Home समाचार CJP के खिलाफ फूटा आक्रोश, अभिजीत दीपके और आशुतोष रांका के खिलाफ...

CJP के खिलाफ फूटा आक्रोश, अभिजीत दीपके और आशुतोष रांका के खिलाफ FIR दर्ज, सेलेक्टिव अभियान का विरोध

SHARE

कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) और इसके कार्यकर्ताओं की बढ़ती अराजकता से स्कूल के शिक्षकों और आम जनता में भारी आक्रोश देखने को मिल रहा है। सीजेपी कार्यकर्ताओं के दुस्साहस और ‘स्कूल ठीक करो’ अभियान से तंग आकर शिक्षक, जनता व स्थानीय ग्रामीण खुलकर विरोध जता रहे हैं। जहां स्कूल के शिक्षक सीजेपी नेताओं पर केस दर्ज करा रहे हैं, वहीं सीजेपी कार्यकर्ताओं को गांवों में ग्रामीणों के विरोध का सामना करना पड़ रहा है। कई राज्यों में मामला इतना बढ़ गया कि आम लोगों और सीजेपी कार्यकर्ताओं के बीच झड़प की खबरें आ रही हैं। जो काम पुलिस को करना चाहिए था, वो काम खुद जनता और शिक्षक कर रहे हैं। लोगों का कहना है कि सीजेपी के कार्यकर्ता सेलेक्टिव रूप से बीजेपी शासित राज्यों में स्कूलों को निशाना बना रहे हैं, जबकि आम आदमी पार्टी और कांग्रेस शासित राज्यों में इनकी गतिविधियां दिखाई नहीं दे रही हैं।

अभिजीत दीपके के खिलाफ लातूर में केस दर्ज
महाराष्ट्र के लातूर जिले के औसा पुलिस स्टेशन में ‘कॉकरोच जनता पार्टी’ (CJP) के संस्थापक अभिजीत दीपके के खिलाफ जिला परिषद उर्दू स्कूल की एक मुस्लिम महिला टीचर (सैय्यद शमशादबानो खैरातली) ने बिना अनुमति स्कूल में घुसने, सरकारी कामकाज में बाधा डालने, शिक्षकों को धमकाने और स्कूल को बदनाम करने के आरोप में एफआईआर दर्ज कराई है। शिक्षिका ने शिकायत में कहा कि उन्होंने कक्षाओं में बैठकर व्यवधान डाला, वीडियो रिकॉर्ड कर सोशल मीडिया पर डाले, और यह दावा किया कि वहां दूसरे स्कूलों से बच्चे लाकर बैठाए गए थे। साथ ही उन्होंने शिक्षकों को निलंबित कराने की धमकी भी दी।

दोषी पाए जाने पर अधिकतम सजा 3 साल से लेकर 5 साल तक
पुलिस ने अभिजीत दीपके के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धाराओं 132 (लोक सेवक को कर्तव्य से रोकने के लिए हमला या आपराधिक बल प्रयोग), 329(3) (गृह अतिचार), 351(2) (अपराधी धमकी), और 356(2) (मानहानि) के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धाराओं 132, 329(3), 351(2) और 356(2) के तहत दोषी पाए जाने पर कारावास ( जेल) और जुर्माने की सजा हो सकती है। इन धाराओं में अधिकतम सजा 3 साल से लेकर 5 साल तक हो सकती है।

आशुतोष रांका समेत 50 से 60 के खिलाफ SC-ST एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज
21 अगस्त,2026 को जयपुर ग्रामीण के रामपुरा कंवरपुरा गांव के सरकारी स्कूल के निरीक्षण के दौरान हुआ विवाद अब कानूनी मोड़ ले चुका है। गांव वालों और कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) के नेताओं-कार्यकर्ताओं के बीच हुए विवाद के मामले में दोनों पक्षों की ओर से क्रॉस FIR दर्ज हुई है। एक मामले में CJP प्रवक्ता आशुतोष रांका समेत 50 से 60 अन्य लोगों के खिलाफ मारपीट, जानलेवा हमले, गाली-गलौज और जातिसूचक शब्दों के इस्तेमाल के आरोप में SC-ST एक्ट के तहत भी मुकदमा दर्ज किया गया है।

