Home समाचार भारत और श्रीलंका संबंधों के बीच एक नए अध्याय का शुभारंभ कर...

भारत और श्रीलंका संबंधों के बीच एक नए अध्याय का शुभारंभ कर रहे हैं- प्रधानमंत्री मोदी

SHARE

प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने कहा है कि भारत और श्रीलंका राजनयिक और आर्थिक संबंधों की दिशा में एक नए अध्याय का शुभारंभ कर रहे हैं। आज 14 अक्तूबर को वीडियो संदेश के माध्यम से भारत के नागपट्टिनम और श्रीलंका के कांकेसंथुराई के बीच नौका सेवाओं के शुभारंभ के अवसर पर प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि नागपट्टिनम और कांकेसंथुराई के बीच नौका सेवाओं का शुभारंभ दो देशों के बीच संबंधों को मजबूत बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण मील का पत्थर है।

प्रधानमंत्री ने कहा कि नागपट्टिनम और इससे जुड़े हुए आसपास के शहर श्रीलंका सहित कई देशों के साथ समुद्री व्यापार के लिए जाने जाते रहे हैं और प्राचीन तमिल साहित्य में पूमपुहार के ऐतिहासिक बंदरगाह को केन्द्रित रूप में बताया गया है। उन्होंने महान कवि सुब्रमण्यम भारती के गीत ‘सिंधु नधियिन मिसाई’ को भी याद किया, जिसमें भारत और श्रीलंका को आपस में जोड़ने वाले एक पुल का वर्णन है। उन्होंने आगे कहा कि नौका सेवा उन सभी ऐतिहासिक और सांस्कृतिक संबंधों को जीवन देती है।

प्रधानमंत्री मोदी ने कहा, “कनेक्टिविटी दो शहरों को साथ जोड़ने के बारे में नहीं है। यह हमारे देशों को भी नजदीक लाता है, हमारे लोग और नजदीक आते हैं और हमारे दिलों को जोड़ता है।” उन्होंने जोर देकर कहा कि कनेक्टिविटी व्यापार, पर्यटन और लोगों के बीच संबंधों को बढ़ाती है, साथ ही दोनों देशों के युवाओं के लिए नए सुअवसरों का सृजन करती है। प्रधानमंत्री ने कहा कि श्रीलंका से तीर्थ नगरी कुशीनगर में पहली अंतर्राष्ट्रीय उड़ान के आगमन का उत्सव भी मनाया गया था। उन्होंने यह जानकारी भी दी कि चेन्नई और जाफना के बीच सीधी उड़ान वर्ष 2019 में आरंभ की गई थी और अब नागपट्टिनम और कांकेसंथुराई के बीच नौका सेवा इस दिशा में एक अन्य महत्वपूर्ण कदम है।

“कनेक्टिविटी के लिए हमारा दृष्टिकोण परिवहन क्षेत्र की सीमाओं से बहुत आगे की ओर देखता है।” प्रधानमंत्री ने इस बात पर जोर दिया कि भारत और श्रीलंका फिन-टेक और ऊर्जा जैसे क्षेत्रों की एक विस्तृत श्रृंखला में सहयोग कर रहे हैं। श्री मोदी ने बताया कि दोनों देशों की सरकार यूपीआई और लंका-पे को एक साथ जोड़कर फिन-टेक क्षेत्र कनेक्टिविटी पर कार्य कर रही हैं। उन्होंने ऊर्जा सुरक्षा और विश्वसनीयता बढ़ाने के लिए दोनों देशों के बीच ऊर्जा ग्रिड को जोड़ने के बारे में भी बताया, क्योंकि ऊर्जा सुरक्षा भारत और श्रीलंका दोनों की विकास यात्रा के लिए महत्वपूर्ण है।

प्रधानमंत्री मोदी ने जोर देकर कहा कि प्रगति और विकास के लिए साझेदारी भारत-श्रीलंका के द्विपक्षीय संबंधों के सबसे मजबूत आधार स्तंभों में से एक है। उन्होंने कहा, “हमारा दृष्टिकोण विकास को सभी तक ले जाना है, किसी को भी इससे वंचित नहीं रखना है।” प्रधानमंत्री ने बताया कि श्रीलंका में भारत की सहायता से कार्यान्वित परियोजनाओं ने लोगों के जीवन को नया रूप दिया है। उन्होंने कहा, “चाहे उत्तर से दक्षिण को जोड़ने वाली रेलवे लाइनों की बहाली हो, प्रतिष्ठित जाफना सांस्कृतिक केंद्र का निर्माण, पूरे श्रीलंका में आपातकालीन एम्बुलेंस सेवा शुरू करना, डिक ओया में मल्टी-स्पेशियलिटी अस्पताल हम सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास और सबका प्रयास के दृष्टिकोण के साथ कार्य कर रहे हैं।”

प्रधानमंत्री ने नौका सेवा के सफल शुभारंभ के लिए श्रीलंका के राष्ट्रपति, सरकार और जनता का आभार व्यक्त किया और साथ ही उन्हें धन्यवाद दिया। उन्होंने रामेश्वरम और तलाईमन्नार के बीच नौका सेवा के पुनः आरंभ करने के बारे में भी बताया। प्रधानमंत्री ने कहा, “भारत अपने लोगों के पारस्परिक लाभ के लिए हमारे द्विपक्षीय संबंधों को और मजबूत बनाने की दिशा में श्रीलंका के साथ मिलकर कार्य करने के लिए प्रतिबद्ध है।”

Leave a Reply