Home समाचार इंडिया एनर्जी वीक 2026: पीएम मोदी से मिले ग्लोबल एनर्जी CEOs, भारत...

इंडिया एनर्जी वीक 2026: पीएम मोदी से मिले ग्लोबल एनर्जी CEOs, भारत में निवेश को लेकर दिखाया भरोसा

SHARE

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने 28 जनवरी को लोक कल्याण मार्ग स्थित अपने आवास पर इंडिया एनर्जी वीक 2026 के तहत दुनिया की बड़ी ऊर्जा कंपनियों के सीईओ के साथ अहम बातचीत की। यह हाई-लेवल राउंडटेबल मीटिंग भारत के ऊर्जा भविष्य को लेकर खास मानी जा रही है। बैठक में शामिल ग्लोबल एनर्जी कंपनियों के प्रमुखों ने भारत की तेज विकास यात्रा पर पूरा भरोसा जताया। उनका कहना था कि नीतियों में स्थिरता, लगातार हो रहे सुधार और लंबे समय तक बनी रहने वाली मांग भारत को निवेश के लिए बेहद आकर्षक बनाती है।

प्रधानमंत्री मोदी ने सीईओ का स्वागत करते हुए कहा कि इस तरह की राउंडटेबल बैठकें सरकार और उद्योग के बीच बेहतर तालमेल का मजबूत मंच बन चुकी हैं। उन्होंने कहा कि इंडस्ट्री लीडर्स से मिलने वाला सीधा फीडबैक नीतियां सुधारने और जमीनी चुनौतियों को समझने में काफी मदद करता है। प्रधानमंत्री ने भारत की मजबूत आर्थिक रफ्तार का जिक्र करते हुए कहा कि देश तेजी से दुनिया की तीसरी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था बनने की ओर बढ़ रहा है। उन्होंने भरोसा जताया कि आने वाले समय में वैश्विक ऊर्जा मांग और आपूर्ति के संतुलन में भारत की भूमिका निर्णायक होगी।

ऊर्जा क्षेत्र में निवेश के मौकों पर बात करते हुए पीएम मोदी ने कहा कि एक्सप्लोरेशन और प्रोडक्शन सेक्टर में करीब 100 बिलियन अमेरिकी डॉलर के निवेश की संभावना है। इसके साथ ही कंप्रेस्ड बायो-गैस यानी CBG सेक्टर में भी लगभग 30 बिलियन डॉलर के अवसर मौजूद हैं। उन्होंने गैस-आधारित अर्थव्यवस्था, रिफाइनरी और पेट्रोकेमिकल इंटीग्रेशन, शिपिंग और जहाज निर्माण जैसे क्षेत्रों में भी बड़े पैमाने पर निवेश संभावनाओं की ओर ध्यान दिलाया। उन्होंने कहा कि सरकार निवेशकों के लिए लगातार अनुकूल नीतिगत सुधार कर रही है।

प्रधानमंत्री मोदी ने यह भी कहा कि भले ही वैश्विक ऊर्जा सेक्टर इस समय अनिश्चितताओं से घिरा हो, लेकिन इसमें अवसरों की कोई कमी नहीं है। उन्होंने नवाचार, सहयोग और गहरी साझेदारी पर जोर देते हुए कहा कि भारत पूरी ऊर्जा वैल्यू चेन में एक भरोसेमंद और विश्वसनीय साझेदार बनकर खड़ा है। इस बैठक में कुल 27 सीईओ और सीनियर कॉर्पोरेट लीडर्स शामिल हुए। इनमें टोटलएनर्जीज, बीपी, विटोल, एचडी हुंडई, वेदांता, ट्रैफिगुरा, स्टैसोइल, रिन्यू, प्राज और इंटरनेशनल एनर्जी फोरम जैसी दिग्गज वैश्विक और भारतीय कंपनियां शामिल थीं। इस मौके पर केंद्रीय पेट्रोलियम एवं प्राकृतिक गैस मंत्री हरदीप सिंह पुरी, राज्य मंत्री सुरेश गोपी और मंत्रालय के वरिष्ठ अधिकारी भी मौजूद रहे।

Leave a Reply