Home समाचार पाकिस्तान में भारत के दुश्मनों का सफाया जारी, पुलवामा हमले का मास्टरमाइंड,...

पाकिस्तान में भारत के दुश्मनों का सफाया जारी, पुलवामा हमले का मास्टरमाइंड, मुंबई हमले का साजिशकर्ता और खालिस्तानी आतंकी की मौत

SHARE

पाकिस्तान में एक-एक कर भारत के मोस्ट वांटेड दुश्मन मारे जा रहे हैं। इस साल अब तक भारत विरोधी 25 आतंकवादियों का सफाया किया जा चुका है। वहीं इस महीने की बात करें तो अब तक चार आतंकवादियों की मौत हो चुकी है इसमें एक खालिस्तानी आतंकवादी भी शामिल है। पिछले एक सप्ताह में जिन चार आतंकवादियों की मौत हुई है उनमें मुंबई हमले का साजिशकर्ता साजिद मीर, पुलवामा हमले का मास्टरमाइंड अदनान अहमद उर्फ हंजला अदनान, भारत के खिलाफ जहर उगलने वाला मौलाना शेर बहादुर और खालिस्तानी आतंकवादी व खालिस्तान लिबरेशन फोर्स के चीफ लखबीर सिंह रोडे शामिल हैं। इनके मरने के तरीके भी बिलकुल अलग हैं, किसी को अज्ञात लोगों ने गोली मार दी तो किसी को जेल में जहर दे दिया गया तो किसी का दिल का दौरा पड़ने से मौत हो गई। इन दिनों पाकिस्तान के आतंकवादियों में मौत को लेकर इस कदर दशहत है कि घबराहट में उन्हें दिल का दौरा भी पड़ने लगा है। सबसे अहम बात यह है कि इन्हें निपटा कौन रहा है। कुछ लोगों का कहना है कि पाकिस्तानी सेना ही इन्हें निपटा रही है जिससे एफएटीएफ की कार्रवाई से बचा जा सके और पाकिस्तान को कर्ज मिलता रहे। वहीं कुछ लोगों का कहना है कि अज्ञात लोग इन्हें टपका रहे हैं, लेकिन आश्चर्य की बात यह है कि अब तक एक भी हत्या का आरोपी पकड़ा नहीं जा सका है। बहरहाल यह तय है कि भारत के दुश्मन अब देश के बाहर भी सुरक्षित नहीं हैं।

2023 में अब तक 25 आतंकवादी ढेर, 2022 में 5 मारे गए थे 
वर्ष 2023 में अब तक 25 भारत विरोधी आतंकवादी विदेशों में मारे जा चुके हैं। वहीं 2022 में पांच भारत विरोधी आतंकवादी मारे गए थे। पिछले कुछ महीनों में विदेशी धरती पर भारत विरोधी हरदीप सिंह निज्जर, अवतार सिंह खांडा, परमजीत पंजवार, रिपुदमन सिंह मलिक, हरविंदर रिंडा, सुखदूल सिंह, हैप्पी संघेड़ा के साथ ही अबू कासिम, जहूर मिस्त्री, अब्दुल सलाम भुट्टावी, सैयद नूर, एजाज अहमद, खालिद रजा, बशीर अहमद, शाहिद लतीफ, मुफ्ती कैसर फारूक, जियाउर रहमान, मलिक दाऊद, सुक्खा दुनिके, ख्वाजा शाहिद, मौलाना तारिक रहीम उल्‍लाह तारिक, साजिद मीर, अदनान अहमद उर्फ हंजला अदनान, मौलाना शेर बहादुर और खालिस्तानी आतंकवादी लखबीर सिंह रोडे जैसे आतंकियों की रहस्यमय तरीके से मौत हो गई। 

ये नया भारत है, एक-एक कर मरते जा रहे आतंकवादी
पीएम मोदी के नेतृत्व में जिस तरह भारत का कद बढ़ता जा रहा है, वह विदेशी ताकतों को पसंद नहीं आ रहा है। इसीलिए वे तरह-तरह के प्रपंच कर भारत को बदनाम करने, उसकी विकास की रफ्तार को रोकने के षडयंत्र में जुटे हैं। लेकिन यह नया भारत है, ​​भारत के दुश्मन जहां कहीं भी हो उनका खत्म होना निश्चित है, चाहे वे कहीं भी छिपे हों। 2014 से पहले की सरकारें आतंकवादी हमला होने पर संयुक्त राष्ट्र और अमेरिका जैसे देशों से निहोरा करती थीं कि वे इसकी निंदा करें और भारत को इन आतंकवादी हमलों से बचाएं। आज पीएम मोदी के नेतृत्व में भारत इस कदर सशक्त, सबल और सक्षम हुआ है कि अब वह दुश्मनों को मुंहतोड़ जवाब देता है। यही वजह है कि अब भारत नहीं, पाकिस्तान खुद को आतंकवाद से पीड़ित बता रहा है।

पिछले कुछ समय में भारत विरोधी कई आतंकवादी विदेशी धरती पर मारे गए हैं। उन पर एक नजर-

5 दिसंबर 2023
पुलवामा हमले का मास्टरमाइंड अदनान अहमद मारा गया
पाकिस्तान के कराची में भारत के मोस्ट वांटेड और पुलवामा हमले का मास्टरमाइंड अदनान अहमद उर्फ हंज़ला अदनान की गोली मारकर हत्या कर दी। खबरों के मुताबिक 2-3 दिसंबर की रात को अज्ञात हमलावरों ने हंज़ला अदनान को चार गोली मारकर हत्या कर दी। सू्त्रों के मुताबिक गोली लगने के बाद पाकिस्तान सेना ने अदनान को कराची के अस्पताल में भर्ती कराया, जहां उसकी 5 दिसंबर को मौत हो गई। 2016 में पंपोर में हुए CRPF काफिले पर हमले का आरोपी अदनान अहमद उर्फ हंज़ला अदनान लश्कर-ए-तैयबा का कुख्यात अतंकवादी था। 2016 में हुए इस हमले में 9 जवान शहीद हुए थे और 22 जवान घायल हुए थे। हंजला की हत्या को लश्कर चीफ हाफिज साईद के लिए बड़ा झटका समझा जा रहा है। अदनान अहमद को हाफिज सईद का करीबी माना जाता था। हंजाला का इस्तेमाल POK में लश्कर कैंप में भर्ती होने वाले नए अतंकवादियों को बरगलाने के लिए किया जाता था। खबरों के मुताबिक ISI और पाकिस्तान आर्मी हंजाला को उन आतंकियों से जरूर मिलाती थी जो भारत में घुसपैठ करने वाले होते थे।

