Home समाचार प्रधानमंत्री मोदी कल दिल्ली में करेंगे आदि महोत्सव का उद्घाटन

प्रधानमंत्री मोदी कल दिल्ली में करेंगे आदि महोत्सव का उद्घाटन

SHARE

प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी 16 फरवरी, 2023 को सुबह 10:30 बजे दिल्ली के मेजर ध्यान चंद राष्ट्रीय स्टेडियम में “आदि महोत्सव” का उद्घाटन करेंगे। प्रधानमंत्री मोदी देश की जनजातीय आबादी के कल्याण के लिए हमेशा आगे बढ़कर कदम उठाते रहे हैं। इसके साथ ही वे देश की उन्नति और विकास में जनजातीय समुदाय के योगदान को उचित सम्मान भी देते रहे हैं।

राष्ट्रीय मंच पर जनजातीय संस्कृति को प्रकट करने के प्रयासों के तहत दिल्ली में आदि महोत्सव किया जा रहा है। आदि महोत्सव जनजातीय संस्कृति, शिल्प, खान-पान, वाणिज्य और पारंपरिक कला का उत्सव मनाने वाला कार्यक्रम है। यह जनजातीय कार्य मंत्रालय के भारतीय जनजातीय सहकारी विपणन विकास महासंघ लिमिटेड (ट्राइफेड) की वार्षिक पहल है।

इस वर्ष इसका आयोजन 16 से 27 फरवरी तक दिल्ली के मेजर ध्यान चंद राष्ट्रीय स्टेडियम में किया जा रहा है। कार्यक्रम में देशभर के जनजातीय समुदायों की समृद्ध और विविधतापूर्ण धरोहर को प्रदर्शित किया जाएगा। इसके लिए आयोजन-स्थल पर 200 से अधिक स्टॉल लगाये जाएंगे। महोत्सव में करीब एक हजार जनजातीय शिल्पकार हिस्सा लेंगे।

इस साल 2023 को अंतर्राष्ट्रीय पोषक अनाज वर्ष के रूप में मनाया जा रहा है। इस आदि महोत्सव में जनजातीय समुदायों द्वारा उपजाये जाने वाले श्री अन्न को केंद्र में रखा गया है। इसके साथ ही महोत्सव में हस्तशिल्प, हथकरघा, मिट्टी के पात्र बनाने की कला, आभूषण कला आदि भी आकर्षण होंगे।

Leave a Reply