Home चुनावी हलचल कांग्रेस मर रही है और रो रहा पाकिस्तान शहजादे को पीएम बनाने...

कांग्रेस मर रही है और रो रहा पाकिस्तान शहजादे को पीएम बनाने के लिए उतावला- प्रधानमंत्री मोदी

SHARE

प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने आज, 2 मई को गुजरात के आणंद में एक रैली को संबोधित किया। इस दौरान उन्होंने विपक्षी दलों खासकर कांग्रेस पार्टी पर जमकर निशाना साधा। प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि यहां कांग्रेस मर रही है और वहां पाकिस्तान रो रहा है। उन्होंने कहा कि भारत में कांग्रेस कमजोर हो रही है। मजा ये है कि यहां कांग्रेस मर रही है और वहां पाकिस्तान रो रहा है। कांग्रेस के लिए अब पाकिस्तानी नेता दुआ कर रहे हैं। शहजादे को प्रधानमंत्री बनाने के लिए पाकिस्तान उतावला है। और कांग्रेस तो पाकिस्तान की मुरीद ही है। पाकिस्तान और कांग्रेस की ये पार्टनरशिप अब पूरी तरह एक्सपोज हो गई है।’

कांग्रेस-यूपीए पर हमला करते हुए प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि कांग्रेस की कमजोर सरकार आतंक के आकाओं को डोजियर देती थी। लेकिन, मोदी की मजबूत सरकार आतंकियों को घर में घुसकर मारती है। उन्होंने कहा, ‘ जितने साल हमारे देश में कांग्रेस सरकार रही, एक बहुत बड़ा हौवा था- पाकिस्तान के नाम का। आज देखिए, पाकिस्तान के आतंक का टायर पंक्चर हो गया है। जो देश कभी आतंकी एक्सपोर्ट करता था, वो आटे के इंपोर्ट के लिए दर-दर भटक रहा है। जिसके हाथ में कभी बम का गोला था, उसके हाथ में आज भीख का कटोरा है। कांग्रेस की कमज़ोर सरकार, आतंक के आका को डोज़ियर देती थी। और मोदी की मज़बूत सरकार, डोज़ियर वोजियर में टाइम खराब नहीं करते आतंकियों को घर में घुसकर मारते हैं।

विशाल रैली को संबोधित करते हुए प्रधानमंत्री मोदी ने कांग्रेस और उसकी सहयोगी पार्टियों को तीन चुनौतियां दी। उन्होंने कहा कि ‘कांग्रेस को मेरी तीन चुनौतियां है कांग्रेस और उसके पूरे इकोसिस्टम को। मेरी पहली चुनौती है- कांग्रेस और उनके चट्टे-बट्टे देश को लिखित में गारंटी दें कि वो संविधान बदलकर धर्म के आधार पर मुसलमानों को आरक्षण नहीं देगी, देश को बांटने का काम नहीं करेगी। मेरी दूसरी चुनौती है- कांग्रेस देश को लिखित में दे कि वो ST-SC-OBC को मिलने वाले आरक्षण में सेंधमारी नहीं करेगी, उनका अधिकार नहीं छीनेगी। मेरी तीसरी चुनौती है- कांग्रेस देश को लिखित में गारंटी दे कि जिन-जिन राज्यों में कांग्रेस की और उसके साथियों की सरकार है, वो कभी भी वोटबैंक की गंदी राजनीति नहीं करेंगे, वहां वो बैकडोर से OBC का कोटा काटकर मुसलमानों को आरक्षण नहीं देगी। ये मेरी तीन चुनौतियां हैं। मैं जानता हूं, कांग्रेस ये मेरी चुनौती स्वीकार नहीं करेगी।’

जनसभा को संबोधित करते हुए प्रधानमंत्री ने कहा कि ‘कांग्रेस के शहजादे आजकल माथे पर संविधान रखकर नाच रहे हैं। लेकिन, कांग्रेस मुझे जवाब दे कि जिस संविधान को आज माथे पर रखकर नाच रहे हो, क्यों 75 साल तक हिंदुस्तान के सभी हिस्सों पर ये संविधान लागू नहीं होता था। मोदी के आने से पहले इस देश में 2 संविधान, 2 झंडे, दो प्रधानमंत्री थे। शहजादे की पार्टी कांग्रेस ने, इनके परिजनों ने देश में संविधान लागू नहीं होने दिया था। कश्मीर में हिंदुस्तान का संविधान लागू नहीं होता था। धारा 370 दीवार बनकर बैठी थी। सरदार पटेल की भूमि से आए इस बेटे ने उस 370 को भी जमींदोज कर दिया और सरदार साहब को सबसे बड़ी श्रद्धांजलि दी।’