4 दिसंबर 2023
आईएसआई के पिट्ठू और खालिस्तान लिबरेशन फोर्स के चीफ लखबीर सिंह रोडे की मौत
प्रतिबंधित संगठन खालिस्तान लिबरेशन फोर्स के चीफ लखबीर सिंह रोडे की पाकिस्तान में दिल का दौरा पड़ने से मौत हो गई। कयास लगाए जा रहे हैं कि जिस तरह पाकिस्तान में भारत के मोस्ट वांटेड आतंकवादी मारे जा रहे हैं उससे दहशत में आने की वजह से रोडे को दिल का दौरा पड़ा। भारत विरोधी अभियानों के लिए कई सालों तक पाकिस्तान के लिए अहम शख्स रहा खालिस्तानी आतंकवादी लखबीर सिंह रोडे 72 साल का था। भारत सरकार ने रोडे को उसकी राष्ट्र-विरोधी गतिविधियों के लिए यूएपीए के तहत आतंकवादी के रूप में सूचीबद्ध किया था। रोडे जरनैल सिंह भिंडरावाले का भतीजा था और कई सालों से पाकिस्तान में रह रहा था। भिंडरावाले ने पाकिस्तान के साथ मिलकर 70 और 80 के दशक में खालिस्तान की मांग को लेकर हिंसक रुख अख्तियार किया था। रोडे पाकिस्तान की खुफिया एजेंसी आईएसआई के साथ मिलकर पंजाब में शांति भंग करने की कोशिश करता रहता था। पंजाब में टिफिन बम मॉड्यूल के जरिए उसने धमाकों की साजिश रची थी। रोडे 2021 के लुधियाना कोर्ट विस्फोट का मुख्य साजिशकर्ता था।

3 दिसंबर 2023
मुंबई हमले के साजिशकर्ता आतंकवादी साजिद मीर को जेल में दिया जहर
मुंबई हमले के साजिशकर्ता आतंकवादी साजिद मीर को पाकिस्तान में अज्ञात लोगों ने जेल के भीतर जहर देकर निपटा दिया। लश्कर-ए-तैय्यबा का आतंकवादी सरगना साजिद मीर को वेंटिलेटर पर रखा गया है। वह मुंबई में 2008 में हुए 26/11 हमलों का साजिशकर्ता था। उसे पाकिस्तान के डेरा गाजी खान स्थित सेन्ट्रल जेल में जहर दे दिया गया। पाकिस्तान का पुलिस-प्रशासन इस मामले में जेल में खाना बनाने वाले शख्स पर शक जाहिर कर रहा है और उसके खिलाफ जांच शुरू भी कर दी गई है। वो एक प्राइवेट कुक था, जिसे अक्टूबर 2023 में जेल में बहाल किया गया था। अब वो फरार हो गया है। साजिद मीर उन आतंकियों में से है जिसका 26/11 हमलों की साजिश रचने में बड़ा रोल था। हाफिज सईद के साथ मिलकर साजिद मीर ने आतंकी हमले को अंजाम देने के तौर-तरीकों की साजिश रची। उसी ने मुंबई हमले में महत्वपूर्ण भूमिका निभाने वाले पाकिस्तानी मूल के अमेरिकी नागरिक डेविड हेडली की लश्कर में भर्ती की थी। साजिद मीर पाकिस्तान में बैठे दाऊद इब्राहिम गिरोह और आतंकवादी संगठनों के बीच में भी एक मुख्य कड़ी था। मुम्बई हमले में 175 बेकसूर लोगों की जान चली गई थी।

पाकिस्तान ने झूठ फैलाया था कि साजिद मीर मर चुका
2011 में अमेरिकी अदालत में दोषी ठहराए जाने के बाद अमेरिका ने साजिद मीर पर 5 मिलियन डॉलर का इनाम रखा गया था। अमेरिका ने उसे आतंकवादियों को सामग्री सहायता प्रदान करना, अमेरिकी नागरिक की हत्या, सार्वजनिक उपयोग के स्थानों पर बमबारी करने का दोषी माना था। पाकिस्तान के अधिकारियों ने कुछ महीनों पहले तक ये फैलाने की कोशिश की थी कि साजिद मीर मर चुका है। लेकिन, पश्चिमी देशों ने इसे मानने से इनकार करते हुए कहा था कि वो इसे साबित कर के दिखाए। उसे हाल ही में ग्लोबल टेररिस्ट घोषित किए जाने के लिए संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद (UNSC)में प्रस्ताव लाया गया था लेकिन चीन ने वीटो लगा कर इसे ब्लॉक कर दिया। भारत ने इस दौरान कहा भी था कि आतंकवाद से लड़ने को लेकर चीन गंभीर नहीं है।

2 दिसंबर 2023
जैश समर्थक मौलाना शेर बहादुर की अज्ञात लोगों ने की हत्‍या
पाकिस्तान के पेशावर में 2 दिसंबर 2023 को जैश-ए-मोहम्मद का समर्थक मौलाना शेर बहादुर को अज्ञात लोगों ने गोली मार दी जिससे उसकी मौत हो गई। वह भारत के खिलाफ भड़काऊ भाषण देता था और जहर उगलता था। वह जम्मू-कश्मीर में फिदायीन हमलों को अंजाम देने वाले आतंकवादियों का ब्रेन वाश भी करता था। शेर बहादुर की एक वीडियो भी सामने आई है जिसमें उसके शरीर पर गोलियों के निशान देखे जा सकते हैं।

