स्वतंत्रता दिवस के मौके पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का पहनावा हर साल खास चर्चा में रहता है। 2014 से लाल किले की प्राचीर पर वह अलग-अलग रंग और शैली की पगड़ियों के साथ नजर आते रहे हैं। इस बार भी उनके अंदाज ने लोगों का ध्यान खींचा। आइए देखते हैं साल 2014 में प्रधानमंत्री बनने के बाद से उन्होंने पगड़ी पहनने की परंपरा को जारी रखते हुए किस तरह लोगों का ध्यान अपनी ओर खींचा है।
स्वतंत्रता दिवस 2026: बंधेज पगड़ी
प्रधानमंत्री मोदी ने इस बार 80वें स्वतंत्रता दिवस समारोह में गहरे लाल रंग की पारंपरिक राजस्थानी ‘बंधेज’ पगड़ी पहनी, जिस पर सफेद बिंदुओं का आकर्षक पैटर्न नजर आया। सफेद कुर्ता-पायजामा और जैकेट के साथ यह पगड़ी उनके लुक को खास बना रही थी। पीएम मोदी का यह अंदाज न सिर्फ भारतीय परंपरा और संस्कृति की झलक दिखाता है, बल्कि देश की समृद्ध हस्तशिल्प विरासत को भी सामने लाता है। बंधेज पगड़ी के रंग और डिजाइन ने इस बार उनके स्वतंत्रता दिवस लुक को और भी आकर्षक बना दिया। माना जा रहा है कि इस पारंपरिक हस्तकला के जरिए उन्होंने स्थानीय कारीगरों और ‘वोकल फॉर लोकल’ के संदेश को भी प्रमुखता दी।

स्वतंत्रता दिवस 2025: भगवा पगड़ी
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने इस साल भी अपनी पगड़ी ने लोगों का ध्यान खींचा। प्रधानमंत्री इस बार भगवा पगड़ी में नजर आए। इस अवसर पर उन्होंने सफेद रंग का कुर्ता- चूड़ीदार पहना हुआ था। साथ ही केसरिया रंग की बंद गले की हाफ जैकेट पहनी। उनकी पगड़ी और जैकेट इस बार मैचिंग दिखी।

स्वतंत्रता दिवस 2024 : राजस्थानी लहरिया पगड़ी
प्रधानमंत्री मोदी ने राजस्थानी लहरिया पगड़ी पहन कर राजस्थान के लोगों का दिल जीत लिया। प्रधानमंत्री मोदी ने इस बार केसरिया, पीले और हरे रंग के मेल की पगड़ी पहनी। उन्होंने राजस्थान की इस लहरिया पगड़ी को पहनकर वहां के लोगों के प्रति अपना सम्मान प्रकट किया। लहरिया प्रिंट डिजाइन राजस्थान का पारंपरिक डिजाइन है। लहरिया प्रिंट रेत में बहने वाली हवा से बनने वाली लहरों को प्रतीक है।

स्वतंत्रता दिवस 2023 : राजस्थानी बांधनी प्रिंट वाली पगड़ी
77वें स्वतंत्रता दिवस पर प्रधानमंत्री मोदी ने इस खास मौके के लिए राजस्थानी बांधनी प्रिंट वाली पीली और लाल रंग की पचरंगी साफा या पगड़ी का चुनाव किया। इसके साथ ही ऑफ-व्हाइट कुर्ता, सफेद चुड़ीदार पैंट और पॉकेट स्क्वायर वाली जैकेट उनके लुक को भव्यता प्रदान कर रही थी। यह पगड़ी राजस्थान के मारवाड़ी लोगों के द्वारा पहनी जाती है। राजस्थान में पगड़ी पहनने का एक अगल चलन है, बूढ़े हो या जवान सभी रंग बिरंगे पगड़ी पहनना पसंद करते हैं।

स्वतंत्रता दिवस 2022 : क्रीम रंग के साफे
पिछले साल 76वें स्वतंत्रता दिवस पर प्रधानमंत्री मोदी क्रीम रंग के साफे में नजर आए थे। साथ ही उनके इस साफे पर तिरंगे का प्रिंट भी बना हुआ था, जो उनके लुक को और भी खास बना रहा था। यह उनके ‘हर घर तिरंगा’ अभियान से मेल खाता था। पगड़ी को प्रधानमंत्री मोदी के सफेद कुर्ते और नीले रंग की जैकेट से मेल कराया गया था।

