Home समाचार देश में पिछले 24 घंटों में की गई रिकॉर्ड 20.66 लाख जांच,...

देश में पिछले 24 घंटों में की गई रिकॉर्ड 20.66 लाख जांच, कोरोना से स्वस्थ होने की दर बढ़कर हुई 87.76 प्रतिशत

SHARE

देश में पिछले 24 घंटे में 20.66 लाख से ज्यादा जांच हुई जो अब तक किसी एक दिन में हुई सबसे ज्यादा जांच है। इस उपलब्धि के साथ भारत ने कल बना अपना रिकॉर्ड तोड़ दिया। साथ ही लगातार चार दिनों से देश में 20 लाख से ज्यादा जांच की गयी।पिछले 24 घंटे में कुल 20,66,285 जांच की गयीं।

देश में लगातार 9वें दिन कोरोना से ठीक होने वाले लोगों की संख्या संक्रमण के नए मामलों से ज्यादा थी। पिछले 24 घंटे में बीमारी से 3,57,630 लोग स्वस्थ हुए। कोरोना से स्वस्थ होने वाले लोगों की कुल संख्या 2,30,70,365 हो गई है। कोरोना से स्वस्थ होने की राष्ट्रीय दर बढ़कर 87.76 प्रतिशत हो गई है।स्वस्थ होने वाले लोगों की संख्या में 10 राज्यों की 73.46 प्रतिशत हिस्सेदारी है।

एक और सकारात्मक खबर यह है कि कोरोना के दैनिक नए मामले लगातार छठे दिन तीन लाख से कम हैं। पिछले 24 घंटे में 2,57,299 नए मामले दर्ज किए गए। पिछले 24 घंटे में सामने आए नए मामलों में 10 राज्यों की 78.12 प्रतिशत हिस्सेदारी है। तमिलनाडु में सबसे ज्यादा 36,184 और उसके बाद कर्नाटक में 32,218 नए मामले दर्ज किए गए।

दूसरी तरफ देश में कोविड-19 के सक्रिय मामलों की संख्या गिरकर 29,23,400 हो गई है। यह देश के कुल पॉजिटिव मामलों का 11.12 प्रतिशत है। पिछले 24 घंटे में सक्रिय मामलों की संख्या में 1,04,525 की कमी आयी है। देश के कुल सक्रिय मामलों में आठ राज्यों की हिस्सेदारी 69.94 प्रतिशत है।

टीकाकरण अभियान के तीसरे चरण का विस्तार होने के साथ कोविड-19 टीके के कुल खुराक की संख्या 19.33 करोड़ से ज्यादा हो गई है। 22 मई को सुबह सात बजे तक टीके की कुल 19,33,72,819 खुराक दी जा चुकी हैं।

केंद्र सरकार को कोरोना को लेकर विभिन्न देशों से अंतर्राष्ट्रीय सहायता मिल रही है। इन्हें राज्यों और केंद्रशासित प्रदेशों राज्यों के लिए तुरंत रवाना किया जा रहा है। 27 अप्रैल से 20 मई, 2021 के बीच कुल मिलाकर 15,567 ऑक्सीजन कंसन्ट्रेटर, 15,801 ऑक्सीजन सिलेंडर, 19 ऑक्सीजन उत्पादन संयंत्र, 10,950 वेंटिलेटर और रेमडेसिविर की 6.6 लाख शीशियां राज्यों को पहुंचा दी गयी हैं।

 

Leave a Reply