Home पोल खोल कांग्रेस नेताओं के ‘युवराजों’ ने सोनिया-राहुल गांधी के चिंतन से पहले गहलोत...

कांग्रेस नेताओं के ‘युवराजों’ ने सोनिया-राहुल गांधी के चिंतन से पहले गहलोत सरकार की कराई फजीहत, अब श्रम मंत्री सुखराम विश्नोई के बेटे के साथ हिस्ट्रीशीटर और इनामी बदमाश का फोटो वायरल

SHARE

राजस्थान के उदयपुर में कांग्रेस का चिंतन शिविर भले ही पार्टी की राष्ट्रीय चिंताओं के लिए आहूत किया गया हो, लेकिन फिलहाल तो चिंतन शिविर से पहले गहलोत सरकार की फजीहत लगातार जारी है। कांग्रेस विधायक जौहरी लाल मीणा के पुत्र पर नाबालिग से गैंगरेप के आरोप के बाद जलदाय मंत्री और सीएम के करीबी महेश जोशी के पुत्र के खिलाफ दिल्ली में रेप की एफआईआर दर्ज हो चुकी है। अब श्रम मंत्री सुखराम विश्नोई के पुत्र डॉ. भूपेंद्र का दो जिलों के इनामी बदमाश के साथ फोटो वायरल हुआ है। इस इनामी बदमाश की दो जिलों की पुलिस को तलाश है और वह उसे तो नहीं मिल रहा, लेकिन मंत्री पुत्र के साथ कार्यक्रम में शामिल हो रहा है। कांग्रेस नेताओं के इन ‘युवराजों’ के कारनामों के बीच पूर्व मुख्यमंत्री सचिन पायलट सीएम को हटाने की दो टूक डिमांड आलाकमान के सामने कर चुके हैं। ऐसे में चिंतन शिविर में कांग्रेस पार्टी से ज्यादा मंथन राजस्थान में “फैल चुके रायते” को समेटने के लिए करना पड़ सकता है। 

जलदाय मंत्री के खिलाफ कांग्रेस का ही विरोधी खेमा सक्रिय, सोनिया को भेजी रिपोर्ट
जलदाय मंत्री महेश जोशी के बेटे पर जयपुर की युवती से रेप के आरोप में दिल्ली पुलिस की एफआईआर दर्ज होने के बाद कांग्रेस की अंदरूनी सियासत गर्मा गई है। कांग्रेस में इस मुद्दे पर अब विरोधी खेमा सक्रिय हो गया है। विरोधी खेमे ने कांग्रेस हाईकमान तक पूरे मामले के दस्तावेज पहुंचा दिए हैं। कांग्रेस हाईकमान मुख्यमंत्री से पूरे मामले की रिपोर्ट तलब करने की तैयारी में हैं। मंत्री महेश जोशी के बेटे रोहित जोशी के खिलाफ ऐसे समय रेप का मामला दर्ज हुआ है, जब कांग्रेस का उदयपुर में 13 से चिंतन शिविर हो रहा है। इसमें सोनिया गांधी, राहुल गांधी समेत सभी बड़े नेताओं को शामिल होना है। मोरल ग्राउंड पर राजस्थान कांग्रेस के लिए यह प्रकरण फजीहत का कारण बन गया है।

रेप के केस में दिल्ली पुलिस कर सकती है रोहित जोशी की गिरफ्तारी
रोहित जोशी प्रकरण में अब खेमेबंदी भी शुरू हो गई है। मंत्री महेश जोशी मुख्यमंत्री अशोक गहलोत के खास हैं। अब गहलोत विरोधी खेमा भी सक्रिय हो गया है। जयपुर की राजनीति में महेश जोशी के विरोधी माने जाने वाले विधायक और नेता इस मुद्दे पर एक्टिव हो गए हैं। विरोधी खेमा कांग्रेस के चिंतन शिविर से पहले इस्तीफे की पैरवी कर रहा है। विरोधी खेमा कांग्रेस हाईकमान तक यह मैसेज पहुंचाने की कोशिश कर रहा है कि चिंतन शिविर से पहले इस प्रकरण से पार्टी की इमेज खराब हुई है,इसलिए इस मुद्दे पर पार्टी को एक्शन लेना चाहिए। महेश जोशी के बेटे रोहित जोशी के खिलाफ रेप के मामले की जांच अब दिल्ली पुलिस के हाथ में होने से अब गिरफ्तारी के आसार बढ़ गए हैं। रोहित जोशी की रेप केस में गिरफ्तारी हुई तो मोरल ग्राउंड पर महेश जोशी पर इस्तीफे का दबाव बढ़ेगा। इससे कांग्रेस पार्टी के लिए भी यह परेशानी का कारण बन सकता है।

