Home समाचार प्रधानमंत्री मोदी ने दी शहीद भगत सिंह को उनकी जयंती पर श्रद्धांजलि

प्रधानमंत्री मोदी ने दी शहीद भगत सिंह को उनकी जयंती पर श्रद्धांजलि

SHARE
फाइल फोटो

प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने आज, 28 सितंबर को शहीद भगत सिंह की जयंती पर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की। प्रधानमंत्री मोदी ने अपने ट्वीट संदेश में कहा, ‘मां भारती के वीर सपूत अमर शहीद भगत सिंह की जयंती पर उन्हें कोटि-कोटि नमन। वीरता और पराक्रम की उनकी गाथा देशवासियों को युगों-युगों तक प्रेरित करती रहेगी।’

प्रधानमंत्री मोदी ने अपने संदेश के साथ 27 सिंतबर को प्रसारित ‘मन की बात’ रेडियो कार्यक्रम का एक वीडियो भी शेयर किया है। इसमें प्रधानमंत्री मोदी ने कहा, ‘मेरे प्यारे देशवासियो, मैं आपको अतीत के एक हिस्से में ले जाना चाहता हूं। एक-सौ-एक साल पुरानी बात है। 1919 का साल था। अंग्रेजी हुकूमत ने जलियांवाला बाग़ में निर्दोष लोगों का कत्लेआम किया था। इस नरसंहार के बाद एक बारह साल का लड़का उस घटनास्थल पर गया। वह खुशमिज़ाज और चंचल बालक, लेकिन, उसने जलियांवाला बाग में जो देखा, वह उसकी सोच के परे था। वह स्तब्ध था, यह सोचकर कि कोई भी इतना निर्दयी कैसे हो सकता है। वह मासूम गुस्से की आग में जलने लगा था। उसी जलियांवाला बाग़ में उसने अंग्रेजी शासन के खिलाफ़ लड़ने की कसम खायी। क्या आपको पता चला कि मैं किसकी बात कर रहा हूँ? हाँ! मैं, शहीद वीर भगतसिंह की बात कर रहा हूँ। कल, 28 सितम्बर को हम शहीद वीर भगतसिंह की जयन्ती मनायेंगे। मैं, समस्त देशवासियों के साथ साहस और वीरता की प्रतिमूर्ति शहीद वीर भगतसिंह को नमन करता हूँ। क्या आप कल्पना कर सकते हैं, एक हुकूमत, जिसका दुनिया के इतने बड़े हिस्से पर शासन था, इसके बारे में कहा जाता था कि उनके शासन में सूर्य कभी अस्त नहीं होता। इतनी ताकतवर हुकूमत, एक 23 साल के युवक से भयभीत हो गयी थी। शहीद भगतसिंह पराक्रमी होने के साथ-साथ विद्वान भी थे, चिन्तक थे। अपने जीवन की चिंता किये बगैर भगतसिंह और उनके क्रांतिवीर साथियों ने ऐसे साहसिक कार्यों को अंजाम दिया, जिनका देश की आज़ादी में बहुत बड़ा योगदान रहा। शहीद वीर भगतसिंह के जीवन का एक और खूबसूरत पहलू यह है कि वे टीम वर्क के महत्व को बख़ूबी समझते थे। लाला लाजपतराय के प्रति उनका समर्पण हो या फिर चंद्रशेखर आज़ाद, सुखदेव, राजगुरु समेत क्रांतिकारियों के साथ उनका जुड़ाव, उनके लिये, कभी व्यक्तिगत गौरव, महत्वपूर्ण नहीं रहा। वे जब तक जिए, सिर्फ एक मिशन के लिए जिए और उसी के लिये उन्होंने अपना बलिदान दे दिया – वह मिशन था भारत को अन्याय और अंग्रेजी शासन से मुक्ति दिलाना। मैंने NaMoApp पर हैदराबाद के अजय एस. जी का एक कमेंट पढ़ा। अजय जी लिखते हैं – आज के युवा कैसे भगत सिंह जैसे बन सकते हैं ? देखिये! हम भगत सिंह बन पायें या ना बन पायें, लेकिन, भगत सिंह जैसा देश प्रेम, देश के लिये कुछ कर-गुजरने का ज़ज्बा, जरुर, हम सबके दिलों में हो। शहीद भगत सिंह को यही हमारी सबसे बड़ी श्रद्धांजलि होगी। चार साल पहले, लगभग यही समय था, जब, सर्जिकल स्ट्राइक के दौरान दुनिया ने हमारे जवानों के साहस, शौर्य और निर्भीकता को देखा था। हमारे बहादुर सैनिकों का एक ही मकसद और एक ही लक्ष्य था, हर कीमत पर, भारत माँ के गौरव और सम्मान की रक्षा करना। उन्होंने, अपनी ज़िंदगी की जरा भी परवाह नहीं की। वे, अपने कर्त्तव्य पथ पर आगे बढ़ते गए और हम सबने देखा कि किस प्रकार वे विजयी होकर के सामने आये। भारत माता का गौरव बढ़ाया।’

Leave a Reply