Home समाचार कोरोना के खिलाफ जंग में अहम उपलब्धि: एक ही दिन में दिए...

कोरोना के खिलाफ जंग में अहम उपलब्धि: एक ही दिन में दिए गए 20 लाख से अधिक वैक्‍सीन के डोज

SHARE

कोरोना के खिलाफ जंग में देश ने एक अहम उपलब्धि हासिल की है। 16 जनवरी, 2021 को शुरू हुए देशव्यापी कोरोना टीकाकरण अभियान में एक और महत्वपूर्ण मील का पत्थर पार कर लिया गया है। 12 मार्च को कोरोना टीकाकरण अभियान के 56वें दिन 20,53,537 वैक्‍सीन की खुराक दी गईं। यह अब तक एक दिन में दिए गए टीके के सबसे अधिक डोज हैं।

शनिवार सुबह 7 बजे तक देश में 4,86,314 सत्रों के जरिये 2,82,18,457 वैक्‍सीन के डोज लोगों को दिए जा चुके हैं। पिछले 24 घंटों में दी गई 20,53,537 खुराकों में आठ राज्यों की 74 प्रतिशत भागीदारी है। उत्तर प्रदेश 3.3 लाख से अधिक वैक्सीन खुराक के साथ सूची में सबसे ऊपर है।

देश में आज कोरोना के कुल सक्रिय मामले 2.02 लाख हैं। भारत में इस समय सक्रिय मामले देश के कुल पॉजिटिव मामलों का 1.78 प्रतिशत है। पिछले 24 घंटों में कोरोना के 24,882 नये मामले दर्ज किये गए। पिछले 24 घंटों में कोरोना के सामने आये नये मामलों में से 87.72 प्रतिशत नए मामले महाराष्ट्र, केरल, पंजाब, कर्नाटक, गुजरात, तमिलनाडु और मध्य प्रदेश में दर्ज किये गए।

भारत के कुल सक्रिय मामलों में से महाराष्ट्र का योगदान 63.57 प्रतिशत है। 8 राज्‍यों में दैनिक आधार पर कोरोना मामलों में लगातार बढ़ोतरी देखी जा रही है। दूसरी ओर, 20 राज्यों में 1,000 से कम सक्रिय मामले हैं।

पिछले 24 घंटों में 19,957 लोग ठीक हुए है। नए ठीक होने वाले मामलों में 86.43 प्रतिशत 6 राज्यों से हैं। पिछले 24 घंटों में कोविड से 140 लोगों की मौत हुईं है। मौत के नए मामले 81.43 प्रतिशत पांच राज्यों से संबंधित हैं। महाराष्ट्र में सबसे ज्यादा 56 मरीजों की मौत हुईं। इसके बाद पंजाब में 34 और केरल में 14 लोगों की मौत हुई है।

18 राज्यों में पिछले 24 घंटों में कोविड-19 से किसी भी व्यक्ति की मौत की सूचना नहीं मिली है। इन राज्यों में राजस्थान, चंडीगढ़, हिमाचल प्रदेश, ओडिशा, झारखंड, पुदुचेरी, असम, लक्षद्वीप, लद्दाख, दमण और दीव, दादरा और नागर हवेली, सिक्किम, नगालैंड, त्रिपुरा, मणिपुर, मेघालय, अंडमान और निकोबार द्वीप समूह, मिजोरम और अरूणाचल प्रदेश शामिल हैं।

Leave a Reply