25 नवंबर 2023
जैश-ए-मोहम्मद का कमांडर यूनुस खान मारा गया
पाकिस्तान के खैबर पख्तूनख्वा प्रांत के बाजौर में अज्ञात हमलावरों ने भारत के मोस्ट वांटेड आतंकी यूनुस खान को गोली से उड़ा दिया। यूनुस खान पाकिस्तान के आतंकवादी संगठन जैश-ए-मोहम्मद का कमांडर था और लंबे समय से भारत विरोधी गतिविधियों में लिप्त था। वह मुस्लिम युवाओं को बरगलाकर आतंकी ट्रेनिंग देता था। ट्रेनिंग लेने के बाद में यही आतंकवादी भारत आकर आतंकी वारदातों को अंजाम देते थे।  

21 नवंबर 2023
भारत के खिलाफ जहर उगलने वाला मलिक असलम वज़ीर मारा गया
पाकिस्तानी आतंकवादियों का सरपरस्त और भारत के खिलाफ जहर उगलने वाला कबायली नेता मलिक असलम वज़ीर को अज्ञात लोगों ने ढेर कर दिया। वह पाकिस्तान के राष्ट्रपति पुरस्कार विजेता था और भारत के प्रति अपनी नफरत के लिए जाना जाता था। उसकी हत्या पाकिस्तान के खैबर पख्तूनख्वा के दक्षिण वजीरिस्तान निचले जनजातीय जिले दाजा घुंडई में हुई। अज्ञात लोगों द्वारा किए गए अचानक विस्फोट में वह मारा गया। इस तरह पाकिस्तानी आतंकियों ने अपना एक संरक्षक खो दिया।

17 नवंबर 2023
जैश के आतंकवादी ताज मुहम्मद की गोली मारकर हत्‍या
पाकिस्तान में जैश के आतंकवादी ताज मुहम्मद की गोली मारकर हत्‍या कर दी गई। पाकिस्‍तान के बारा में अज्ञात लोगों ने उसे गोली मार दी। मोस्ट वांटेड जैश-ए-मोहम्मद आतंकवादी अब्दुल रऊफ असगर का रिश्तेदार और उसका दाहिना हाथ बताया जा रहा है। असगर कई आतंकी घटनाओं में शामिल है। असगर की गिनती जैश मुखिया मौलाना मसूद अजहर के करीबियों में होती है। जैश-ए-मोहम्मद का सरगना मौलाना मसूद अजहर, भारत के मोस्ट वांटेड आतंकियों की सूची में शामिल है। मसूद अजहर ने कश्मीर में अपनी सक्रियता बढ़ा रखी थी। वहां पर मसूद, भारत के खिलाफ आग उगलता रहता था। 

14 नवंबर 2023
लश्कर-ए-तैयबा का आतंकी मोहम्मद मुजमिल मारा गया
पाकिस्तान में बैठकर भारत में आतंक का खूनी खेल खेलने वाले आतंकियों के बुरे दिन आ गए हैं। पंजाब के सियालकोट जिले के पसरूर तहसील के खोखरान चौक पर अज्ञात हमलावरों ने लश्कर-ए-तैयबा के आतंकी मोहम्मद मुजमिल और उसके सहयोगी नईमुर रहमान को मौत के घाट उतार दिया। इस घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया। वीडियो में देखा जा सकता है कि चौक पर एक सफेद रंग की कार खड़ी है। इसी दौरान एक बाइक पर सवार होकर दो लोग आते हैं। पीछे बैठा व्यक्ति राइफल लिए हुए था। बाइक से उतरते ही उसने गोलियां चलानी शुरू कर दी। उसने पहले दुकान में मौजूद लोगों पर फिर कार में सवार लोगों पर फायरिंग की। गोली चलने से मौके पर अफरा-तफरी मच गई। लोग जान बचाने के लिए इधर-उधर भागने लगे। इस दौरान हमलावर लगातार फायरिंग करता रहा। जब उसे लगा कि टारगेट मारा गया है तो वह बाइक पर सवार हुआ और भाग गया।  

12 नवंबर 2023
भारत विरोधी जैश सरगना मसूद अजहर का करीबी तारिक रहीम उल्‍लाह की हत्या
भारत के खिलाफ जहर उगलने वाला जैश-ए-मोहम्‍मद का आतंकी मौलाना तारिक रहीम उल्‍लाह तारिक को पाकिस्तान में 12 नवंबर को ढेर कर दिया गया। जैश सरगना मसूद अजहर के करीबी मौलाना तारिक की हत्‍या उस समय हुई जब वह भारत विरोधी एक रैली में हिस्‍सा लेने के लिए जा रहा था। मौलाना जिस सभा में शामिल होने के लिए जा रहा था, वह कराची के ओरंगी टाउन में आयोजित हो रही थी। इसी दौरान अज्ञात हमलावरों ने उस पर ताबड़तोड़ गोलियां बरसा दी। मौलाना पर अचानक गोलियां चलीं और उसने मौके पर ही दम तोड़ दिया। तारिक पाकिस्‍तान का एक मशहूर मौलाना था जिसे सुनने के लिए हजारों की संख्‍या में भीड़ उमड़ती थी। कराची पुलिस का कहना है कि मौलाना की हत्या टारगेट किलिंग से जुड़ी हो सकती है।

