Home समाचार मोदी राज में एक और रिकॉर्ड, अप्रैल में EPFO से जुड़े सर्वाधिक...

मोदी राज में एक और रिकॉर्ड, अप्रैल में EPFO से जुड़े सर्वाधिक 18.92 लाख सदस्य

SHARE

प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी नेतृत्व में केंद्र सरकार की नीतियों के कारण देश में युवाओं के लिए रोजगार के अवसर बढ़े हैं। देश में रोजगार की स्थिति बेहतर हुई है। रोजगार के मोर्चे पर ही नए रिकॉर्ड बन रहे हैं। अब कर्मचारी भविष्य निधि संगठन (EPFO)-ईपीएफओ पेरोल डेटा शुरू होने के बाद से सबसे ज्यादा कर्मचारी जोड़ने का रिकॉर्ड बना है। EPFO से जुड़ने वाले नए सदस्यों की संख्या में भारी बढ़ोतरी हुई है। ईपीएफओ की ओर से जारी पेरोल डेटा के अनुसार ईपीएफओ ने अप्रैल 2024 में सर्वाधिक 18.92 लाख सदस्य अपने साथ जोड़े हैं। यह वृद्धि अप्रैल 2018 में पहले पेरोल डेटा प्रकाशित होने के बाद सर्वाधिक है। पिछले महीने मार्च 2024 की तुलना में सदस्यों की संख्या में 31.29 प्रतिशत की वृद्धि हुई है। इसके साथ ही अप्रैल 2023 की तुलना में यह 10 प्रतिशत की वृद्धि है।

युवाओं की संख्या में हुई काफी वृद्धि
ईपीएफओ की ओर से जारी पेरोल डेटा के अनुसार अप्रैल में जुड़े 18.92 लाख सदस्यों में से 8.87 लाख नए सदस्य हैं। इसमें 18 से 25 वर्ष के आयु वर्ग के लोगों की संख्या लगभग 55.50 प्रतिशत है। यह दिखाता है कि संगठित क्षेत्र के कार्यबल में रोजगार के इच्छुक बहुत से लोग पहली बार बड़ी संख्या में शामिल हो रहे हैं। अप्रैल के दौरान जोड़े गए कुल 8.87 लाख नए सदस्यों में से 2.49 लाख नई महिला सदस्य हैं, जो पहली बार ईपीएफओ में शामिल हुई हैं। इसके अलावा अप्रैल के दौरान महिला सदस्यों की कुल संख्या लगभग 3.91 लाख दर्ज की गई।

पेरोल के आंकड़ों की राज्य-वार डेटा में महाराष्ट्र, कर्नाटक, तमिलनाडु, गुजरात और हरियाणा में सबसे ज्यादा सदस्य जोड़े गए हैं। उद्योग-वार डेटा की महीने-दर-महीने तुलना से पता चलता है कि विशेषज्ञ सेवाएं, व्यापार – वाणिज्यिक प्रतिष्ठान, इलेक्ट्रिक, मैकेनिकल या सामान्य इंजीनियरिंग उत्पाद, इंजीनियर – इंजीनियरिंग ठेकेदार, स्कूल, भवन और निर्माण उद्योग, विश्वविद्यालय, कॉलेज, स्कूल आदि उद्योगों में लगे प्रतिष्ठानों में काम करने वाले सदस्यों में उल्लेखनीय वृद्धि हुई है।

ईपीएफओ डेटा के अनुसार पिछले वित्त वर्ष के दौरान उसके सदस्यों की कुल संख्या में 1.39 करोड़ की वृद्धि हुई यानी वित्त वर्ष 2022-23 के दौरान ईपीएफओ के साथ 1.39 करोड़ नए सब्सक्राइबर जुड़े। यह संख्या पिछले साल की तुलना में 13.22 प्रतिशत ज्यादा है। वित्त वर्ष 2021-22 में ईपीएफओ के सब्सक्राइबर्स की कुल संख्या में 1.22 करोड़ की वृद्धि हुई थी।

कर्मचारी भविष्य निधि संगठन संगठित क्षेत्र में 15,000 रुपये से अधिक का मूल वेतन पाने वाले और कर्मचारी पेंशन योजना-1995 (EPS-95) के तहत अनिवार्य रूप से नहीं आने वाले कर्मचारियों के लिए एक नई पेंशन योजना लाने पर विचार कर रहा है। वर्तमान में संगठित क्षेत्र के वे कर्मचारी जिनका मूल वेतन (मूल वेतन और महंगाई भत्ता) 15,000 रुपये तक है, अनिवार्य रूप से ईपीएस-95 के तहत आते हैं। एक अनुमान के अनुसार, पेंशन योग्य वेतन बढ़ाने से संगठित क्षेत्र के 50 लाख और कर्मचारी ईपीएस-95 के दायरे में आ सकते हैं।

अप्रैल में ESIC स्कीम से जुड़े 16.47 लाख नए सदस्य
कर्मचारी राज्य बीमा निगम की सामाजिक सुरक्षा योजना में अप्रैल 2024 में करीब 16.47 लाख नए सदस्य शामिल हुए है। अप्रैल, 2024 के महीने में लगभग 18,490 नए संस्थानों को रजिस्टर्ड किया गया। राष्ट्रीय सांख्यिकी कार्यालय (NSO) की ओर से जारी एक रिपोर्ट के अनुसार, कर्मचारी राज्य बीमा निगम की योजनाओं से सकल रूप से वित्त वर्ष 2022-23 में 1.67 करोड़ नए सदस्य जुड़े हैं। 2021-22 में 1.49 करोड़ लोग जुड़े जबकि 2020-21 में 1.15 करोड़ नए सदस्य जुड़े थे। आंकड़ों के अनुसार, इसके पहले वित्त वर्ष 2019-20 में 1.51 करोड़, 2018-19 में 1.49 करोड़, जबकि सितंबर, 2017 से लेकर मार्च, 2018 के बीच करीब 83.35 लाख सदस्य जुड़े थे।

पेरोल डाटा से यह भी पता चलता है कि युवाओं को जॉब के ज्यादा अवसर मिल रहे हैं। इस माह में कुल 16.47 लाख कर्मचारियों में से 7.84 लाख कर्मचारी 25 वर्ष आयु समूह वाले हैं, जो जुड़ने वाले कुल कर्मचारियों का 47.60 प्रतिशत हैं।

अप्रैल 2024 के वेतन आंकडों के मुताबिक, 3.38 लाख महिला सदस्य भी इसमें शामिल हुई हैं। इसके अलावा, इस महीने कुल 53 ट्रांसजेंडर कर्मचारी ईएसआई योजना के अंतर्गत शामिल हुए हैं। यह दिखाता है कि ईएसआईसी समाज के सभी वर्गों को लाभ प्रदान करने के प्रति समर्पित है।

Leave a Reply