Home समाचार विपक्ष न फैलाए झूठ और भ्रम, हम थोड़े समय के लिए नहीं...

विपक्ष न फैलाए झूठ और भ्रम, हम थोड़े समय के लिए नहीं आए हैं :पीएम मोदी

SHARE

भारतीय जनता पार्टी के कार्यकारी अध्यक्ष जगत प्रकाश नड्डा को निर्विरोध तरीके से पार्टी का राष्ट्रीय अध्यक्ष चुन लिया गया है। नवनिर्वाचित अध्यक्ष के स्वागत में पार्टी मुख्यालय में हुए समारोह में कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने कहा कि हम थोड़े समय के लिए नहीं आए हैं। हमें सदियों तक देश की सेवा करनी है। उन्होंने कहा कि हम लंबे समय तक मां भारती की सेवा करने के लिए आए लोग हैं। हमें सदियों तक ये काम करना है और जिन आशाओं-आकांक्षाओं के कारण इस दल (भाजपा) का जन्म हुआ है, उन्हें पूरा किए बिना चैन से बैठना नहीं है।

प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि जनता द्वारा नकारे जा चुके लोग अब झूठ और भ्रम को हथियार के तौर पर इस्तेमाल कर रहे हैं, लेकिन लोगों का भरोसा डिगा नहीं है। उनका झूठ चलता रहेगा और हम भी चलते रहेंगे।

मौके पर मौजूद कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए पीएम मोदी ने कहा क कि हम सबके लिए अत्यंत गर्व का विषय है कि राजनीति में हम जिन आदर्शों और मूल्यों को लेकर चले थे, जिन आदर्शों और मूल्यों के लिए चार-चार, पांच-पांच पीढ़ियां खप गईं, भाजपा ने उन्हीं आदर्शों और मूल्यों को लेकर और राष्ट्र की आशा-अपेक्षा के अनुरूप अपने आप को ढाला है और विस्तार किया है।

उन्होंने कहा कि चुनावी मैदान को मैं कभी चुनौती नहीं मानता हूं। ये तो आते हैं, जाते हैं, चलते हैं। देश की आशाओं और आकांक्षाओं के अनुरूप कोटि-कोटि कार्यकर्ताओं को तैयार करना, उनको समर्पित भाव से आगे बढ़ाना और उन सबके सामूहिक पुरुषार्थ से देश को नई ऊंचाई पर ले जाना हमारा संकल्प है और हम इसलिए राजनीति में आए हैं।

पीएम मोदी ने कहा कि प्रारंभ से ही पार्टी का स्वभाव रहा है कि पार्टी के हॉरिजेंटली विस्तार के साथ ही कार्यकर्ताओं का भी वर्टिकल विस्तार होता रहे। इसी परंपरा के कारण भाजपा को नई-नई पीढ़ी मिलती चली जा रही है, जो अपने कालखंड में उत्तम से उत्तम सेवा करके पार्टी को आगे बढ़ाने में सक्षम है।

उन्होंने यह भी कहा कि भाजपा अध्यक्ष के रूप में अमित शाह के कार्यकाल को हमेशा याद रखा जाएगा। भारतीय जनता पार्टी ने काफी कम समय में विस्तार किया है, जनाकांक्षाओं से खुद को जोड़ा है और समयानुकूल परिवर्तन किया है। भाजपा सिर्फ संख्या बल पर नहीं, बल्कि जनसामान्य के दिलों में जगह बनाने वाली पार्टी है।

पीएम मोदी ने कहा कि राजनीतिक दल के लिए सत्ता में रहते हुए संघर्ष करना आसान नहीं होता है। ऐसे समय में दल को चलाना और उसे आगे बढ़ाना अपने आप में एक बहुत बड़ी चुनौती होती है। हमने पहले की तुलना में पार्टी की शक्ति बहुत बढ़ाई है। विश्व के सबसे बड़े लोकतंत्र द्वारा पली-बढ़ी और पनपी हुई पार्टी के लिए यह बहुत बड़ी बात है।

प्रधानमंत्री ने कहा कि यह उनका सौभाग्य रहा है कि पार्टी के वरिष्ठ जनों के मार्गदर्शन में उन्हें संगठन का काम करने का अवसर मिला है। उन्होंने कहा कि पार्टी के वरिष्ठजन कैसे भाजपा को आगे बढ़ाते रहे हैं और नए लोगों को मौका देते हैं, इसका उन्होंने लगातार अनुभव किया है। उन्होंने विश्वास जताया कि नड्डा जी का नेतृत्व पार्टी कार्यकर्ताओं में नई प्रेरणा और ऊर्जा भरने का काम करेगा।

 

Leave a Reply