Home समाचार सुनीता केजरीवाल ने संभाली कमान, 9 दिन में तीसरी बार मुख्यमंत्री की...

सुनीता केजरीवाल ने संभाली कमान, 9 दिन में तीसरी बार मुख्यमंत्री की कुर्सी पर दिखीं

SHARE

दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल को जब से प्रवर्तन निदेशालय की टीम ने गिरफ्तार किया है उनकी पत्नी सुनीता केजरीवाल ने मोर्चा संभाल रखा है। शराब घोटाले में अरविंद केजरीवाल को 21 मार्च, 2024 को गिरफ्तार किया गया। वो 1 अप्रैल तक ED की कस्टडी में हैं। पहले उन्हें एक सप्ताह के लिए कस्टडी में भेजा गया था, फिर इसे 4 दिन के लिए बढ़ा दिया गया। उनकी अनुपस्थिति में उनकी पत्नी सुनीता केजरीवाल ने बिना किसी पद के पार्टी की कमान संभाल ली है। न केवल पार्टी बल्कि वह मुख्यमंत्री की कुर्सी पर 9 दिन में तीन बार दिख चुकी हैं और वीडियो संदेश जारी कर चुकी हैं। मुख्यमंत्री की कुर्सी पर वह 23 मार्च, 27 मार्च और 29 मार्च को नजर आईं। ऐसे में सवाल उठता है कि क्या मुख्यमंत्री की कुर्सी पर कोई भी बैठ सकता है?

वीडियो संदेश में अरविंद केजरीवाल की कॉपी करने की कोशिश
जिस तरह से सुनीता केजरीवाल लगातार मोर्चा संभाल रही हैं उससे सवाल यही उठ रहा कि क्या वो अपने पति की राह पर चल निकली हैं। अपने वीडियो संदेश के दौरान उनका हाथ हिलाकर अपनी बात रखना, जरूरत के समय पॉज लेना, ये दिखाता है कि कैसे वो अपने पति की तरफ से दिया गया संदेश उसी तरह से दिल्ली की जनता को देना चाहती हैं। सुनीता केजरीवाल के लटके-झटके भी अरविंद केजरीवाल से मिलते-जुलते हैं। उन्होंने लोगों से मंदिर जाने और अरविंद केजरीवाल के लिए आशीर्वाद मांगने की बात कही।

सुनीता केजरीवाल 23 मार्च 2024 को मुख्यमंत्री की कुर्सी पर

पृथ्वी पर मेरा जन्म ही संघर्ष के लिए हुआ
सुनीता केजरीवाल ने 23 मार्च 2024 को अपने वीडियो संदेश में कहा कि आपके बेटे और भाई अरविंद केजरीवाल ने जेल से आपके लिए संदेश भेजा है- मेरे प्यारे देशवासियों, मुझे कल गिरफ्तार कर लिया गया। मैं अंदर रहूं या बाहर हर पल देश की सेवा करता रहूंगा। मेरी जिंदगी का एक-एक पल देश के लिए समर्पित है। मेरे शरीर का एक-एक कतरा देश के लिए है। इस पृथ्वी मेरा जीवन ही संघर्ष के लिए हुआ है। इस पृथ्वी पर मेरा जन्म ही संघर्ष के लिए हुआ है। आजतक बहुत संघर्ष किए, आगे भी मेरी जिंदगी में बड़े-बड़े संघर्ष लिखे हैं। इसलिए यह गिरफ्तारी मुझे अचम्भित नहीं करती है।

भारत को कमजोर कर रही अंदर और बाहर की शक्तियां
आप से मुझे बहुत प्यार मिला है। पिछले जन्म में जरूर मैंने बहुत पुण्य किए होंगे, जो मैं भारत जैसे महान देश में पैदा हुआ हूं। हमें मिलकर फिर से भारत को महान बनाना है। दुनिया का सबसे शक्तिशाली और नंबर वन देश बनाना है। भारत के अंदर और बाहर ढेरों ऐसी शक्तियां हैं जो भारत को कमजोर कर रही हैं। हमें सचेत रहकर इन शक्तियों को पहचानना और हराना है। भारत के अंदर ही ऐसे ढेरों ताकतें हैं जो देशभक्त हैं और देश को आगे बढ़ाना चाहती हैं। इन ताकतों के साथ जुड़ना है और इन्हें और मजबूत करना है।