स्वतंत्रता दिवस 2021 : कोल्हापुरी फेटा स्टाइल पगड़ी
15 अगस्त, 2021 को 75वें स्वतंत्रता दिवस के लिए प्रधानमंत्री मोदी ने कोल्हापुरी फेटा स्टाइल पगड़ी को चुनाव किया था। लंबाई बड़ी होने की वजह से पीछे तक लटकती नजर आई। हालांकि, उनका यह लुक उन पर काफी जंच रहा था।

स्वतंत्रता दिवस 2020 : केसरिया और क्रीम रंग का साफा
साल 2020 में 74वें स्वतंत्रता दिवस के मौके पर लाल किले की प्राचीर से देश को संबोधित करते हुए प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने केसरिया और क्रीम रंग का साफा पहना था। कोरोनाकाल होने की वजह से उन्होंने इसी रंग का मास्क भी पहना हुआ था।

स्वतंत्रता दिवस 2019 : बहुरंगी राजस्थानी पगड़ी
साल 2019 में प्रधानमंत्री मोदी ने देश को छठवीं बार संबोधित किया था। इस दौरान उन्होंने लाल किले की प्राचीर से झंडा फहराने के लिए मल्टी कलर पगड़ी का चुनाव किया था। इस पगड़ी को पहनने का राज 2019 में एनडीए की केंद्र में दूसरी बड़ी जीत थी तो वहीं 15 अगस्त 2019 को प्रधानमंत्री मोदी बहुरंगी राजस्थानी पगड़ी में नजर आए, जो जीत का प्रतीक है।

स्वतंत्रता दिवस 2018 : सितारे जड़े केसरिया और लाल रंग का साफा
2018 के स्वतंत्रता दिवस पर प्रधानमंत्री मोदी ने सितारे जड़े हुए केसरिया और लाल रंग का साफा चुना था। प्रधानमंत्री ने तब कहा था कि केसरिया बहादुरी और निस्वार्थ भाव का प्रतीक है। सफेद कुर्ते और पायजामे के साथ उनका यह साफा बिल्कुल परफेक्ट लग रहा था।

स्वतंत्रता दिवस 2017 : गहरी लाल और पीले रंग की पगड़ी
15 अगस्त, 2017 के स्वतंत्रता दिवस के लिए प्रधानमंत्री मोदी ने गहरी लाल और पीले रंग की पगड़ी को चुना। उनकी इस पगड़ी में सुनहरी रंग की लकीरें भी बनी हुई थीं, जो देखने में काफी खूबसूरत थी।

स्वतंत्रता दिवस 2016 : गुलाबी और पीले रंग के साफे
वर्ष 2016 के स्वतंत्रता दिवस पर प्रधानमंत्री मोदी गुलाबी और पीले रंग के साफे से बनी पगड़ी में नजर आए। सफेद रंग के कुर्ते और पजामे के साथ प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की पगड़ी काफी जंच रही थी।

स्वतंत्रता दिवस 2015 : मल्टी कलर लकीरों वाले डार्क पीले रंग के साफे
साल 2015 में प्रधानमंत्री मोदी लाल किले की प्राचीर पर पीले रंग की पगड़ी पहने भाषण देते नजर आए। पीएम की यह पगड़ी डार्क पीले रंग के साफे से बनी हुई थी, जिस पर मल्टी कलर लकीरें भी खींची हुई थीं।

स्वतंत्रता दिवस 2014 : राजस्थान की लाल रंग की जोधपुरी पगड़ी
साल 2014 में अपने पहले स्वतंत्रता दिवस के मौके पर प्रधानमंत्री मोदी ने बेहद खास पगड़ी पहनी थी। इस दौरान लाल किले की प्राचीर से देश को संबोधित करते प्रधानमंत्री मोदी राजस्थान की जोधपुरी पगड़ी में नजर आए थे। लाल रंग की इस पगड़ी के किनारे पर हरे रंग की डिजाइन बनी हुई थी, जो बेहद खूबसूरत लग रही थी।










