Home समाचार प्रधानमंत्री मोदी ने जापान के हिरोशिमा में महात्मा गांधी की प्रतिमा का...

प्रधानमंत्री मोदी ने जापान के हिरोशिमा में महात्मा गांधी की प्रतिमा का किया अनावरण

SHARE

प्रधानमंत्री नरेन्‍द्र मोदी ने 20 मई, 2023 को जापान के हिरोशिमा में महात्मा गांधी की प्रतिमा का अनावरण किया। अनावरण के बाद उन्होंने महात्मा गांधी को पुष्पांजलि अर्पित की। प्रधानमंत्री मोदी जी7 शिखर सम्मेलन में भाग लेने के लिए जापान यात्रा पर हैं। 19 से 21 मई तक होने वाले जी-7 शिखर सम्मेलन के दौरान महात्मा गांधी की प्रतिमा भारत और जापान के बीच दोस्ती और सद्भावना के प्रतीक के रूप में हिरोशिमा शहर को भेंट की गई है। प्रतिमा का अनावरण करने के अवसर पर प्रधानमंत्री ने कहा, ‘हिरोशिमा में महात्मा गांधी की आवक्ष प्रतिमा का अनावरण किया। हिरोशिमा में यह मूर्ति एक बहुत ही महत्वपूर्ण संदेश देती है। शांति और सद्भाव के गांधीवादी आदर्श विश्व स्तर पर प्रतिध्वनित होते हैं और लाखों लोगों को ताकत देते हैं।’

पद्म भूषण पुरस्कार से सम्मानित राम वनजी सुतार ने 42 इंच लंबी कांस्य प्रतिमा को तैयार किया है। मोतोयासु नदी से सटा यह स्थल प्रतिष्ठित ए-बम डोम के करीब है, जिसे देखने के लिए रोजाना हजारों स्थानीय लोग और पर्यटक समान रूप से आते हैं। इस स्थान को शांति और अहिंसा के लिए एकजुटता के प्रतीक के रूप में चुना गया है। महात्मा गांधी ने अपना जीवन शांति और अहिंसा के लिए समर्पित कर दिया। यह स्थान वास्तव में गांधीजी के सिद्धांतों और जीवन के साथ प्रतिध्वनित होता है, जो दुनिया और नेताओं को प्रेरित करता है।

अनावरण समारोह के दौरान जापान के प्रधानमंत्री के विशेष सलाहकार और सांसद नकातानी जेन, हिरोशिमा शहर के मेयर कासुमी मत्सुई, हिरोशिमा सिटी असेम्‍बली के अध्यक्ष ततसुनोरी मोतानी, हिरोशिमा के सांसद और वरिष्ठ सरकारी अधिकारी, भारतीय समुदाय के सदस्य और जापान में महात्मा गांधी के अनुयायी शामिल थे।

Leave a Reply