Home समाचार ऑपरेशन सिंदूर के एक साल: प्रधानमंत्री मोदी ने किया सेना के शौर्य...

ऑपरेशन सिंदूर के एक साल: प्रधानमंत्री मोदी ने किया सेना के शौर्य को सलाम, देशवासियों से DP बदलने की अपील

SHARE

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने आज, 7 मई को ‘ऑपरेशन सिंदूर’ के एक वर्ष पूरे होने पर भारतीय सशस्त्र बलों के साहस, पराक्रम और पेशेवर क्षमता को सलाम किया है। पीएम मोदी ने कहा कि एक साल पहले भारतीय सेनाओं ने अद्वितीय वीरता, सटीक रणनीति और दृढ़ संकल्प का परिचय देते हुए पहलगाम में निर्दोष भारतीयों पर हमला करने वालों को करारा जवाब दिया था। उन्होंने कहा कि पूरा देश आज सेना के शौर्य और बलिदान को नमन कर रहा है।

प्रधानमंत्री ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर अपने संदेश में कहा कि ऑपरेशन सिंदूर केवल एक सैन्य अभियान नहीं था, बल्कि यह आतंकवाद के खिलाफ भारत की जीरो टॉलरेंस नीति और राष्ट्रीय सुरक्षा के प्रति अटूट प्रतिबद्धता का प्रतीक था। उन्होंने कहा कि इस अभियान ने भारतीय सेनाओं की तत्परता, समन्वय और पेशेवर क्षमता को दुनिया के सामने मजबूती से रखा।

प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि ऑपरेशन सिंदूर ने यह भी दिखाया कि भारत की तीनों सेनाएं किस तरह बेहतर तालमेल और आधुनिक रणनीति के साथ काम कर रही हैं। उन्होंने रक्षा क्षेत्र में आत्मनिर्भरता की दिशा में देश के बढ़ते कदमों का जिक्र करते हुए कहा कि स्वदेशी रक्षा क्षमता ने राष्ट्रीय सुरक्षा को और अधिक मजबूत बनाया है।

पीएम मोदी ने दोहराया कि भारत का संकल्प आज भी उतना ही अडिग है जितना एक साल पहले था। उन्होंने कहा कि सरकार का लक्ष्य केवल आतंकवादियों को मार गिराना नहीं है, बल्कि उस पूरे ईकोसिस्टम और तंत्र को जड़ से उखाड़ फेंकना है जो आतंक की फसल को पनपने में मदद करता है। उन्होंने विश्वास दिलाया कि भारत अपनी सुरक्षा के साथ कभी समझौता नहीं करेगा।

इस खास मौके को एक जन-आंदोलन का रूप देते हुए प्रधानमंत्री ने देश के आम नागरिकों से एक विशेष आग्रह किया है। उन्होंने सभी से अपील की है कि वे सशस्त्र बलों की वीरता के सम्मान में और ऑपरेशन सिंदूर की जीत का जश्न मनाने के लिए अपने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म जैसे फेसबुक, इंस्टाग्राम, व्हाट्सएप और एक्स की डिस्प्ले पिक्चर- DP को बदलें। उन्होंने इसके लिए एक विशेष तस्वीर भी साझा की है ताकि पूरा देश एकजुट होकर अपनी सेना के पीछे खड़ा नजर आए।

प्रधानमंत्री मोदी ने एक्‍स पर लिखा, “एक साल पहले, #OperationSindoor के दौरान हमारी सशस्त्र सेनाओं ने अद्वितीय साहस, सटीकता और दृढ़ संकल्प का प्रदर्शन किया। उन्होंने पहलगाम में निर्दोष भारतीयों पर हमला करने की हिम्मत करने वालों को मुंहतोड़ जवाब दिया। पूरा देश हमारी सेनाओं के शौर्य को सलाम करता है। ऑपरेशन सिंदूर आतंकवाद के खिलाफ भारत की कड़ी कार्रवाई और राष्ट्रीय सुरक्षा के प्रति अटूट प्रतिबद्धता का प्रतीक था। इसने हमारे सशस्त्र बलों की पेशेवर क्षमता, तत्परता और समन्वित शक्ति को भी उजागर किया। साथ ही, इसने हमारे बलों के बीच बढ़ते समन्‍वय को प्रदर्शित किया और रक्षा क्षेत्र में आत्मनिर्भरता की दिशा में भारत के प्रयासों से राष्ट्रीय सुरक्षा को मिली मजबूती को रेखांकित किया। आज, एक साल बाद भी, आतंकवाद को हराने और उसे पनपने में मदद करने वाले पूरे तंत्र को समूल नष्‍ट करने के अपने संकल्प पर हम पहले की तरह ही अडिग हैं।”

एक अन्य पोस्ट में उन्होंने लिखा, “एक साल पहले, #ऑपरेशनसिंदूर के दौरान, हमारी सशस्त्र सेनाओं ने अपनी वीरता का प्रदर्शन किया और हमारे लोगों पर हमला करने वालों को करारा जवाब दिया। हर भारतीय को हमारी सशस्त्र सेनाओं पर गर्व है। #ऑपरेशनसिंदूर के दौरान हमारी सेनाओं और उनकी सफलता के प्रति सम्मान व्यक्त करते हुए, आइए हम एक्‍स, फेसबुक, इंस्टाग्राम और व्हाट्सएप सहित सभी सोशल मीडिया शामिल पर अपनी डिस्प्ले पिक्चर को नीचे दी गई तस्वीर से बदलें।”

Leave a Reply