CJP नेताओं पर महिलाओं के साथ गाली-गलौज और मारपीट करने का आरोप
रामपुरा कंवरपुरा गांव के दलित युवक भगवान सहाय धानका की ओर से दी गई शिकायत में आरोप लगाया गया है कि आशुतोष रांका और CJP के 50 से 60 लोग गांव में आए और वहां हंगामा किया। आरोप है कि इस दौरान महिलाओं और पुरुषों के साथ गाली-गलौज की गई और उनके साथ मारपीट की गई। शिकायत में जातिसूचक शब्दों का इस्तेमाल करने का आरोप भी लगाया गया है। जयपुर पुलिस कमिश्नरेट के DCP साउथ जोन राजर्षि राज का कहना है कि दोनों मामलों में जांच शुरू कर दी गई है और जांच के बाद ही आगे की कार्रवाई की जाएगी।

जोधपुर में CJP कार्यकर्ताओं का विरोध 
हाल ही में राजस्थान के जोधपुर स्थित गांधी शांति प्रतिष्ठान में कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) के एक कार्यक्रम के दौरान CJP और अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (ABVP) / भारतीय जनता युवा मोर्चा (भाजयुमो) के कार्यकर्ताओं के बीच झड़प और हंगामा हुआ। इस दौरान एक कार्यकर्ता को थप्पड़ मारे जाने और मारपीट के बाद तनाव की स्थिति बन गई, जिसके बाद पुलिस ने कार्रवाई करते हुए दोनों पक्षों के पदाधिकारियों समेत 11 लोगों को हिरासत में लिया।

नोएडा के स्कूल में घुसे AAP नेता, टीचर की शिकायत पर 5 के खिलाफ FIR
कॉकरोच जनता पार्टी और आम आदमी पार्टी, दोनों के नेता और कार्यकर्ता ‘स्कूल ठीक करो’ अभियान में लगे हुए हैं, क्योंकि दोनों पार्टी सिर्फ नाम से अलग है, लेकिन दोनों की आत्मा, एजेंडा और कार्यकर्ता सब एक हैं। नोएडा विधानसभा सीट से आम आदमी पार्टी के टिकट पर विधायक का चुनाव लड़े पंकज अवाना ने स्कूल ठीक कराे अभियान के अंतर्गत शुक्रवार को नोएडा सेक्टर 51 के कंपोजिट स्कूल में घुसकर वीडियो बनाया। स्कूल स्टाफ और अध्यापकों ने इसका विरोध किया। बिना अनुमति स्कूल में घुसने और अभद्रता करने का आरोप लगाते हुए शिक्षण कार्य प्रभावित होने का आरोप लगाया। उच्च अधिकारियों को सूचना देते हुए पुलिस को बुलाया, लेकिन आप नेता वहां से चले गए। इसके बाद स्कूल अध्यापक सेक्टर 49 थाने में मामला दर्ज कराया।

‘सेलेक्टिव प्रोपेगैंडा’ और राजनीतिक स्टंट का विरोध
लोगों ने कॉकरोच जनता पार्टी के ‘स्कूल ठीक करो’ अभियान को एक ‘सेलेक्टिव प्रोपेगैंडा’ और राजनीतिक स्टंट करार दिया है, जिससे जनता और स्कूल प्रशासनों में भारी गुस्सा देखा जा रहा है। इस अभियान को लेकर राजनीतिक बहस छिड़ी हुई है, जिसमें आलोचकों का आरोप है कि गतिविधियां मुख्य रूप से चुनिंदा बीजेपी शासित राज्यों तक सीमित हैं, जबकि संगठन और उसके समर्थकों का तर्क है कि इसका उद्देश्य देश भर के स्कूलों की बुनियादी कमियों को उजागर करना है। लेकिन आम आदमी पार्टी शासित पंजाब और कांग्रेस शासित राज्य कर्नाटक, हिमाचल प्रदेश, तेलंगाना और झारखंड में ‘स्कूल ठीक करो’ अभियान दिखाई नहीं दे रहा है। 

Leave a Reply