Home समाचार देश में लगाई गई कोरोना टीके की 19 करोड़ से ज्यादा खुराक,...

देश में लगाई गई कोरोना टीके की 19 करोड़ से ज्यादा खुराक, ठीक होने की दर बढ़कर पहुंची 87.25 प्रतिशत पर

SHARE

देश में टीकाकरण अभियान के तहत अब तक दिए गए कोरोना टीके के कुल खुराक की संख्या 19 करोड़ से ज्यादा हो गयी। 21 मई की सुबह सात बजे तक कोविड-19 के टीके की कुल 19,18,79,503 खुराक दी जा चुकी हैं। देश में अभी तक दी गई कुल खुराक में 10 राज्यों का 66.32 प्रतिशत योगदान है।

देश में पिछले 24 घंटे में 20.61 लाख से ज्यादा जांच हुई जो अब तक किसी एक दिन में हुई सबसे ज्यादा जांच है। इस उपलब्धि के साथ देश ने कल बना अपना रिकॉर्ड तोड़ दिया।

देश में लगातार आठवें दिन कोविड-19 से स्वस्थ होने वाले लोगों की संख्या संक्रमण के नए मामलों से ज्यादा थी। पिछले 24 घंटे में बीमारी से 3,57,295 लोग स्वस्थ हुए। बीमारी से स्वस्थ होने वाले लोगों की कुल संख्या 2,27,12,735 हो गयी। स्वस्थ होने की राष्ट्रीय दर बढ़कर 87.25 प्रतिशत हो गयी। स्वस्थ होने वाले लोगों की संख्या में 10 राज्यों की 74.55 प्रतिशत हिस्सेदारी है।

एक और सकारात्मक घटनाक्रम के तहत देश में दर्ज किए जा रहे कोरोना के दैनिक नए मामले लगातार पांचवें दिन तीन लाख से कम हैं। पिछले 24 घंटे में 2,59,551 नए मामले दर्ज किए गए। पिछले 24 घंटे में सामने आए नए मामलों में 10 राज्यों की 76.66 प्रतिशत हिस्सेदारी है। तमिलनाडु में सबसे ज्यादा 35,579 और उसके बाद केरल में 30,491 नए मामले दर्ज किए गए।

दूसरी तरफ देश में कोविड-19 के सक्रिय मामलों की संख्या गिरकर 30,27,925 हो गयी। यह देश के कुल पॉजिटिव मामलों का 11.63 प्रतिशत है। पिछले 24 घंटे में सक्रिय मामलों की संख्या में 1,01,953 की कमी आयी है। देश के कुल सक्रिय मामलों में आठ राज्यों की हिस्सेदारी 69.47 प्रतिशत है।

Leave a Reply