प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि इंडी गठबंधन की एक और रणनीति की पोल उसके ही नेताओं ने देश के सामने खोल दी है। अब इंडी गठबंधन ने मुसलमानों से वोट ‘जिहाद’ करने को कहा है। हमने लव जिहाद सुना था, लैंड जिहाद सुना था अब वोट जिहाद और वो भी पढ़े-लिखे मुसलमान के परिवार से बात आई है। सामान्य मदरसा से निकले हुए किसी बच्चे ने नहीं कहा है। HIGHLY QUALIFIED FAMILY और कांग्रेस के वरिष्ठ पद पर बैठे हुए परिवार। इस मुसलमान परिवार ने नारा दिया है वोट जिहाद करो। आप जानते हैं ना जिहाद का मतलब क्या होता है?

आणंद की रैली को संबोधित करते हुए प्रधानमंत्री ने कहा कि ‘कांग्रेस आज फेक फैक्ट्री यानी फर्जी माल की फैक्ट्री बन गई है। मोहब्बत की दुकान खोलकर कांग्रेस झूठ का सामान क्यों बेच रही है? आपने देखा होगा कि कांग्रेस के मेनिफेस्टो पर मुस्लिम लीग की छाप है। इसके पीछे कांग्रेस का खिसकता जनाधार है। कांग्रेस इतनी हताश और निराशा है कि अपनी की अपनी स्थिति बताने के लिए कि उसने अपने आप को मुस्लिम लीग को समर्पित कर दिया।

प्रधानमंत्री ने कहा कि कांग्रेस तुष्टीकरण में और आगे बढ़ रही है। कांग्रेस ने अल्पसंख्यकों को अपने साथ करने के लिए ओबीसी और दलितों के आरक्षण का कोटा मुसलमानों को देना तय किया है। इसके लिए कांग्रेस संविधान बदलना चाहती है। कांग्रेस चाहती है कि SC/ST/OBC के हक का आरक्षण, अपने खास वोटबैंक को दे सके। उन्होंने कहा कि, ‘कांग्रेस ने कभी SC/ST की परवाह नहीं की। 90 के दशक से पहले कांग्रेस OBC आरक्षण की भी पक्षधर नहीं थी। बरसों से OBC समाज कहता रहा कि OBC कमीशन को, बक्षीपंच आयोग को संवैधानिक दर्जा मिले। कांग्रेस ने उनकी एक नहीं सुनी। कांग्रेस ने कभी समझा ही नहीं कि हमारे देश में आदिवासी समाज भी है। इतने साल तक कांग्रेस ने आदिवासियों के लिए अलग मंत्रालय तक नहीं बनाया। भाजपा सरकार ने आदिवासियों के अलग मंत्रालय और अलग बजट बनाया।’

गुजरात की इस चुनावी रैली में प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि ‘देश ने 60 साल तक कांग्रेस का राज देखा है। अब देश ने 10 साल भाजपा का सेवाकाल भी देखा है। वो शासनकाल था, ये सेवाकाल है। कांग्रेस के 60 साल में करीब 60 प्रतिशत ग्रामीण आबादी के पास शौचालय नहीं था। 10 साल में भाजपा सरकार ने शत-प्रतिशत टॉयलेट बना दिए। 60 साल में कांग्रेस देश में सिर्फ 3 करोड़ ग्रामीण घरों तक ही नल से जल की सुविधा पहुंचा पाई, यानी कि 20 प्रतिशत से भी कम घरों में। 10 साल में ही नल से जल पहुंचने वाले घरों की संख्या आज 14 करोड़ हो गई है, यानी 75 प्रतिशत घरों में नल से जल पहुंचा है।’

उन्होंने कहा कि 60 साल में कांग्रेस ने बैंकों का राष्ट्रीयकरण किया, बैंकों पर कब्जा कर लिया और ये कहा कि बैंक गरीबों के लिए होने चाहिए। बैंकों का राष्ट्रीयकरण गरीबों के नाम पर करने के बावजूद भी कांग्रेस सरकार 60 साल में करोड़ों गरीबों के बैंक खाते नहीं खोल पाई। मोदी ने 10 साल में 50 करोड़ से ज्यादा जनधन बैंक खाते खोले। 2014 में जब आपने अपने इस बेटे को गुजरात से दिल्ली भेजकर देश की सेवा करने का आदेश दिया, उस समय देश के प्रधानमंत्री बड़े विद्वान अर्थशास्त्री थे। जब उन्होंने छोड़ा था, तब देश दुनिया में 11वें नंबर की अर्थव्यवस्था था। 10 साल में इस गुजराती ने, चाय वाले ने देश की इकोनॉमी को 5वें नंबर पर पहुंचा दिया।

Leave a Reply