9 नवंबर 2023
भारत के खिलाफ जहर उगलने वाले लश्कर आतंकी अकरम खान गाजी ढेर
भारत के खिलाफ जहर उगलने वाला लश्कर आतंकी अकरम खान उर्फ अकरम गाजी की पाकिस्तान के खैबर पख्तूनख्वा के बाजौर में अज्ञात हमलावरों ने गोली मारकर हत्या कर दी। आतंकी अकरम गाजी ने साल 2018 से 2020 तक लश्कर भर्ती सेल का नेतृत्व किया था। साथ ही वह पाकिस्तान में अपने भारत विरोधी भड़काऊ बयानों के लिए के लिए जाना जाता था। अकरम लश्कर-ए-तैयबा (LeT) का पूर्व कमांडर था। वह लंबे समय से चरमपंथी गतिविधियों में शामिल था। साथ ही उसने लश्कर भर्ती सेल का नेतृत्व किया था। उसे 9 नवंबर 2023 की रात अज्ञात बंदूकधारियों ने गोली मारकर हत्या कर दी। बीते एक सप्ताह में यह दूसरी घटना है, जिसमें अज्ञात हमलावरों ने आतंकी की हत्या की है। इससे पहले 5 नवंबर 2023 को साल 2018 में जम्मू-कश्मीर के सुंजवान में हुए आतंकी हमले के मास्टरमाइंड में से एक ख्वाजा शाहिद की हत्या कर दी गई थी।

5 नवंबर 2023
जम्मू आर्मी कैंप पर हमले का मास्टरमाइंड आतंकी ख्वाजा शाहिद ढेर
पाकिस्तान अधिकृत कश्मीर में भारत मोस्ट वांटेड लश्कर आतंकी ख्वाजा शाहिद उर्फ मिया मुजाहिद की 5 नवंबर 2023 को पाकिस्तान के कब्जे वाले कश्मीर में सिर कटी लाश बरामद की गई। ख्वाजा शाहिद साल 2018 में जम्मू के आर्मी कैंप पर हमले का मास्टरमाइंड था। एक दिन पहले ही उसको अगवा कर लिया गया था। आतंकी ख्वाजा शाहिद साल 2018 में जम्मू के सुंजुवान में भारतीय सेना के एक कैंप पर हमले की साजिश रचने का मास्टरमाइंड था। आर्मी कैंप पर हुए हमले में 6 जवान, एक सैन्य अधिकारी और एक आम नागरिक की मौत हुई थी। वहीं जवाबी ऑपरेशन में सेना ने हमले में शामिल तीन आतंकियों को ढेर किया था। एजेंसियों को काफी समय से उसकी तलाश थी।

20 अक्टूबर 2023
आतंकवादी मसूद अजहर का दाहिना हाथ दाऊद मलिक पाकिस्तान में ढेर
पाकिस्तानी अखबार डॉन ने लिखा है, पुलिस के मुताबिक पाकिस्तान के कबायली जिले उत्तरी वजीरिस्तान के मिराली इलाके में 20 अक्टूबर 2023 को मास्क पहने अज्ञात लोगों ने गोली मारकर मलिक दाऊद उर्फ खान मलिक दाऊद उर्फ दाऊद मलिक की हत्या कर दी है। पुलिस ने कहा है कि मलिक दाऊद को निशाना बनाकर गोली मारी गई, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। मलिक दाऊद मुसाकी गांव का रहने वाला था और गोली लगने के बाद उसे फौरन टीएचक्यू अस्पताल मीर अली ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। पुलवामा हमले के बाद जब भारतीय सेना ने बालाकोट पर एयर स्ट्राइक की थी तो उस वक्त दाऊद मलिक की वहां पर उपस्थिति बताई गई थी लेकिन वह एयरस्ट्राइक के दौरान बाल-बाल बच गया था।

11 अक्टूबर 2023
पठानकोट हमले का मास्टमाइंड शाहिद लतीफ पाकिस्तान में ढेर
पठानकोट हमले के मास्टमाइंड शाहिद लतीफ की पाकिस्तान के सियालकोट की मस्जिद में गोली मारकर हत्या कर दी गई है। शाहिद लतीफ NIA की मोस्ट वांटेड लिस्ट में शामिल था। लतीफ पर अज्ञात लोगों ने गोलियां बरसा दी जिससे उसकी मौत हो गई। 2 जनवरी, 2016 को जैश के आतंकियों ने पठानकोट में एयरबेस पर हमला कर दिया था। इसमें 7 जवान शहीद हो गए थे। 36 घंटे एनकाउंटर और तीन दिन तक कॉम्बिंग ऑपरेशन चला था। शाहिद लतीफ आतंकवादी संगठन जैश-ए-मोहम्मद (JeM) का एक प्रमुख सदस्य था। उसने ही चारों आतंकवादियों को पठानकोट भेजा था। लतीफ 1999 में इंडियन एयरलाइंस के विमान को अगवा करने में भी शामिल था। लतीफ को नवंबर 1994 में भारत में गिरफ्तार किया गया था, और मुकदमा चलाया गया था। कांग्रेस सरकार ने भारत में सजा पूरी होने के बाद 2010 में उसे वाघा के रास्ते पाकिस्तान भेज दिया गया था। NIA के मुताबिक लतीफ 2010 में अपनी रिहाई के बाद पाकिस्तान में जिहादी फैक्ट्री में वापस चला गया था।

10 अक्टूबर 2023
कुलभूषण जाधव को अगवा करने वाला आईएसआई एजेंट मुल्ला बाहौर ढेर
पाकिस्तानी आतंकवादी और आईएसआई एजेंट मुल्ला बाहौर उर्फ होर्मुज उर्फ महद उर्फ अब्दुल लतीफ को कुछ अज्ञात लोगों ने बलूचिस्तान के केच इलाके में गोली मारकर हत्या कर दी। मुल्ला बाहौर ने ही ईरान से कुलभूषण जाधव को अगवा किया था और फिर उसे आईएसआई के हवाले किया था। कुलभूषण जाधव बिजनेस करते थे और भारतीय नौसेना से रिटायर थे। इस वक़्त वह पाकिस्तान की जेल में हैं। कुलभूषण जाधव को पाकिस्तान की अदालत ने मौत की सजा सुनाई थी। इसके ख़िलाफ़ भारत ने हेग स्थित अंतरराष्ट्रीय न्यायालय में दस्तक दी थी। वहां से कुलभूषण की मौत की सजा पर रोक लगाई गई है।

