Home समाचार प्रधानमंत्री मोदी ने की रूस के राष्ट्रपति पुतिन से बात

प्रधानमंत्री मोदी ने की रूस के राष्ट्रपति पुतिन से बात

SHARE

प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने सोमवार को रूस के राष्ट्रपति व्लादीमीर पुतिन से फोन पर बात की। दोनों नेताओं ने आपसी और वैश्विक मुद्दों पर चर्चा की।
इसके साथ ही प्रधानमंत्री मोदी और राष्ट्रपति पुतिन ने क्षेत्रीय और वैश्विक सुरक्षा, शांति और स्थिरता सुनिश्चित करने के लिए भारत और रूस के दृष्टिकोण में समानता का जिक्र किया।

प्रधानमंत्री मोदी ने राष्ट्रपति पुतिन को हाल ही में रूस ने मनाए गए क्रिसमस की शुभकामनाएं दी। प्रधानमंत्री ने राष्ट्रपति पुतिन और रूस के लोगों को नववर्ष की बधाई भी दी। राष्ट्रपति पुतिन ने भी प्रधानमंत्री मोदी को नववर्ष की बधाई देते हुए भारत के लोगों की समृद्धि, प्रगति, शांति और खुशी की कामना की।

दोनों नेताओं ने हाल के वर्षों, खासकर 2019 में भारत-रूस के बीच विशेष रणनीतिक साझेदारी में हुई प्रगति पर खुशी जाहिर की। प्रधानमंत्री मोदी और राष्ट्रपति पुतिन ने वर्ष 2020 में भी सभी क्षेत्रों में भारत-रूस संबंधों को और मजबूत करने, निकटता से परामर्श जारी रखने और काम करने पर सहमति व्यक्त की।

प्रधानमंत्री मोदी ने जोर देकर कहा कि वर्ष 2020 रूस के लिए विशेष महत्व का होगा। उन्होंने इस वर्ष मई में मॉस्को में होने वाले 75वें विजय दिवस समारोह के निमंत्रण के लिए आभार भी व्यक्त किया। प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि वह इस वर्ष रूस में शंघाई सहयोग संगठन और ब्रिक्स देशों के शिखर सम्मेलन में भाग लेने और 21वें द्विपक्षीय वार्षिक शिखर सम्मेलन के वास्ते भारत में राष्ट्रपति पुतिन का स्वागत करने के लिए भी उत्सुक हैं।

Leave a Reply