Home समाचार जब कर्मचारियों के घरों से करोड़ों रुपए मिल रहे हैं, तो मालिकों...

जब कर्मचारियों के घरों से करोड़ों रुपए मिल रहे हैं, तो मालिकों की तिजोरी में कितना काला धन होगा- पीएम मोदी

SHARE

प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने आज, 11 मई को झारखंड के चतरा में जेएमएम और कांग्रेस पर जोरदार हमला किया। चतरा की विशाल रैली को संबोधित करते हुए प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि जेएमएम- कांग्रेस की सरकार भ्रष्टाचार में डूबी हुई है। उन्होंने कहा कि आपने देखा होगा कि जेएमएम और कांग्रेस के लोगों के ठिकानों से नोटों के पहाड़ निकल रहे हैं। प्रधानमंत्री ने कहा कि जब कर्मचारियों के घरों से करोड़ों रुपए मिल रहे हैं, तो मालिकों की तिजोरी में कितना काला धन होगा? कांग्रेस के सांसद के पास से तो 300 करोड़ से ज्यादा कैश मिला। नोट गिनने वाली मशीनें गिनते-गिनते खराब हो गईं।

प्रधानमंत्री ने कहा कि जेएमएम-कांग्रेस का एजेंडा है-न काम करेंगे, न करने देंगे। ये खुद तो भ्रष्टाचार के अलावा कुछ करते नहीं हैं। मोदी जो काम करता है, उसे भी रोकने में लगे रहते हैं। झारखंड में इन लोगों ने राशन बांटने की व्यवस्था तबाह करके रख दी है। मोदी ने हर घर जल पहुंचाने के लिए जलजीवन मिशन शुरू किया। झारखंड सरकार उसमें भी भ्रष्टाचार कर रही है।

चतरा की विशाल रैली को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि भ्रष्टाचार में डूबी इंडी गठबंधन की सरकार यहां विकास के कार्यों में भी रोड़ा अटका रही है। इंडी गठबंधन को आपकी रोजी-रोटी की कोई चिंता नहीं है। उनको सिर्फ अपना स्वार्थ देखना है। जेएमएम और कांग्रेस ने झारखंड में सिर्फ एक ही उद्योग लगाया है- अफीम उद्योग। ये काला कारोबार सरकार के संरक्षण में चल रहा है, ये आपके बच्चों को नशे की दलदल में धकेलना चाहते हैं।

प्रधानमंत्री ने कहा कि कांग्रेस और उसके साथियों ने एक तरह से अपनी हार स्वीकार कर ली है। इंडी गठबंधन के एक बहुत बड़े नेता ने कहा है कि चुनाव के बाद जो छोटे-छोटे राजनीतिक दल हैं, उन सभी को कांग्रेस में विलय कर देना चाहिए। पिछले तीन चरण के मतदान के रूझानों के बाद मुझे पता चला है कि उन्होंने ऐसा क्यों कहा है। क्योंकि उन्हें पता हो गया है कि कांग्रेस और उनके साथी, सब मिल करके मान्य विपक्ष को जितनी सीटें चाहिए, उतनी भी सीटें नहीं आएंगी। अगर विलय कर देंगे तो हमारे पूरे समूह को मान्य विपक्ष के रूप में मान्यता मिल जाए।

प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि इस चुनाव के साथ-साथ जहां विधानसभा के भी चुनाव चल रहे हैं। जैसे ओडिशा, आंध्र प्रदेश, अरुणाचल प्रदेश में चल रहे हैं। जहां-जहां विधानसभा के चुनाव भी चल रहे हैं, सिर्फ दिल्ली में 400 पार करेंगे इतना ही नहीं, बल्कि विधानसभा में भी भारी बहुमत से एनडीए की सरकारें बनेंगी। शहजादे को, उनकी पार्टी को, उनकी उम्र से भी कम सीटें मिलने वाली हैं।

विपक्ष पर निशाना साधते हुए उन्होंने कहा कि आपके एक वोट की ताकत है कि आज एक आदिवासी महिला श्रीमती द्रौपदी मुर्मू भारत के राष्ट्रपति बनी हैं, लेकिन कांग्रेस इसको पचा नहीं पा रही है। आदिवासी समाज आगे बढ़े, इंडी अलायंस को पसंद नहीं है। ये जनजातीय समाज के लोगों को आगे बढ़ने देना नहीं चाहते हैं। यही नहीं, जब श्रीमती द्रौपदी मुर्मू जी राम मंदिर में दर्शन-पूजन करके आईं तो कांग्रेस का पापी मन कह रहा है कि राम मंदिर का अब हम गंगा जल से शुद्धिकरण करेंगे। आदिवासियों के प्रति, राष्ट्रपति के प्रति, महिलाओं के प्रति कांग्रेस की यही नीच मानसिकता है।

Leave a Reply