ऐसी सलाखें नहीं जो केजरीवाल को बंद रख सके
दिल्ली की मेरी मां-बहनें सोच रही होंगी कि केजरीवाल तो अंदर चला गया, पता नहीं अब हजार रुपए मिलेंगे या नहीं। मेरी सभी माताओं और बहनों से अपील है कि अपने बेटे और भाई पर भरोसा रखें। ऐसी सलाखें नहीं जो आपके बेटे और भाई को ज्यादा दिन अंदर रख सकें। मैं जल्द बाहर आउंगा और अपना वादा पूरा करूंगा। क्या आजतक कभी हुआ कि केजरीवाल ने कोई वादा किया और उसे पूरा नहीं किया। आपका भाई-आपका बेटा लोहे का बना है। बहुत मजबूत है।

मंदिर जरूर जाना, मेरे लिए आशीर्वाद मांगना
बस एक विनती है कि आप सभी एक बार मंदिर जरूर जाना और भगवान से मेरी लिए आशीर्वाद मांगना। करोड़ों लोगों की दुआएं मेरे साथ है और यही मेरी ताकत है। आम आदमी पार्टी के सभी कार्यकर्ताओं से भी मेरी अपील है कि मेरे अंदर जाने से समाज सेवा और लोकसेवा का काम रूकना नहीं चाहिए। और हां, इस वजह से भाजपा वालों से भी नफरत नहीं करनी है। वे सब हमारे भाई-बहन हैं। मैं जल्द लौट कर वापस आउंगा। आपका अपना अरविंद।

सुनीता केजरीवाल 27 मार्च को मुख्यमंत्री की कुर्सी पर

शुगर लेवल ठीक नहीं चल रहा
सुनीता केजरीवाल ने 27 मार्च 2024 को अपने वीडियो संदेश में कहा कि कल शाम मैं जेल में अरविंद जी से मिलने गई थी। उन्हें डायबिटिज है। शुगर लेवल ठीक नहीं चल रहे हैं। लेकिन निश्चय दृढ़ है। दो दिन पहले उन्होंने जल मंत्री आतिशी जी को संदेश भेजा था कि लोगों के पानी और सीवर की समस्याओं का समाधान किया जाए। बताइए क्या गलत किया ? लोगों की समस्याओं का समाधान तो होना ही चाहिए। इस बात पर भी आप के सीएम पर केंद्र सरकार ने केस कर दिया। क्या ये लोग दिल्ली को तबाह करना चाहते हैं ? क्या ये लोग चाहते हैं कि दिल्ली लोग अपनी समस्याओं से जूझते रहें। इस बात से अरविंद की बेहद पीड़ा हुई है।

मेरा शरीर जेल में, आत्मा आप सबके बीच
अरविंद जी ने मुझसे एक बात और कही…सो-कॉल्ड शराब घोटाले की जांच में ईडी ने पिछले दो साल में ढाई सौ से ज्यादा रेड मार दिए…वो सो-कॉल्ड इस शराब घोटाले का पैसा ढूंढ रहे हैं। अभी तक किसी भी रेड में एक पैसा भी नहीं मिला। मनीष जी के यहां रेड मारी, संजय सिंह जी के यहां रेड मारी, सत्येंद्र जैन जी के यहां रेड मारी, एक भी पैसा नहीं मिला। हमारे यहां रेड मारी,मात्र 73 हजार रुपये मिले। तो वो इस सो-कॉल्ड इस शराब घोटाले का पैसा है कहां ? अरविंद जी ने कहा है कि इसका खुलासा 28 मार्च को कोर्ट के सामने करेंगे। सारे देश को सच-सच बताएंगे कि इस सो-कॉल्ड शराब घोटाले का पैसा है कहां ? उसका सबूत भी देंगे। अरविंद जी बहुत सच्चे, देशभक्त, निडर और साहसी व्यक्ति हैं। उनकी लंबी आयु, सेहत और सफलता की कामना करना। उन्होंने कहा है कि मेरा शरीर जेल में हैं। लेकिन आत्मा आप सबके बीच है। आंखें बंद करों, मुझे आस-पास महसूस करोंगे।

