमंत्री हिमंत बिस्वा सरमा की ओर से आई। उन्होंने एक्स पर राहुल के बयान का वीडियो साझा करते हुए सोनिया गांधी को संबोधित किया और लिखा, “Sorry, Ma’am, he couldn’t spare you the embarrassment even on such a special day of your life.” यानी, माफ कीजिए मैडम, आपका बेटा आपके इस खास दिन पर भी आपको शर्मिंदगी से नहीं बचा सका। सरमा ने आगे लिखा कि देश यह बात बहुत पहले समझ चुका था और उम्मीद है कि अब सोनिया गांधी भी इसे समझेंगी। उन्होंने राहुल को निशाने पर लेते हुए ‘प्रोडक्ट’ और ‘लॉन्चिंग-रीलॉन्चिंग’ वाला तंज भी कसा। यह टिप्पणी केवल राहुल के पारिवारिक किस्से पर प्रतिक्रिया नहीं थी, बल्कि राहुल गांधी की सोच की पोल खोलने वाली भी थी।
Sorry, Ma’am, he couldn’t spare you the embarrassment even on such a special day of your life. The nation figured it out long ago. Hopefully you’ll see it now too; this product is beyond launching and relaunching
— Himanta Biswa Sarma (@himantabiswa) November 16, 2026
राहुल के बयान पर मीम, व्यंग्य, कटाक्ष और तंज की बाढ़
हिमंत सरमा की टिप्पणी के बाद एक्स पर राहुल गांधी के बयान को लेकर प्रतिक्रियाओं का सिलसिला तेज हो गया। कई यूजर्स ने उनके कथन को असहज और अनावश्यक रूप से निजी बताते हुए मजाक उड़ाया। कुछ ने इसे राहुल की सार्वजनिक संवाद शैली पर टिप्पणी करने का अवसर बनाया, तो कुछ ने सवाल उठाया कि क्या किसी परिवार के निजी जीवन की ऐसी बातें मंच से साझा करना उचित है? राहुल के बयान का वीडियो भी तेजी से प्रसारित हुआ और उस पर मीम, व्यंग्य तथा कटाक्ष सामने आने लगे।
राहुल गांधी ने बयान दिया नहीं कि चमचों की पूरी फौज बचाव में उतर आई!
अभिसार शर्मा साहब इसे “दिल छूने वाली बात” बता रहे हैं।
अरे भाई, इतना भी मत छुओ कि बात दिल से निकलकर किडनी तक पहुँच जाए! 🤣
अब बाकी चाटुकार भी समझाने में जुटेंगे कि उनकी माताएं भी अपने पतियों की गोद में बैठकर ही खाना खाती थीं और बच्चों को खिलाती थीं।
मतलब युवराज कुछ भी बोल दें, दरबारी पत्रकार उसे भावनात्मक, सांस्कृतिक और पारिवारिक परंपरा घोषित करने में जुट जाते हैं!
बयान युवराज का, सफाई चमचों की और शर्मिंदगी पूरे देश की! 🤣🤣 https://t.co/vN1Q8lMKAz
— sumit kalra (@sumit1kalra) November 17, 2026
भारतीय परिवारों की मर्यादा को भी भूल गए राहुल गांधी
इस पूरे विवाद में सबसे महत्वपूर्ण बात यह है कि इसे भारतीय परंपरा बनाम आधुनिकता की लड़ाई बनाकर नहीं देखा जाना चाहिए। भारतीय संस्कृति में पति-पत्नी के प्रेम, स्नेह और एक-दूसरे के प्रति समर्पण का सम्मान किया गया है। राम और सीता से लेकर शिव और पार्वती तक, भारतीय परंपरा में दांपत्य प्रेम के अनेक उदाहरण मौजूद हैं। पति-पत्नी का एक-दूसरे के प्रति स्नेह किसी भी सभ्य समाज में अस्वाभाविक नहीं है। लेकिन भारतीय परिवारों में निजी और सार्वजनिक जीवन के बीच एक सहज मर्यादा भी रही है। हर परिवार अपनी सहजता और अपने तौर-तरीकों के अनुसार जीवन जीता है। जो किसी एक परिवार के लिए सामान्य हो, वह दूसरे परिवार के लिए अलग अनुभव हो सकता है। इसलिए किसी के निजी व्यवहार को भारतीय परंपरा के विरुद्ध बताना भी उचित नहीं होगा और हर निजी प्रसंग को सार्वजनिक मंच पर सुनाना आधुनिकता का प्रमाण भी नहीं माना जा सकता।
मंच का इस्तेमाल माता-पिता के अंतरंग रिश्ते के लिए क्यों?
राहुल गांधी लंबे समय से अपनी राजनीतिक छवि को सहज, अनौपचारिक और युवाओं से जुड़ने वाले नेता के रूप में प्रस्तुत करने की कोशिश करते रहे हैं। उनकी बातचीत में निजी किस्से, हल्का हास्य और अनौपचारिक भाषा दिखाई देती है। लेकिन सार्वजनिक जीवन में किसी भी नेता की बातों का मूल्यांकन उसके इरादे के साथ-साथ उसके प्रभाव से भी होता है। लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष जैसे महत्वपूर्ण पद पर बैठे व्यक्ति से यह अपेक्षा स्वाभाविक है कि वह मंच, अवसर और श्रोताओं की प्रकृति को ध्यान में रखकर अपनी बात रखे। उनसे यह उम्मीद कदापि नहीं की जा सकती कि वह सार्वजनिक मंच का इस्तेमाल अपने ही माता-पिता के अंतरंग संबंधों के लिए करे।
राहुल ने पारिवारिक संस्मरण को राजनीतिक तमाशे में बदला
सोशल मीडिया और भाजपा नेता इसे सार्वजनिक मर्यादा से जोड़कर निशाना साध रहे हैं। सोशल मीडिया कांग्रेस के प्रवक्ताओं, नेताओं को राहुल गांधी इस करीब-करीब अश्लील बयान का बचाव करने में नानी याद आ रही है। दोनों पक्षों के समर्थक अपने-अपने राजनीतिक चश्मे से इसे देख रहे हैं। नतीजा यह है कि राहुल गांधी की गलत किस्सागोई ने एक पारिवारिक संस्मरण को राजनीतिक तमाशे में बदल दिया है।
PM मोदी जी की मां का अपमान करने वाले राहुल गांधी को सुनकर अब समझ आया ये तो अपनी मां की भी इज्जत उछाल सकता है! https://t.co/2Q2oMxcqlM
— Dr Amrita Bhushan Rathore (@AmritaRathodBJP) November 17, 2026
ऐसे बयान से अपमान और उपहास का सबब बना गांधी परिवार
राहुल गांधी को अपने माता-पिता के प्रेम और रिश्ते की यादें साझा करने का अधिकार है। किसी दंपती का निजी स्नेह जताना भी गलत नहीं है। लेकिन सार्वजनिक जीवन में शब्दों का चयन और अवसर की समझ भी उतनी ही महत्वपूर्ण होती है। खोखली सहजता का अर्थ यह नहीं कि निजी जीवन की ऐसी नितांत गोपनीय बातें भी सार्वजनिक कर दी जाए। इससे व्यक्तिगत प्रसंग भी अपमान और उपहास का ही सबब बनता है। राहुल गांधी का बयान भले ही उनके लिए एक पारिवारिक याद हो, लेकिन उससे उपजी बहस ने यह जरूर दिखा दिया है कि राजनीतिक जीवन में सार्वजनिक मंच पर सोच-समझ कर ही बोलना कितना जरूरी है।









