Home समाचार देश में 10.45 करोड़ लोगों को लगा टीका, महाराष्‍ट्र में एक दिन...

देश में 10.45 करोड़ लोगों को लगा टीका, महाराष्‍ट्र में एक दिन में 63 हजार से अधिक नए मामले दर्ज

SHARE

जहां देशभर में टीकाकरण अभियान जोर-शोर से चल रहा है, वहीं महाराष्ट्र में कोरोना के मामलों में लगातार तेजी देखी जा रही है। महाराष्‍ट्र में पिछले 24 घंटों में कोरोना के 60 हजार से अधिक मामले दर्ज हुए हैं। यह राज्‍य में एक दिन में सं‍क्रमित होने वाले लोगों की अब तक की सर्वाधिक संख्‍या है। रविवार को महाराष्ट्र में 63,294 दैनिक नए मामले दर्ज कराए गए हैं। 15,276 के साथ उत्तर प्रदेश दूसरे नंबर पर है और दिल्ली में 10,774 नए मामले दर्ज कराए गए हैं।

इसके साथ ही देश में दैनिक नए मामलों की संख्या लगातार बढ़ रही है। पिछले 24 घंटों में 1,68,912 नए मामले दर्ज किए गए। महाराष्ट्र, उत्तर प्रदेश, दिल्ली, छत्तीसगढ़, कर्नाटक, केरल, तमिलनाडु, मध्य प्रदेश, गुजरात और राजस्थान सहित 10 राज्यों ने कोरोना के नए दैनिक मामलों में बढ़ोतरी जारी है। नए मामलों के 83.02 प्रतिशत इन्हीं 10 राज्यों से रिपोर्ट किए गए हैं।

देशभर में कुल सक्रिय मामले 12,01,009 तक पहुंच गए हैं। अब यह देश के कुल पॉजिटिव मामलों का 8.88 प्रतिशत है। पिछले 24 घंटों में कुल सक्रिय मामलों में 92,922 मामलों की बढ़ोतरी दर्ज की गई है। पांच राज्यों महाराष्ट्र, छत्तीसगढ़, कर्नाटक, उत्तर प्रदेश और केरल की कुल मिलाकर भारत के कुल सक्रिय मामलों में 70.16 प्रतिशत की भागीदारी है। देश के कुल सक्रिय मामलों में अकेले महाराष्ट्र की 47.22 प्रतिशत की भागीदारी है।

कोरोना से दैनिक मौतों में भी लगातार बढ़ोतरी का रुख देखा जा रहा है। पिछले 24 घंटों में 904 मौतें दर्ज की गईं। नई मौतों के 89.16 प्रतिशत में 10 राज्यों की भागीदारी है। पिछले 24 घंटे के दौरान महाराष्ट्र में 349 मरीजों की मौत हुई है, जबकि 122 दैनिक मौतों के साथ छ्त्तीसगढ़ दूसरे स्थान पर रहा।

पिछले 24 घंटों में 9 राज्यों में कोरोना से एक भी मौत दर्ज नहीं की गई है। ये राज्य हैं- ओडिशा, हिमाचल प्रदेश, लद्दाख (केंद्रशासित प्रदेश), दमन एवं दीव तथा दादर एवं नागर हवेली, मेघालय, सिक्किम, लक्षद्वीप, अंडमान एवं निकोबार द्वीप समूह तथा अरुणाचल प्रदेश। भारत की कुल रिकवरी 1,21,56,529 हो चुकी है। राष्ट्रीय रिकवरी दर 89.86 प्रतिशत है। पिछले 24 घंटों में 75,086 रिकवरी दर्ज की गई।

रविवार को टीका उत्सव के पहले दिन लगाए गए लगभग 30 लाख टीके लगाए गए। रविवार, 11 अप्रैल को कुल 29,33,418 टीके लगाए गए। 12 अप्रैल सुबह सात बजे तक कुल मिलाकर 10,45,28,565 टीके लगाए जा चुके हैं।

Leave a Reply