30 सितंबर 2023
हाफिज सईद के करीबी मुफ्ती कैसर फारूक की कराची में हत्या
26/11 मुंबई टेरर अटैक के मोस्ट वॉन्टेड आतंकी हाफिज सईद के सबसे करीबी माने जाने वाले मुफ्ती कैसर फारूक को कराची में अज्ञात हमलावरों ने गोली मार दी। कैसर फारूक लश्कर के संस्थापक सदस्यों में से एक था और हाफिज सईद का बेहद करीबी सहयोगी था। 30 वर्षीय कैसर फारूक को 30 सितंबर 2023 को समानाबाद इलाके में एक धार्मिक संस्थान के पास गोली मार दी गई।

21 सितंबर 2023
कनाडा में खालिस्तानी आतंकी सुखदूल सिंह उर्फ सुक्खा दुनेके मारा गया
गैंगस्टर सुखदूल सिंह उर्फ सुक्खा दुनेके की कनाडा के विन्निपेग में अज्ञात लोगों ने गोली मारकर हत्या कर दी। वह कई अपराधों में वांटेड था और 2017 में पंजाब से कनाडा भाग गया था। सुक्खा खालिस्तान समर्थक ताकतों के साथ जुड़ गया था। सुक्खा दविंदर बंबीहा गैंग का गैंगस्टर था और पंजाब के मोगा का रहने वाला था। कनाडा के विन्निपेग में अंतर-गिरोह प्रतिद्वंद्विता में उसकी हत्या हुई है। दुनेके पंजाब, हरियाणा, दिल्ली और राजस्थान में देविंदर बंबीहा गिरोह को संचालित करता था, फाइनेंस जुटाता था और मजबूत कर रहा था। वह फर्जी पासपोर्ट पर 2017 में कनाडा भाग गया था। उसके खिलाफ पंजाब और आसपास के राज्यों में हत्या और अन्य जघन्य अपराधों के 20 से अधिक मामले दर्ज थे।

12 सितंबर 2023
लश्कर आतंकी मौलवी मौलाना जियाउर रहमान की दिनदहाड़े हत्या
कराची के गुलिस्तान-ए-जौहर के एक पार्क में एक मौलवी मौलाना जियाउर रहमान की दिनदहाड़े हत्या कर दी गई। रहमान लश्कर का ऑपरेटिव रहा है। रहमान की मोटरसाइकिल पर सवार दो अज्ञात बंदूकधारियों ने गोलियों से भून दिया। रहमान शाम को सैर करने निकला हुआ था। इस हत्या ने रहमान के रिश्तेदारों, उनके दोस्तों और उनकी धार्मिक भक्ति के प्रति आश्वस्त लोगों को चिंता में डाल दिया है। रहमान लश्कर से लंबे समय से जुड़ा था और मजहबी काम करता था।

8 सितंबर 2023
हाफिज सईद के करीबी आतंकवादी अबू कासिम ढेर
पाकिस्तान में भारत विरोधी कुख्यात आतंकियों की शामत आ चुकी है। पाकिस्तान वैसे तो खुद ही कभी अपने पाले आतं​कियों के हमलों का सामना कर रहा है। वहीं भारत विरोधी आतंकियों की भी जान जा रही है। इन आतंकवादियों की हत्या अज्ञात बंदूकधारी कर रहे हैं। जिनकी खोज पाकिस्तान पुलिस अब तक नहीं कर पाई है। 8 सितंबर 2023 को इन्हीं अज्ञात बंदूकधारियों ने लश्कर-ए-तैयबा (एलईटी) सरगना हाफिज सईद के करीबी माने जाने वाले आतंकवादी अबू कासिम को मार गिराया। अबू कासिम को पाकिस्तान अधिकृत कश्मीर (पीओके) के रावलकोट में एक मस्जिद के अंदर गोली मारी गई। अबू कासिम कई आतंकवादी हमलों के लिए जिम्मेदार था। वह जम्मू-कश्मीर में भारतीय सुरक्षा बलों के खिलाफ कई हाई प्रोफाइल हमलों में शामिल था। इतना ही नहीं, वह पीओके से लश्कर-ए-तैयबा के आतंकवादियों को लॉन्च पैड के जरिए जम्मू और कश्मीर में दाखिल कराता था। वह उन आतंकवादियों के रहने, खाने-पीने और पैसों का इंतजाम भी करता था। कासिम स्थानीय युवाओं को लश्कर में भर्ती करने के काम में भी शामिल था। उसे इसके लिए पाकिस्तान से पैसे मिलते थे। भारतीय सुरक्षा एजेंसियां काफी समय से अबू कासिम की तलाश कर रही थीं।

18 जून 2023
खालिस्तानी आतंकी हरदीप सिंह निज्जर कनाडा में मारा गया
कुख्यात खालिस्तानी आतंकी और 10 लाख रुपये का इनामी हरदीप सिंह निज्जर की ब्रिटिश कोलंबिया प्रांत के सरे शहर में 18 जून 2023 को गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। उसे कनाडा में ब्रिटिश कोलंबिया के सरी स्थित गुरुनानक सिख गुरुद्वारा के पास दो अज्ञात बंदूकधारियों ने गोली मार दी। निज्जर इस गुरुद्वारे का संचालन करने वाली कमेटी का प्रधान भी था। भारत सरकार ने हरदीप सिंह निज्जर को डेजिग्नेटिड टेरेरिस्ट यानी आतंकवादी घोषित किया था। वहीं कुछ महीने पूर्व निज्जर के दो सहयोगियों को फिलीपींस और मलेशिया से गिरफ्तार किया गया था। हरदीप सिंह निज्जर पुत्र पियारा सिंह मूल रूप से वीपीओ भरसिंहपुर, थाना, फिल्लौर, जिला जालंधर का निवासी था।