सुनीता केजरीवाल 29 मार्च को मुख्यमंत्री की कुर्सी पर

तानाशाही ताकतों को ललकारा है
सुनीता केजरीवाल ने 29 मार्च 2024 को अपने वीडियो संदेश में कहा कि कल कोर्ट में अरविंद जी ने अपना पक्ष रखा। आप सब ने तो सुना ही होगा। अगर नहीं सुना है तो एक बार प्लीज उसको जरूर सुनें। उन्होंने जो कुछ कोर्ट के सामने कहा उसके लिए बड़ी हिम्मत चाहिए, वो एक सच्चे राष्ट्रभक्त हैं, बिलकुल ऐसे ही हमारे स्वतंत्रता सेनानी अंग्रेजों की तानाशाही से लड़ते थे।पिछले 30 साल से मैं उनके साथ हूं। देशभक्ति उनके रोम-रोम में भरी है। अरविंद ने देश की सबसे ताकतवर, भ्रष्टाचारी और तानाशाही ताकतों को ललकारा है। आपने अरविंद जी को अपना भाई अपना बेटा कहा है। क्या इस लड़ाई में आप अपने ‘भाई’/’बेटे’ का साथ नहीं देंगे? मुझे पूरा विश्वास है कि हमसब साथ मिलकर ये लड़ाई लड़ेंगे। मैं आपको एक व्हाट्सएप्प नंबर दे रही हूं। व्हाट्सएप्प नंबर 8297324624 है।

केजरीवाल के लिए मन्नत और व्रत रखा
आज से हम एक अभियान शुरू कर रहे हैं जिसका नाम है केजरीवाल को आशीर्वाद। इस व्हाट्सएप्प नंबर पर आप अपने अरविंद को आशीर्वाद भेज सकते हैं। शुभकामनाएं भेज सकते हैं, दुआएं भेज सकते हैं, प्रार्थना भेज सकते हैं। कोई और भी संदेश देना चाहें तो वो भी दे सकते हैं। कई माताओं ने अपने बेटे के लिए मन्नत मांगी है, कई बहनों ने भी अपने भाई के लिए मन्नत मांगी है। वो भी लिख कर भेजें। मुझे कई लोगों के फोन भी आए, उन्होंने अरविंद जी के लिए व्रत रखा है। कितना प्यार करते हैं अरविंद जी से लोग। वो सब लिख कर भेजिए। कुछ और भी अगर कहना है, कुछ मन में आए, इस वाट्सएप नंबर पर भेजिए। हर परिवार का हर सदस्य लिख कर भेजे। आपके मैसेज पढ़ के उन्हें बहुत अच्छा लगेगा। आपका एक-एक मैसेज उन तक पहुंचेगा। मैं आप सबके मैसेज उनको जेल में देकर आऊंगी और उन्हें मैसेज देने के लिए आपको आम आदमी पार्टी का होने के जरूरत नहीं है। आप किसी भी पार्टी से हों या कोई भी हों अरविंद जी को मैसेज जरूर भेजें। सभी युवा महिलाएं, बच्चे, बूढ़े, अमीर, गरीब सब लोग अपने भाई अपने बेटे अरविंद जी को कुछ न कुछ जरूर लिखें। इसके साथ ही इस नंबर का भी खूब प्रचार करें। एक बार फिर से नंबर बता रही हूं।

Leave a Reply