Home समाचार 21वीं सदी के भारत पर आज पूरी दुनिया की नजर, दुनिया भर...

21वीं सदी के भारत पर आज पूरी दुनिया की नजर, दुनिया भर के लोग भारत को जानना चाहते हैं- प्रधानमंत्री मोदी

SHARE

प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने कहा है कि आज दुनिया की नजर भारत पर है। आज, 01 मार्च को नई दिल्ली के भारत मंडपम में NXT कॉन्क्लेव 2025 में उन्होंने कहा कि ’21वीं सदी के भारत पर आज पूरी दुनिया की नजर है। दुनिया भर के लोग भारत आना चाहते हैं, भारत को जानना चाहते हैं। आज भारत, दुनिया का वो देश है, जहां पॉजिटिव न्यूज लगातार क्रिएट हो रही है। न्यूज मैन्यूफेक्चर नहीं करना पड़ रहा है। जहां हर रोज नए रिकॉर्ड बन रहे हैं, कुछ न कुछ नया हो रहा है।’

उन्होंने कहा कि ‘अभी 26 फरवरी को ही प्रयागराज में एकता का महाकुंभ संपन्न हुआ है। पूरी दुनिया हैरान है, कि कैसे एक अस्थाई शहर में, एक अस्थाई व्यवस्था, नदी के तट पर करोड़ों लोगों का आना, सैंकड़ों किलोमीटर की यात्रा करके आना और पवित्र स्नान करके भाव से भर जाना, आज दुनिया भारत की आर्गेनाइजिंग और इनोवेटिंग स्किल्स देख रही है। हम सेमीकंडक्टर से लेकर एयरक्राफ्ट कैरियर तक यहीं पर निर्माण कर रहे हैं। दुनिया, भारत की इसी सफलता को विस्तार से जानना चाहती है।’

एनएक्सटी कॉन्क्लेव में नए न्यूज चैनल के लॉन्च पर उन्होंने कहा कि ‘कुछ महीने पहले ही भारत ने दुनिया के सबसे बड़े चुनाव कराए हैं। 60 साल बाद ऐसा हुआ जब भारत में कोई सरकार लगातार तीसरी बार वापस लौटी। इस जनविश्वास का आधार पिछले 11 साल में भारत की अनेकों उपलब्धियां हैं। मुझे विश्वास है कि आपका नया चैनल, भारत की रीयल स्टोरीज़ दुनिया तक पहुंचाएगा। बिना कोई रंग दिए, आपका ग्लोबल चैनल भारत की वैसी ही तस्वीर दिखाएगा, जैसा वो है, हमें मेकअप की जरूरत नहीं है।’

प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि ‘कई साल पहले मैंने वोकल फॉर लोकल और लोकल फॉर ग्लोबल का विजन देश के सामने रखा था। आज हम इस विजन को सच्चाई में बदलते हुए देख रहे हैं। आज हमारे आयुष प्रॉडक्ट्स और योग, लोकल से ग्लोबल हो गए हैं। आज भारत के सुपरफूड, हमारा मखाना, लोकल से ग्लोबल हो रहा है। भारत के मिलेट्स-श्रीअन्न भी, लोकल से ग्लोबल हो रहे हैं।’

उन्होंने कहा कि ‘आज भारत के मोबाइल, इलेक्ट्रॉनिक प्रॉडक्ट्स, भारत में बनी दवाइयां, अपनी ग्लोबल पहचान बना रही हैं। और इन सबके साथ ही एक और बात हुई है। भारत कई सारे ग्लोबल पहल को लीड कर रहा है। और मुझे खुशी है कि आज जब भारत के अनेक ब्रांड ग्लोबल हो रहे हैं, तो भारत का मीडिया भी ग्लोबल हो रहा है।’

प्रधानमंत्री ने कहा कि ‘आज भारत बहुत बड़े टारगेट्स रख पा रहा है, उनको अचीव कर रहा है, तो इसके मूल में एक खास मंत्र है। ये मंत्र है- मिनिमम गवर्नमेंट, मैक्सिमम गवर्नेंस। ये कुशल एवं प्रभावी शासन का मंत्र है। यानि न सरकार का दखल, न सरकार का दबाव। हमारा मकसद यही है, देश के लोगों को ईज ऑफ लिविंग दो, ईज ऑफ डूइंग बिजनेस दो, उड़ने के लिए खुला आसमान दो। भारत का परचम हर वैश्विक मंच पर लहराए, यही हमारी आकांक्षा, यही हमारी दिशा है।’

न्यूजएक्स वर्ल्ड के शुभारंभ पर कॉन्क्लेव को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि ये छोटा सोचने और छोटे कदम लेने का समय ही नहीं है। मुझे खुशी है, कि एक मीडिया संस्थान के रूप में आपने भी इस भावना को समझा है। आज आपने भी ग्लोबल होने का साहस जुटाया है। यही प्रेरणा, यही प्रण, आज हर नागरिक का, हर आंत्रप्रन्योर का होना चाहिए। मेरा तो सपना है, दुनिया के हर बाज़ार में, हर ड्राइंग रूम में, हर डाइनिंग टेबल पर कोई ना कोई भारतीय ब्रांड मौजूद हो। मेड इन इंडिया- दुनिया का मंत्र बने। ये ताकत, ये सकारात्मक रवैया हमें खुद में पैदा करना है।’

Leave a Reply