15 जून 2023
ब्रिटेन में खालिस्‍तान लिबरेशन फोर्स के अवतार सिंह खांडा की मौत
ब्रिटेन में रह रहे खालिस्‍तान ल‍िबरेशन फोर्स के चीफ अवतार सिंह खांडा की 15 जून 2023 को मौत हो गई है। आशंका जताई जा रही थी कि उसे जहर दिया गया है। अवतार सिंह ने ही लंदन में भारतीय उच्‍चायोग पर हमला कराया था। ब्रिटेन के बर्मिंघम शहर के एक अस्‍पताल में उसे भर्ती कराया गया था। अवतार सिंह के बारे में कहा जाता है कि उसने ही जेल में बंद खालिस्‍तानी अमृतपाल सिंह को तैयार किया था और बाद में उसे वारिस पंजाब दे के नेता के रूप में पंजाब भेजा था। वारिस पंजाब दे का गठन दीप सिद्धू ने किया था। अवतार सिंह को ब्रिटेन में भारतीय उच्‍चायोग के झंडे को उतारने के आरोप में लंदन पुलिस ने अरेस्‍ट किया था। खांडा ने सिख युवाओं को बम बनाने और आईईडी के इस्‍तेमाल की ट्रेनिंग दी थी।

30 मई 2023
लश्कर के टॉप कमांडर अब्दुल सलाम भुट्टावी की मौत
30 मई 2023 को लश्कर के टॉप कमांडर अब्दुल सलाम भुट्टावी की मौत हो गई। भुट्टावी ने 2008 के मुंबई हमलों को अंजाम देने वाले आतंकवादियों को ट्रेनिंग दी थी। वह लंब समय से पाकिस्तान की जेल में टेरर फाइनेंसिंग मामले में सजा काट रहा था। अब्दुल सलाम भुट्टावी ने 2002 और 2008 में हाफिज सईद की गिरफ्तारी के बाद लश्कर-ए-तैयबा का कार्यवाहक प्रमुख के तौर पर काम किया था। भुट्टावी की पाकिस्तान के पंजाब प्रांत के शेखपुरा जेल में दिल का दौरा पड़ने से मौत हो गई।

7 मई 2023
लाहौर में खालिस्तान कमांडो फोर्स के परमजीत सिंह पंजवड़ की हत्या
पाकिस्तान के लाहौर में आतंकवादी संगठन खालिस्तान कमांडो फोर्स के सरगना परमजीत सिंह पंजवड़ की 7 मई 2023 को हत्या हो गई। अज्ञात हमलावरों ने पंजवड़ के घर में घुसकर गोलियां मारी और मौके से फरार हो गए। इस हमले में परमजीत सिंह पंजवड़ की मौके पर ही मौत हो गई। परमजीत सिंह पंजवड़ 1990 से ही पाकिस्तान में मलिक सरदार सिंह के नाम से छिपा हुआ था। पंजवड़ सीमा पार से भारत में अवैध हथियारों और ड्रग्स की सप्लाई का रैकेट चलाता था। उसे पाकिस्तानी खुफिया एजेंसी आईएसआई का संरक्षण प्राप्त था। आईएसआई पंजवड़ का इस्तेमाल पंजाब प्रांत में खालिस्तानी अलगाववाद को बढ़ाने और आतंकी वारदातों को अंजाम देने में करती थी। उसने 30 जून 1999 में चंडीगढ़ पासपोर्ट कार्यालय के पास बम ब्लास्ट कराया था। परमजीत सिंह पंजाब में तरनतारन जिले के झब्बाल गांव का रहने वाला था।

5 मार्च 2023
आतंकी सैयद नूर शालोबार की पाकिस्तान में दिनदहाड़े हत्या
पाकिस्तान में भारत के खिलाफ आतंकी हमले करने के एक और दोषी को अज्ञात लोगों ने गोली मारकर मौत की नींद सुला दिया है। घटना खैबर पख्तूनख्वा प्रांत के बारा में 5 मार्च 2023 को हुई। यहां कुछ लोगों ने आतंकी कमांडर सैयद नूर शालोबार को कई गोलियां मारीं। इससे सैयद नूर शालोबार ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। पाकिस्तान में छिपे बैठे आतंक के आकाओं में इन घटनाओं से हड़कंप मचा है। पाकिस्तान की खुफिया एजेंसी आईएसआई ने अपने पाले-पोसे आतंकी आकाओं की सुरक्षा भी बढ़ाई है।

22 फरवरी 2023
हिजबुल आतंकी बशीर मीर की रावलपिंडी में हत्या
पाकिस्तान के रावलपिंडी में हिज्बुल मुजाहिद्दीन के टॉप कमांडर बशीर अहमद पीर उर्फ इम्तियाज आलम की अज्ञात हमलावरों ने 22 फरवरी 2023 को गोली मारकर हत्या कर दी। बशीर कश्मीर में आतंकवाद के लिए युवाओं को जुटाने और उन्हें हथियार और गोला-बारूद उपलब्ध कराने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा चुका है। बशीर मीर पीओके से आतंकी शिविरों और लॉन्च पैड्स का समन्वय कर रहा था और लेपा सेक्टर में लंबे समय से सक्रिय था। जम्मू-कश्मीर के कुपवाड़ा जिले का रहने वाला बशीर पीर 15 साल से अधिक समय से पाकिस्तान में रह रहा था। पीर नियंत्रण रेखा के जरिए जम्मू कश्मीर में आतंकवादियों को भेजने की गतिविधियों में शामिल था। बशीर मीर को हिजबुल मुजाहिदीन चीफ सैयद सलाहुद्दीन का करीबी माना जाता था।

22 फरवरी 2023
एजाज अहमद अहंगर की काबुल में हत्या
आतंक की किताब कहे जाने वाला एजाज अहमद अहंगर की 22 फरवरी, 2023 को अफगानिस्तान के काबुल में हत्या कर दी गई। भारत में इस्लामिक स्टेट (आईएस) को फिर से शुरू करने में जुटा एजाज अल कायदा के भी संपर्क में था। 1996 में कश्मीर की जेल से छूटने के बाद वह पाकिस्तान भाग गया और फिर वहां से अफगानिस्तान चला गया। भारत सरकार ने उसे मोस्ट वांटेड आतंकी की सूची में रखा था। अहंगर का जन्म 1974 में श्रीनगर के नवाकदल में हुआ था। उसका अल-कायदा और अन्य वैश्विक आतंकी संगठनों से निकट संबंध था।