जलदाय मंत्री जोशी के बाद अब श्रम मंत्री विश्नोई का पुत्र विवादों में
रोहित जोशी का प्रकरण अभी सरगर्म ही है और श्रम मंत्री सुखराम विश्नोई के पुत्र ड़ा भूपेन्द्र का नया विवाद सामने आ गया है। दरअसल, जो इनामी बदमाश पुलिस की पकड़ में नहीं आ रहा है, मंत्री-पुत्र खुलेआम उसके साथ फोटो खिंचवा रहे हैं। यह हिस्ट्रीशीटर जालोर के कुकावास का रहने वाला राजू इराम है। रीट पेपर लीक प्रकरण में मुख्य आरोपियों में शामिल दो जिलों की पुलिस के इनामी और 27 मामलों में चालानशुदा आरोपी राजू इराम ने पुलिस की सजगता की पोल खोलकर रख दी है। मंत्री पुत्र के साथ एक शादी समारोह में पहुंचने की पुख्ता सूचना के बावजूद दो जिलों की पुलिस उसे पकड़ नहीं पाई।

फरार हिस्ट्रीशीटर मंत्री पुत्र के साथ बेखौफ समारोह का लुत्फ उठाता नजर आया
अब उसकी फोटो मंत्री पुत्र के साथ वायरल हो रही हैं। कई फोटो में वह फरार हिस्ट्रीशीटर मंत्री पुत्र के साथ बेखौफ समारोह का लुत्फ उठाता नजर आ रहा है। एसओजी ने पुख्ता सूचना के आधार पर सिरोही और जालोर जिला पुलिस को एक शादी समारोह में राजू इराम के पहुंचने की सूचना दी थी। एसओजी एडीजी अशोक राठौड़ के मुताबिक कि रीट पेपर लीक मामले में राजू इराम सहित दस आरोपियों के खिलाफ गंगापुर सिटी कोर्ट ने गिरफ्तारी वारंट जारी किए हैं। वैसे श्रम मंत्री के पुत्र डॉ भूपेंद्र पहले भी विवादों में आ चुके हैं। इससे पहले उनका धमकाने का एक ऑडियो भी वायरल हुआ था।सीएम गहलोत से रेप के मामलों पर जवाब मांग सकती हैं सोनिया गांधी
कांग्रेस विधायक, मंत्री और नेताओं के लगातार विवादित सुर्खियों में रहने के कारण कांग्रेस हाईकमान सोनिया गांधी सीएम अशोक गहलोत से जवाब मांग सकती है। खासकर जलदाय मंत्री महेश जोशी के पुत्र के ताजा प्रकरण में सीएम से जवाब-तलब होने की पूरी संभावना है। क्योंकि इस प्रकरण ने महिला अत्याचार के मुद्दे पर पार्टी को बैकफुट पर ला दिया है। पहले भी कांग्रेस को कई नेताओं के मुद्दे पर फजीहत का सामना करना पड़ा है। कांग्रेस में ही एक गुट इसे बड़ा मुद्दा मानकर जोशी पर भी इस्तीफे का दबाव बना रहा है।गहलोत के पिछले कार्यकाल में संगीन मामले में दो मंत्रियों के इस्तीफे हुए थे
सीएम अशोक गहलोत के पिछले कार्यकाल में इसी तरह के विवाद में तीन मंत्रियों के इस्तीफे हुए थे। उस समय बाबूलाल नागर और महिपाल मदेरणा पर रेप के आरोप लगे थे। मदेरणा, भवंरी देवी हत्याकांड में शामिल थे। तब नागर और मदेरणा को इस्तीफा देना पड़ा था। गहलोत सरकार में विधायक दिव्या मदेरणा, महिपाल की बेटी है। इस बार महेश जोशी पर खुद पर आरोप नहीं है लेकिन बेटे पर संगीन आरोप हैं। रोहित जोशी ने पीड़िता को इसी भंवरी देवी जैसा हाल करने की धमकी दी थी। राजनीतिक जानकारों के मुताबिक महेश जोशी के बेटे पर आरोप लगने से कांग्रेस पार्टी बैकफुट पर है। रोहित जोशी कांग्रेस में एक्टिव है और पीसीसी मेंबर है। गिरफ्तारी पर पार्टी रोहित जोशी को निष्कासित कर सकती है।

 

Leave a Reply