देश में कोरोना की हालात एक बार फिर से गंभीर होती जा रही है। नए मामलों की संख्या बढ़ती जा रही है। देश में पिछले 24 घंटों में 2,00,739 नए मामले दर्ज किए गए। कोरोना के दैनिक नये मामले 10 राज्यों महाराष्ट्र, उत्तर प्रदेश, दिल्ली, छत्तीसगढ़, कर्नाटक, मध्यप्रदेश, केरल, तमिलनाडु, गुजरात और राजस्थान में बढ़े हैं। 80.76 प्रतिशत नये मामले इन 10 राज्यों से आए हैं। सबसे खराब स्थिति महाराष्ट्र की है। महाराष्ट्र में सबसे अधिक नये मामले 58,952 दर्ज किए गए। इसके बाद उत्तर प्रदेश में 20,439 और दिल्ली में 17,282 नए मामले पाए गए।
देश में कुल एक्टिव केस 14,71,877 हो गया है। पिछले 24 घंटे में इसमें 1,06,173 मामलों की वृद्धि दर्ज की गई। कुल सक्रिय मामलों का 67.16 प्रतिशत पांच राज्यों महाराष्ट्र, छत्तीसगढ़, उत्तर प्रदेश, कर्नाटक और केरल से है। देश के कुल सक्रिय केस में से महाराष्ट्र में 43.54 प्रतिशत है।
पिछले 24 घंटों में 1,038 रोगियों की मौत हुई है। मृत्यु के नये मामलों में 82.27 प्रतिशत 10 राज्यों से आए। महाराष्ट्र में सबसे अधिक 278 लोगों की मृत्यु हुई। दैनिक मृत्यु के मामले में छत्तीसगढ़ में संख्या 120 रही। पिछले 24 घंटों में 9 राज्यों में कोविड-19 से किसी के मरने की रिपोर्ट नहीं है। इन राज्यों में दमन और दीव तथा दादरा और नगर हवेली, त्रिपुरा, मेघालय, सिक्किम, नगालैंड, मिजोरम, मणिपुर, लक्षद्वीप और अरुणाचल प्रदेश शामिल है।
देश में दिए जा रहे कोरोना टीके की संख्या 11.44 करोड़ को पार कर गई। 15 अप्रैल को सुबह सात बजे तक कोरोना टीके के 11,44,93,238 डोज दिए गए। पिछले 24 घंटों में 33 लाख से अधिक डोज दिए गए। इसके साथ ही देश में कुल ठीक होने वालों की संख्या 1,24,29,564 रही। राष्ट्रीय रिकवरी दर 88.31 प्रतिशत है। पिछले 24 घंटों में 93,528 लोग ठीक हुए हैं।