19 नवंबर 2022
पाकिस्तान में ड्रग्स ओवरडोज से आतंकी हरविंदर सिंह रिंदा की मौत
पाकिस्तान के लाहौर में रह रहे खतरनाक आतंकी हरविंदर सिंह रिंदा की 19 नवंबर 2022 को मौत हो गई। मोस्ट वांटेड आतंकी की मौत ड्रग्स ओवरडोज की वजह से हुई। हरविंदर सिंह रिंदा पंजाब में हत्याओं और आतंकवाद को बढ़ाने की साजिश रचने वाला मुख्य आतंकवादी था। गैंगस्टर से आतंकी बना रिंदा आईएसआई (ISI) का पिट्ठू था। हरविंदर सिंह रिंदा पंजाब के तरन तारन का रहने वाला था। वह फेक पासपोर्ट के जरिए नेपाल होते हुए पाकिस्तान पहुंचा था। उसे सितंबर साल 2011 में तरन तारन में एक युवक की मौत के मामले में उम्रकैद की सजा हुई थी। उस पर साल 2014 में पटियाला सेंट्रल जेल के अधिकारियों पर हमला करने का भी आरोप था। इसके अलावा अप्रैल 2016 में चंडीगढ़ में पंजाब यूनिवर्सिटी में स्टूडेंट ऑर्गेनाइजेशन ऑफ इंडिया के अध्यक्ष पर भी रिंदा ने गोलियां चलाई थीं।

19 नवंबर 2022
खालिस्तानी आतंकी हैप्पी संगेड़ा की फ्रांस में हत्या
पाकिस्तान की खुफिया एजेंसी आईएसआई के इशारे पर पंजाब का माहौल बिगाडऩे वाले आतंकी हरविंदर सिंह रिंदा के साथी हरप्रीत सिंह उर्फ हैप्पी संगेड़ा की 19 नवंबर 2022 को फ्रांस में हत्या कर दी गई। कनाडा में रहने वाले आतंकी लखबीर सिंह लंडा ने हैप्पी को मरवाने के लिए 15 दिन पहले रंगदारी दी थी, जिसके बाद वह इटली से फ्रांस भाग गया था। फिरोजपुर जिले के थाना मक्खू के गांव बस्ती वाला निवासी हरप्रीत सिंह उर्फ हैप्पी संगेड़ा ने करीब 2 वर्ष पहले हरिके पत्तन निवासी सतपाल पाला बूह पर गोलियां चलाई थीं। इस मामले में थाना जीरा में हैप्पी संगेड़ा के खिलाफ इरादतन हत्या का मामला दर्ज है। इसके बाद हैप्पी संगेड़ा फर्जी पासपोर्ट पर इटली चला गया था। इटली में रहते हुए हैप्पी संगेड़ा ने अपना नैटवर्क कनाडा में रहते आतंकी लखबीर सिंह लंडा के साथ कायम कर लिया था। लखबीर सिंह लंडा की ओर से तरनतारन और पट्टी क्षेत्र के व्यापारियों को धमकाकर रंगदारी लेने के लिए हैप्पी संगेड़ा को प्रयोग किया जाता था। हैप्पी संगेड़ा तरनतारन जिले में जहां अपना नैटवर्क काफी मजबूत कर चुका था। लखबीर सिंह लंडा द्वारा हैप्पी संगेड़ा की हत्या करवाने के लिए दो सप्ताह पहले ही साजिश रची गई थी, जिसका पता चलते ही हैप्पी संगेड़ा इटली से फ्रांस भाग गया था।

22 सितंबर 2022
काठमांडू में आईएसआई एजेंट लाल मोहम्मद की हत्या
नेपाल की राजधानी काठमांडू में पाक खुफिया एजेंसी आईएसआई के एजेंट लाल मोहम्मद उर्फ मोहम्मद दर्जी की 22 सितंबर 2022 को हत्या कर दी गई। उसे दौड़ा दौड़ाकर मारा गया। लाल मोहम्मद भारत में जाली करंसी नोटों का बड़ा सप्लायर था। लाल मोहम्मद की हत्या की वारदात कागेश्वरी मनोहरा नगर पालिका काठमांडू के गोथार इलाके में हुई। बताया गया है कि वह कार से अपने घर पहुंचा ही था कि अज्ञात हमलावरों ने उसके सिर, पेट व सीने में गोलियां दाग दीं। सीसीटीवी फुटेज के अनुसार मोटर साइकिल पर आए दो अज्ञात हमलावरों ने उस पर गोलियां चलाई और भाग निकले। लाल मोहम्मद ने गोलियों से बचने की कोशिश की, लेकिन वह बुरी तरह घायल हो गया। उसके तुरंत महाराजागंज अस्पताल ले जाया गया, जहां उसे मृत घोषित कर दिया गया। लाल मोहम्मद आईएसआई का एजेंट होने के साथ ही दाउद इब्राहिम के गिरोह से भी जुड़ा था।

15 जुलाई 2022
कनिष्क बम विस्फोट में आरोपी रहे रिपुदमन मलिक की कनाडा में गोली मारकर हत्या
साल 1985 के कनिष्क बम विस्फोट मामले में बरी बिजनेसमैन और पंजाबी मूल के कनाडाई सिख नेता रिपुदमन सिंह मलिक की 15 जुलाई 2022 को कनाडा के सरे इलाके में गोली मारकर हत्या कर दी गई। उनकी हत्या उस समय हुई, जब वह अपनी कार में सवार होकर जा रहे थे। रास्ते में बाइक सवार युवकों ने उन्हें गोलियों से छलनी कर दिया। हत्यारे एक कार में आए थे। कार को कुछ दूरी पर खड़ी कर फिर बाइक पर सवार हुए थे। हत्या को अंजाम देने के बाद आरोपियों ने कार को आग के हवाले कर दिया। रिपुदमन सिंह कनाडा के एक सफल कारोबारी के साथ-साथ सिख संस्थाओं के प्रतिनिधि भी थे। उन पर एयर इंडिया के विमान को अगवा कर विस्फोट करने का मामला चला था। यह घटना साल 1985 की है। मांट्रियल से नई दिल्ली आ रहे विमान में विस्फोट हो गया था। इस घटना में 329 यात्रियों की मौत हो गई थी। इस मामले में 2005 तक रिपुदमन सिंह कनाडा की जेल में बंद रहे और बाद में उनको बरी किया गया था। रिपुदमन सिंह पहले खालिस्तान हिमायती थे लेकिन बाद में उनकी विचारधारा बदल गई थी। अंतिम समय तक वह सिख समुदाय के लोगों को अलगावादी नेताओं से दूर रहने के लिए प्रेरित करते थे।

