Home समाचार प्रधानमंत्री मोदी ने की रूस के राष्‍ट्रपति पुतिन से बात

प्रधानमंत्री मोदी ने की रूस के राष्‍ट्रपति पुतिन से बात

SHARE

प्रधानमंत्री नरेन्‍द्र मोदी ने आज, 2 जुलाई को रूस के राष्‍ट्रपति व्‍लादीमीर पुतिन से फोन पर बात की है। प्रधानमंत्री मोदी ने द्वितीय विश्व युद्ध में विजय की 75 वीं वर्षगांठ पर बधाई दी। इसके साथ ही प्रधानमंत्री मोदी ने राष्ट्रपति पुतिन को 2036 तक के लिए राष्ट्रपति चुने जाने पर भी बधाई दी। पुतिन के सन 2036 तक पद पर बने रहने वाले संविधान संशोधन के प्रावधान को जनता ने वोटिंग में मंजूरी दे दी है। वोटिंग में जीत के बाद राष्ट्रपति पुतिन को फोन मिलाने वाले प्रधानमंत्री मोदी पहले ग्लोबल लीडर हैं।

मास्को में 24 जून 2020 को आयोजित सैन्य परेड में भारतीय सैनिकों ने भी हिस्सा लिया था। प्रधानमंत्री मोदी ने भारतीय टुकड़ी की भागीदारी को याद करते हुए इसे भारत और रूस की जनता के बीच स्‍थायी दोस्ती का प्रतीक बताया।

प्रधानमंत्री मोदी और राष्ट्रपति पुतिन ने कोरोना वायरस पर भी बातचीत की। दोनों नेताओं ने कोरोना महामारी के नकारात्मक परिणामों को दूर करने के लिए किए गए उपायों की चर्चा की। इसके साथ ही दोनों नेताओं ने कोविड संकट के बाद की दुनिया की चुनौतियों से मिलकर मुकाबला करने के लिए भारत और रूस के करीबी रिश्‍तों के महत्व पर सहमति व्यक्त की।

दोनों नेता आपसी संपर्क और परामर्शों में तेजी लाने पर सहमत हुए, जिससे इस वर्ष के अंत में भारत में होने वाले वार्षिक द्विपक्षीय शिखर सम्मेलन का आयोजन किया जा सके। प्रधानमंत्री मोदी ने द्विपक्षीय शिखर सम्मेलन के लिए भारत में राष्ट्रपति पुतिन का स्वागत करने के लिए अपनी उत्सुकता व्यक्त की।

राष्ट्रपति पुतिन ने फोन कॉल के लिए प्रधानमंत्री को धन्यवाद दिया और सभी क्षेत्रों में दोनों देशों के बीच विशेष और विशेषाधिकार प्राप्त सामरिक साझेदारी को और मजबूत करने की अपनी प्रतिबद्धता को दोहराया। पुतिन ने कहा कि भारत और रूस के बीच सामरिक सबंध और मजबूत होंगे।

Leave a Reply