Home समाचार जिसने देश को लूटा है उनको लौटाना पड़ेगा- प्रधानमंत्री मोदी

जिसने देश को लूटा है उनको लौटाना पड़ेगा- प्रधानमंत्री मोदी

SHARE

प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने 5 फरवरी, 2024 को लोकसभा में राष्ट्रपति के अभिभाषण को लेकर धन्यवाद प्रस्ताव पर चर्चा का जवाब देते हुए विपक्ष पर करारा हमला किया। धन्यवाद प्रस्ताव का जवाब देते हुए पीएम मोदी ने साफ कहा कि मैं इस पवित्र सदन में दोहराता हूं कि जिसे जितना जुल्म मुझ पर करना है कर ले, मेरी भ्रष्टाचार के खिलाफ लड़ाई चलती रहेगी। जिसने देश को लूटा है उनको लौटाना पड़ेगा।

उन्होंने कांग्रेस पर तंज कसते हुए साफ कहा कि पहले सदन का पूरा समय घोटालों की चर्चा में जाता था, भ्रष्टाचार की चर्चा में जाता था। लगातार एक्शन की मांग होती थी, चारों तरफ सिर्फ भ्रष्टाचार की ही खबरें होती थीं। आज जब भ्रष्टाचारियों पर कार्रवाई होती है तो ये लोग उनके समर्थन में हंगामा करते हैं।

प्रधानमंत्री मोदी ने कहा अब बिचौलियों के लिए गरीबों को लूटना बहुत मुश्किल हो गया है। डीबीटी, जनधन अकाउंट, आधार, मोबाइल उसकी ताकत हमने पहचानी है। 30 लाख करोड़ रुपए से ज्यादा की रकम हमने लोगों के खाते में सीधा पहुंचायी है। पहले कांग्रेस के एक प्रधानमंत्री ने कहा था कि हम 100 रुपए भेजते हैं तो 15 पैसे ही गरीबों तक पहुंचते हैं।

उन्होंने कहा कि आज युवाओं के लिए जितने नए अवसर बने हैं, ये पहले कभी नहीं बने। आज चारों तरफ स्टार्टअप्स की गूंज है, यूनिकॉर्न्स चर्चा में है। 2014 के पहले डिजिटल इकोनॉमी की साइज ना के बराबर थी। आज भारत, दुनिया की अग्रणी डिजिटल इकोनॉमी है। लाखों युवा इससे जुड़े हैं।

प्रधानमंत्री ने कहा कि आज हमारी नारी शक्ति ग्रामीण अर्थव्यवस्था को नई ताकत दे रही है। आज वुमेन सेल्फ हेल्प ग्रुप से 10 करोड़ बहनें जुड़ी हैं।
आज देश में करीब-करीब 1 करोड़ लखपति दीदी बनी हैं। हमारा लक्ष्य 3 करोड़ लखपति दीदी बनाने का है।

धन्यवाद प्रस्ताव का जवाब देते हुए प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि हमारा तीसरा कार्यकाल बहुत बड़े फैसलों का होगा। मैंने लाल किले से कहा था और राम मंदिर प्राण प्रतिष्ठा के समय भी दोहराया था कि देश को अगले हजार वर्षों तक समृद्ध और सिद्धि के शिखर पर देखना चाहता हूं। तीसरा कार्यकाल अगले 100 वर्षों के लिए एक मजबूत नींव रखने का कार्यकाल होगा।

उन्होंने कहा कि हमने अपने पहले कार्यकाल में यूपीए के समय के जो गड्ढे थे, उस गड्ढे को भरने काफी समय और शक्ति लगाई। हमने अपने दूसरे कार्यकाल में नए भारत की नींव रखी और तीसरे कार्यकाल में हम विकसित भारत के निर्माण को नई गति देंगे। प्रधानमंत्री ने कहा कि अब हमारी सरकार का तीसरा कार्यकाल भी बहुत दूर नहीं है। ज्यादा से ज्यादा 100-125 दिन बाकी हैं और पूरा देश कह रहा है… अबकी बार 400 पार। 2024 के लोकसभा चुनाव में NDA को तो 400 पार सीटें मिलेंगी ही, लेकिन देश, भाजपा को 370 सीटें अवश्य देगा।

प्रधानमंत्री ने कहा कि नेहरू जी ने लाल किले से कहा था- हिंदुस्तान में काफी मेहनत करने की आदत आमतौर से नहीं है। हम इतना काम नहीं करते हैं। जितना यूरोप, जापान, चीन, रुस और अमेरिका वाले करते हैं। नेहरू जी की भारतीयों के प्रति सोच थी कि भारतीय आलसी हैं। उन्होंने कहा कि इंदिरा जी की सोच भी नेहरू जी से ज्यादा अलग नहीं थी। उन्होंने लाल किले से कहा था- दुर्भाग्यवश हमारी आदत ये है कि जब कोई शुभ काम पूरा होने को होता है तो हम आत्मसंतुष्टि की भावना से ग्रस्त हो जाते हैं और जब कोई कठिनाई आ जाती है तो हम नाउम्मीद हो जाते हैं।

पीएम मोदी ने कहा कि कांग्रेस की जो मानसिकता है, जिसका देश को बहुत नुकसान हुआ है। कांग्रेस ने देश के सामर्थ्य पर कभी विश्वास नहीं किया, वो अपने आप को शासक मानते रहे और जनता-जनार्दन को कमतर आंकते गए। नौ दिन चले, ढाई कोस। ये कहावत पूरी तरह कांग्रेस को परिभाषित करती है। कांग्रेस की सुस्त रफ्तार का कोई मुकाबला नहीं है। उन्होंने कहा कि आज विपक्ष की जो हालत है, इसकी सबसे बड़ी दोषी कांग्रेस पार्टी है। कांग्रेस को एक अच्छा विपक्ष बनने का बहुत बड़ा अवसर मिला था, लेकिन 10 वर्षों में ये उस दायित्व को निभाने में भी विफल हो गए।

Leave a Reply