Home समाचार हरियाणा की जनता ने नया इतिहास रच दिया है, इस जनादेश की...

हरियाणा की जनता ने नया इतिहास रच दिया है, इस जनादेश की गूंज दूर-दूर तक जाएगी- प्रधानमंत्री मोदी

SHARE

प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने कहा है कि हरियाणा की जनता ने नया इतिहास रच दिया है और इस जनादेश की गूंज दूर-दूर तक जाएगी। हरियाणा में रिकॉर्ड तीसरी बार सत्ता में वापसी के बाद मंगलवार 8 अक्टूबर को बीजेपी मुख्यालय में कार्यकर्ताओं का अभिनंदन करते हुए प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि ‘आज हरियाणा में झूठ की घुट्टी पर विकास की गारंटी भारी पड़ी है। हरियाणा की जनता ने नया इतिहास रच दिया है। इस बार हरियाणा के लोगों ने जो किया है, वो अभूतपूर्व है। वो पहले कभी नहीं हुआ। पहली बार ऐसा हुआ है। जब दो कार्यकाल पूरे 5-5 साल के दो कार्यकाल पूरा करने वाली किसी सरकार को हरियाणा में फिर से मौका मिला हो। भारतीय जनता पार्टी को तीसरी बार मौका मिला है। यहां के लोगों ने सिर्फ तीसरी बार हमारी सरकार नहीं बनाई, बल्कि हमें सीटें भी ज्यादा दी हैं। इस जनादेश की गूंज, दूर-दूर तक जाएगी।’

हरियाणा में जीत और जम्मू-कश्मीर में बेहतर प्रदर्शन से गदगद प्रधानमंत्री ने कहा कि ‘भाजपा दुनिया का सिर्फ सबसे बड़ा दल ही नहीं है, भाजपा सबसे ज्यादा दिलों में भी बसी हुई है। हरियाणा में जनता ने विकास के मुद्दे पर भाजपा की हैट्रिक लगवाई। भाजपा ने कांग्रेस के कुशासन से मुक्ति दिलाई। इसलिए गुजरात और मध्य प्रदेश की जनता, दो दशक से भी ज्यादा समय से वहां अपना आशीर्वाद बनाए हुए है। अरुणाचल प्रदेश और गोवा में तीसरी बार भाजपा ने सरकार बनाई है। जहां-जहां भाजपा सरकार बनाती है, वहां की जनता लंबे समय तक भाजपा को समर्थन देती है।’

उन्होंने आगे कहा कि ‘दूसरी तरफ कांग्रेस की हालत क्या है? पिछली बार कब कांग्रेस की किसी सरकार की वापसी हुई है? करीब 13 साल पहले, 2011 में असम में उनकी सरकार फिर से लौटी थी। बाकी एक भी नही लौटी। उसके बाद जितने भी चुनाव हुए, लोगों ने कहीं भी कांग्रेस को सेकंड टर्म नहीं दिया। एक बार लोगों ने निकाल दिया फिर कांग्रेस को घुसने नहीं दिया। देश के ज्यादातर राज्य के लोगों ने कांग्रेस के लिए नो-इंट्री का बोर्ड लगा दिया है। पहले कांग्रेस सोचती थी कि वो चाहे काम करे या ना करे, लोग तो उसको वोट देंगे ही। लेकिन अब कांग्रेस की पोल खुल चुकी है। उसका डिब्बा गोल हो चुका है।’

जीत से उत्साहित कार्यकर्ताओं और जनता को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि कांग्रेस, सत्ता को अपना जन्म सिद्ध अधिकार समझती है। सरकार में ना रहने पर कांग्रेस की हालत जल बिन मछली जैसी हो जाती है। इसलिए, वो सरकार में आने के बाद देश को, समाज को भी दांव पर लगाने से नहीं हिचकती। आज पूरा देश देख रहा है कि कैसे कांग्रेस हमारे समाज में जाति का जहर फैलाने पर उतर आई है। कांग्रेस भारत के समाज को कमज़ोर करके, भारत में अराजकता फैलाकर देश को कमज़ोर करना चाहती है। इसलिए वो अलग-अलग वर्गों को भड़का रही है। लगातार आग लगाने की कोशिश कर रहे हैं।

प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि जम्मू-कश्मीर का यह चुनाव कई मामलों में ऐतिहासिक रहा। आजादी के सात दशक बाद संविधान पूरी तरह लागू होने के बाद यह पहला चुनाव है। कई लोगों ने पहली बार वोट डाला। कश्मीर जला नहीं, खिला है खिलखिलाया है। जिस तरह से लोगों मतदान किया वह बहुत सकारात्मक है। अब जनता के द्वारा चुने हुए प्रतिनिधि काम करेंगे। बाबा साहब अम्बेडकर को यही सच्ची श्रद्धांजलि है।

Leave a Reply