भारत और संयुक्त अरब अमीरात (UAE) के मजबूत होते रिश्तों की झलक शुक्रवार, 15 मई को उस समय देखने को मिली, जब प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के अबू धाबी पहुंचने पर उनका बेहद भव्य स्वागत किया गया। पीएम मोदी के विमान के यूएई के हवाई क्षेत्र में प्रवेश करते ही वहां की वायुसेना के F-16 फाइटर जेट्स ने उनके विमान को एस्कॉर्ट किया। इसके बाद अबू धाबी एयरपोर्ट पर उन्हें गार्ड ऑफ ऑनर दिया गया।

खास बात यह रही कि यूएई के राष्ट्रपति शेख मोहम्मद बिन जायद अल नाहयान खुद एयरपोर्ट पर प्रधानमंत्री मोदी के स्वागत के लिए मौजूद रहे। इसे दोनों देशों के बीच गहरे होते रणनीतिक और व्यक्तिगत संबंधों का बड़ा संकेत माना जा रहा है।
प्रधानमंत्री मोदी ने एयरपोर्ट पर मिले गर्मजोशी भरे स्वागत के बाद सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर राष्ट्रपति नाहयान को ‘ब्रदर’ कहकर संबोधित किया। उन्होंने लिखा, “मैं अपने भाई, यूएई के राष्ट्रपति शेख मोहम्मद बिन जायद अल नाहयान का अबू धाबी एयरपोर्ट पर मेरे स्वागत के विशेष भाव के लिए धन्यवाद करता हूं। मैं ऊर्जा, निवेश, सप्लाई चेन और अन्य प्रमुख क्षेत्रों में भारत-यूएई संबंधों को और मजबूत बनाने को लेकर हमारी बातचीत का इंतजार कर रहा हूं।”
I thank my brother HH Sheikh Mohamed bin Zayed Al Nahyan, President of the UAE, for the special gesture of receiving me at Abu Dhabi airport. I look forward to our discussions towards furthering India-UAE ties across key sectors like energy, investment, supply chains and more.… pic.twitter.com/3RPRCipnsr
— Narendra Modi (@narendramodi) May 15, 2026
इसके बाद प्रधानमंत्री मोदी और राष्ट्रपति नाहयान के बीच प्रतिनिधिमंडल स्तर की वार्ता हुई। बातचीत के दौरान पीएम मोदी ने कहा कि यूएई की ओर से F-16 फाइटर जेट्स द्वारा दिया गया एस्कॉर्ट केवल उनका नहीं, बल्कि भारत के 140 करोड़ लोगों का सम्मान है। उन्होंने कहा, “आज जिस प्रकार आपकी वायुसेना के जहाजों ने मेरे विमान को एस्कॉर्ट किया, यह भारत के लोगों का सम्मान है। इसके लिए मैं आपका हृदय से आभार व्यक्त करता हूं।”

प्रधानमंत्री मोदी ने हाल में भारत में आई प्राकृतिक आपदाओं का भी जिक्र किया और पीड़ित परिवारों के प्रति संवेदना जताने के लिए यूएई नेतृत्व को धन्यवाद दिया। बैठक के दौरान क्षेत्रीय सुरक्षा और पश्चिम एशिया के हालात पर भी विस्तार से चर्चा हुई। प्रधानमंत्री मोदी ने यूएई पर हुए हमलों की कड़ी निंदा करते हुए कहा कि किसी भी देश की संप्रभुता और सुरक्षा पर हमला स्वीकार्य नहीं हो सकता।

उन्होंने कहा, “यूएई को जिस तरह निशाना बनाया गया है, वह किसी भी रूप में स्वीकार्य नहीं है। कठिन परिस्थितियों में आपने जिस संयम और साहस का परिचय दिया है, वह सराहनीय है।” पीएम मोदी ने कहा कि भारत हर परिस्थिति में यूएई के साथ कंधे से कंधा मिलाकर खड़ा रहेगा।

प्रधानमंत्री मोदी ने पश्चिम एशिया में जारी तनाव पर चिंता जताते हुए कहा कि इसका असर पूरी दुनिया पर पड़ रहा है। उन्होंने कहा कि भारत हमेशा बातचीत और कूटनीति के जरिए समस्याओं के समाधान का पक्षधर रहा है। पीएम मोदी ने होर्मुज स्ट्रेट का भी जिक्र किया और कहा कि इस महत्वपूर्ण समुद्री मार्ग को मुक्त, खुला और सुरक्षित बनाए रखना बेहद जरूरी है। उन्होंने अंतरराष्ट्रीय कानूनों के पालन पर भी जोर दिया।

उन्होंने कहा कि भारत क्षेत्र में जल्द शांति और स्थिरता बहाल करने के लिए हर संभव सहयोग देने को तैयार है। इस यात्रा के दौरान पीएम मोदी का क्षेत्रीय सुरक्षा, समुद्री मार्गों की सुरक्षा और पश्चिम एशिया में स्थिरता पर खुलकर बोलना यह भी दिखाता है कि भारत अब वैश्विक मुद्दों पर अधिक सक्रिय भूमिका निभा रहा है।

प्रधानमंत्री मोदी ने अपनी बैठक के मुख्य अंशों का वीडियो भी सोशल मीडिया पर साझा किया और कहा कि भारत और यूएई की साझेदारी आने वाले समय में और मजबूत होगी।
Sharing my remarks during meeting with my brother, His Highness Sheikh Mohamed bin Zayed Al Nahyan. @MohamedBinZayed https://t.co/j1hoGlPDib
— Narendra Modi (@narendramodi) May 15, 2026
देखिए कुछ और खास तस्वीरें-










