प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी जापान के पूर्व प्रधानमंत्री शिंजो आबे के अंतिम संस्कार में शामिल होने के लिए आज शाम टोक्यो रवाना होंगे। प्रधानमंत्री मोदी शिंजो आबे की पत्नी अक्की आबे से मुलाकात कर शोक-संवेदना भी व्यक्त करेंगे। पूर्व प्रधानमंत्री आबे की 8 जुलाई,2022 को एक चुनाव प्रचार कार्यक्रम के दौरान गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। प्रधानमंत्री मोदी अपनी इस छोटी यात्रा के दौरान जापान के प्रधानमंत्री फुमियो किशिदा और अन्य नेताओं से भी मुलाकात करेंगे। विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता अरिंदम बागची ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी जापान के पूर्व पीएम शिंजो आबे के राजकीय अंतिम संस्कार में शामिल होने के लिए आज शाम टोक्यो के लिए रवाना होंगे। भारत-जापान दोस्ती के चैंपियन और प्रधानमंत्री मोदी के निजी दोस्त आबे को हमेशा हमारे अपने में से एक के रूप में याद किया जाएगा।
Prime Minister will also separately meet Japanese PM @kishida230 during the visit. pic.twitter.com/Sza4cmMi3a
— Arindam Bagchi (@MEAIndia) September 26, 2022
शिंजो आबे सबसे लंबे समय तक जापान के प्रधानमंत्री रहे। आबे 2006 से 2007 और 2012 से 2020 तक जापान के प्रधानमंत्री रहे। उनके दादा भी जापान के प्रधानमंत्री थे और उनके पिता भी देश के विदेश मंत्री थे।
शिंजो आबे सबसे अधिक बार भारत की यात्रा करने वाले जापान के प्रधानमंत्री रह चुके हैं। प्रधानमंत्री रहते उन्होंने 4 बार भारत की यात्रा की थी। 2006-07 में प्रधानमंत्री बनने के बाद उन्होंने भारत का दौरा किया था। इसके बाद वे जनवरी 2014, दिसंबर 2015 और सितंबर 2017 में भी भारत आए थे। शिंजो आबे गणतंत्र दिवस परेड में मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होने वाले पहले जापानी प्रधानमंत्री थे।
शिंजो आबे को भारत से खास लगाव और प्रेम था। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के साथ उनकी दोस्ती जगजाहिर थी। इस दौरान भारत और जापान के रिश्ते काफी मजबूत हुए। भारत सरकार ने उन्हें साल 2021 में पद्म विभूषण से सम्मानित किया था।
शिंजो आबे 12 दिसंबर, 2015 को प्रधानमंत्री मोदी के साथ पुरातन नगरी वाराणसी भी गए थे। दोनों प्रधानमंत्रियों ने दशाश्वमेध घाट पर गंगा आरती करने के साथ हाथ में गंगाजल लेकर विश्व मंगलकामना की कामना भी की थी। शिंजो आबे ने खुद अपने हाथ में थाली लेकर गंगा आरती की थी। वाराणसी में ही शिंजो आबे ने पीएम मोदी के साथ भारत-जापान मैत्री के प्रतीक रुद्राक्ष कंवेंशन सेंटर की नींव रखी थी।
जापान के पूर्व प्रधानमंत्री आबे ने गुजरात के अहमदाबाद-गांधीनगर यात्रा के दौरान रोड शो में भी हिस्सा लिया था।
इस यात्रा के दौरान उन्होंने साबरमती आश्रम जाकर राष्ट्रपति महात्मा गांधी को श्रद्धांजलि दी थी।