Home समाचार भारत बना 12 करोड़ के आंकड़े के साथ दुनिया का सबसे तेज...

भारत बना 12 करोड़ के आंकड़े के साथ दुनिया का सबसे तेज टीकाकरण करने वाला देश

SHARE

भारत ने सबसे तेज कोरोना वैक्सीनेशन करते हुए केवल 92 दिनों के अंदर 12 करोड़ लोगों को कोरोना का टीका लगा दिया है। देश में दिए जा रहे कोरोना टीके की संख्‍या 12.38 करोड़ को पार कर गई। 19 अप्रैल को सुबह सात बजे तक कोरोना टीके के 12,38,52,566 डोज दिए गए। भारत को 12 करोड़ टीकाकरण में सिर्फ 92 दिन लगे जबकि अमेरिका को 97 और चीन को 108 दिन लगे। पिछले 24 घंटों में 12 लाख से अधिक डोज दिए गए। इसके साथ ही देश में कुल ठीक होने वालों की संख्‍या 1,29,53,821 रही। राष्‍ट्रीय रिकवरी दर 86.00 प्रतिशत है। पिछले 24 घंटों में 1,44,178 लोग ठीक हुए हैं।

देश में कोरोना का कहर बढ़ता ही जा रहा है। पिछले 24 घंटे के दौरान देशभर में कोरोना के 2,73,810 नए केस दर्ज किए गए हैं। इस के साथ ही देश में अब तक दर्ज कुल कोरोना केसों की संख्या 1,50,61,919 हो गई है। कोरोना के दैनिक नये मामले 10 राज्‍यों महाराष्‍ट्र, उत्तर प्रदेश, दिल्‍ली, छत्‍तीसगढ़, कर्नाटक, मध्‍य प्रदेश, केरल, तमिलनाडु, गुजरात और राजस्थान में बढ़े हैं। 78.58 प्रतिशत नये मामले इन 10 राज्‍यों से आए हैं। सबसे खराब स्थिति महाराष्ट्र की है। महाराष्‍ट्र में सबसे अधिक नये मामले 68,631 दर्ज किए गए। इसके बाद उत्तर प्रदेश में 30,566 और दिल्‍ली में 25,462 नए मामले पाए गए।

देश में कुल एक्टिव केस 19,29,329 हो गया है। पिछले 24 घंटे में इसमें 1,28,013 मामलों की वृद्धि दर्ज की गई। कुल सक्रिय मामलों का 63.18 प्रतिशत पांच राज्‍यों महाराष्‍ट्र, छत्‍तीसगढ़, उत्‍तर प्रदेश, कर्नाटक और केरल से है। देश के कुल सक्रिय केस में से महाराष्‍ट्र में 34.83 प्रतिशत है।

पिछले 24 घंटों में 1,619 रोगियों की मौत हुई है। मृत्‍यु के नये मामलों में 85.11 प्रतिशत 10 राज्‍यों से आए। महाराष्‍ट्र में सबसे अधिक 503 लोगों की मृत्‍यु हुई। दैनिक मृत्‍यु के मामले में छत्तीसगढ़ में संख्‍या 170 रही। पिछले 24 घंटों में 10 राज्‍यों में कोविड-19 से किसी के मरने की रिपोर्ट नहीं है। इन राज्यों में लद्दाख, त्रिपुरा, मेघालय, सिक्किम, नगालैंड, मिजोरम, मणिपुर, लक्षद्वीप और अरुणाचल प्रदेश शामिल है।

Leave a Reply