Home समाचार नहीं रहे जापान के पूर्व प्रधानमंत्री शिंजो आबे: भारत से था खास...

नहीं रहे जापान के पूर्व प्रधानमंत्री शिंजो आबे: भारत से था खास प्रेम, देखिए तस्वीरें-

SHARE

जापान के पूर्व प्रधानमंत्री शिंजो आबे अब इस दुनिया में नहीं रहे। आज, 8 जुलाई की सुबह जापान के नारा शहर में एक रैली के दौरान एक शख्स ने पीछे से उनपर गोली चला दी थी। गोली लगने के बाद उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां डॉक्टरों ने उनकी हालत को बेहद नाजुक बताया। उनके शरीर के सभी अंगों ने काम करना बंद कर दिया था। डॉक्टरों ने उन्हें बचाने की तमाम कोशिशें कीं, लेकिन बचाया नहीं जा सका। उनके निधन की खबर से पूरी दुनिया में शोक की लहर फैल गई है।

शिंजो आबे सबसे लंबे समय तक जापान के प्रधानमंत्री रहे। 67 वर्षीय आबे 2006 से 2007 और 2012 से 2020 तक जापान के प्रधानमंत्री रहे। उनके दादा भी जापान के प्रधानमंत्री थे और उनके पिता भी देश के विदेश मंत्री थे।

शिंजो आबे सबसे अधिक बार भारत की यात्रा करने वाले जापान के प्रधानमंत्री रह चुके हैं। प्रधानमंत्री रहते उन्होंने 4 बार भारत की यात्रा की थी। 2006-07 में प्रधानमंत्री बनने के बाद उन्होंने भारत का दौरा किया था। इसके बाद वे जनवरी 2014, दिसंबर 2015 और सितंबर 2017 में भी भारत आए थे। शिंजो आबे गणतंत्र दिवस परेड में मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होने वाले पहले जापानी प्रधानमंत्री थे।

शिंजो आबे को भारत से खास लगाव और प्रेम था। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के साथ उनकी दोस्ती जगजाहिर थी। इस दौरान भारत और जापान के रिश्ते काफी मजबूत हुए। भारत सरकार ने उन्हें साल 2021 में पद्म विभूषण से सम्मानित किया था।

शिंजो आबे 12 दिसंबर, 2015 को प्रधानमंत्री मोदी के साथ पुरातन नगरी वाराणसी भी गए थे। दोनों प्रधानमंत्रियों ने दशाश्वमेध घाट पर गंगा आरती करने के साथ हाथ में गंगाजल लेकर विश्व मंगलकामना की कामना भी की थी। शिंजो आबे ने खुद अपने हाथ में थाली लेकर गंगा आरती की थी। वाराणसी में ही शिंजो आबे ने पीएम मोदी के साथ भारत-जापान मैत्री के प्रतीक रुद्राक्ष कंवेंशन सेंटर की नींव रखी थी।

जापान के पूर्व प्रधानमंत्री आबे ने गुजरात के अहमदाबाद-गांधीनगर यात्रा के दौरान रोड शो में भी हिस्सा लिया था।

इस यात्रा के दौरान उन्होंने साबरमती आश्रम जाकर राष्ट्रपति महात्मा गांधी को श्रद्धांजलि दी थी।

Leave a Reply