1 मार्च 2022
कंधार विमान अपहरण में शामिल आतंकी जहूर मिस्त्री की कराची में हत्या
खूंखार आतंकवादी और आईसी-814 अपहरणकर्ता जहूर मिस्त्री उर्फ जाहिद अखुंद की कराची में हत्या कर दी गई। वह 1999 में आईसी-814 के पांच अपहरणकर्ताओं में से एक था। उसकी हत्या 1 मार्च 2022 को हुई। मिस्त्री पिछले कई सालों से जाहिद अखुंद बनकर फर्जी पहचान के साथ कराची में रह रहा था। अखुंद क्रिसेंट फर्नीचर का मालिक था जो कराची में अख्तर कॉलोनी के भीतर था। रिपोर्ट के मुताबिक, दो हथियारबंद मोटरसाइकिल सवार उस इलाके की रेकी कर रहे थे जहाँ मिस्त्री की फर्नीचर की दुकान थी। अख्तर कॉलोनी की सड़कों पर घूमने के बाद अज्ञात मोटरसाइकिल सवार एक हमलावर फर्नीचर शो रूम में घुसकर जहूर मिस्त्री की हत्या कर दी।

पाकिस्तान में छिपे हैं भारत के मोस्ट वांटेड आतंकी

1. दाऊद इब्राहिमः भारत में कई आतंकी घटनाओं को अंजाम देने वाला दाऊद इब्राहिम पाकिस्तान में है। दाऊद के भांजे अलीशाह पारकर ने ED को दिए बयान में खुलासा किया था कि दाऊद इब्राहिम पाकिस्तान के कराची में है।

2. मौलाना मसूद अजहरः आतंकवादी संगठन जैश-ए-मोहम्मद का संस्थापक और प्रमुख नेता है।

3. हाफिज मुहम्मद सईदः प्रतिबंधित लश्कर-ए-तैयबा का संस्थापक है और जमात-उद-दावा का मुखिया है। साल 2008 में मुंबई पर हुए हमले में मुख्य आरोपी है। इस हमले में 166 लोगों की मौत हुई थी। मुंबई हमले के बाद हाफिज सईद को घर में नज़रबंद कर दिया गया था, लेकिन 2009 में छोड़ दिया गया, क्योंकि पाकिस्तान के सुप्रीम कोर्ट को उसके ख़िलाफ़ पर्याप्त सबूत नहीं मिले।

4. जकी-उर-रहमान लखवीः जकी-उर-रहमान लखवी उर्फ अबू वहीद इरशाद अहमद अरशद का पहली बार नाम उस समय लोगों ने सुना, जब साल 1999 में मुर्दिके सम्मेलन हुआ। लखवी ने फिदायिनों को भारत पर हमले करने और यहां पर खून-खराबा करने के लिए उकसाया था। लखवी ने उस समय इस बात को जोर देकर कहा था कि अब भारत को सबक सिखाने का समय आ गया है। मुंबई की लोकल ट्रेन में वर्ष 2006 में हुए ब्लास्ट्स के पीछे लखवी ही था।

5. वधावा सिंह बब्बरः ख़तरनाक आतंकी संगठन बब्बर खालसा का चीफ है। पंजाब में बड़ी घटनाओं के पीछे बब्बर खालसा का हाथ रहा है। वाधवा सिंह का पाकिस्तान की सेना और वहां की खुफिया एजेंसियों के साथ काफी गहरा रिश्ता है। बब्बर खालसा को ट्रेनिंग लश्कर-ए-तैयबा के कुख्यात आतंकवादियों द्वारा दी गई है। वधावा सिंह के दाऊद इब्राहिम से भी संबंध हैं और कई तरह की अवैध गतिविधियों में दोनों एक-दूसरे का साथ देते रहे हैं।

6. लखबीर सिंहः आतंक के दौर में देश छोड़कर इंग्लैंड चला गया था। बाद में इंग्लैंड से पाकिस्तान पहुंच गया। तब से वह पाकिस्तान में रह रहा है। वहां ISI के संपर्क में आने के बाद भारत में अपने पुराने संपर्क के सहारे देश विरोधी गतिविधियों को संचालित कर रहा था। उस पर भारत में कई स्लीपर सेल बनाने का भी आरोप है।

7. रणजीत सिंह नीताः खालिस्तान जिंदाबाद फोर्स (KZF) का चीफ है। वह पाकिस्तान में रहकर इस प्रतिबंधित आतंकवादी संगठन को चला रहा है। वह आतंकी गतिविधियों को अंजाम देने के लिए पंजाब से लोगों को भर्ती करता रहता है।

8. परमजीत सिंह पम्माः पम्मा के अमृतपाल सिंह से अच्छे संबंध हैं। पम्मा प्रतिबंधित संगठन बब्बर खालसा इंटरनैशनल से जुड़ा हुआ है। वह खालिस्तान टाइगर फोर्स का भी सदस्य है। NIA की मोस्ट वांटेड लिस्ट में पम्मा का नाम शुमार है। 1994 में पम्मा ने भारत छोड़ दिया था और पाकिस्तान चला गया। उसकी आईएसआई से भी करीबी है।

9. जावेद चिकनाः जावेद चिकना का नाम टेरर फंडिंग से जुड़ी एनआईए की एफआईआर में आया था। उसने 1993 के मुंबई बम धमाकों के लिए कई लोगों को बम बनाने और हथियार चलाने की ट्रेनिंग दी थी।

Leave a Reply