Home समाचार राजस्थान में अशोक गहलोत के नेतृत्व में कांग्रेस लड़ेगी चुनाव, अब क्या...

राजस्थान में अशोक गहलोत के नेतृत्व में कांग्रेस लड़ेगी चुनाव, अब क्या होगा?

SHARE

राजस्थान की सियासत में मुख्यमंत्री अशोक गहलोत 40 साल से कांग्रेस का चेहरा बने बने हुए हैं। अशोक गहलोत तीसरी बार राजस्थान के मुख्यमंत्री हैं और उन्होंने अपने सियासी सफर में कांग्रेस के कई दिग्गज नेताओं को सियासी मात दी है। लेकिन जब उनके नेतृत्व में चुनाव लड़ा जाता है तब वो खुद मात खा जाते हैं। अशोक गहलोत साल 1998 में पहली बार राजस्थान के मुख्यमंत्री बने थे। लेकिन उस समय चुनाव उनके नेतृत्व में नहीं लड़ा गया था यहां तक कि गहलोत उस समय विधायक भी नहीं थे। पिछले 25 साल के राजस्थान विधानसभा चुनाव में कांग्रेस ने तीन बार जीत दर्ज की है। विधानसभा चुनावों में कांग्रेस ने तीन बार 1998, 2008 और 2018 में जीतकर सरकार बनाई है। लेकिन इन तीनों ही बार कांग्रेस ने अशोक गहलोत के नेतृत्व में चुनाव नहीं लड़ा था। कांग्रेस 1998 में परसराम मदेरणा के नेतृत्व में, 2008 में सीपी जोशी के नेतृत्व में और 2018 में सचिन पायलट के नेतृत्व में चुनाव मैदान में उतरी थी और जीत हासिल की और गहलोत मुख्यमंत्री बने। वहीं 2003 और 2013 में कांग्रेस अशोक गहलोत के नेतृत्व में चुनाव में उतरी और दोनों में ही उसे हार का सामना करना पड़ा। ये कड़वा सच है कि सरकार के मुखिया के तौर पर अशोक गहलोत कांग्रेस को दोनों ही बार जीत दर्ज नहीं करा पाए। अब तीसरी बार कांग्रेस अशोक गहलोत के नेतृत्व में चुनाव मैदान में उतरने जा रही है। अब क्या होगा?

1998
परसराम मदेरणा के नेतृत्व में चुनाव लड़ा
नतीजा- कांग्रेस की जीत, गहलोत सीएम बने
राजस्थान कांग्रेस ने जाट नेता परसराम मदेरणा के नेतृत्व में चुनाव लड़ा और कांग्रेस चुनाव जीत गई। लेकिन मदेरणा सीएम नहीं बन पाए। सीएम अशोक गहलोत बने।

सोनिया गांधी ने अशोक गहलोत को मुख्यमंत्री चुना 
साल 1998 में हुए चुनाव में अशोक गहलोत मुख्यमंत्री बने। लेकिन उससे पहले सबसे मजबूत दावेदार परसराम मदेरणा को माना जाता था। जिनका जोधपुर नागौर से लेकर बाड़मेर जैसलमेर समेत पूरे जाट बेल्ट में मजबूत प्रभाव था। राजस्थान में 1998 का चुनाव काफी अहम माना जाता है। वह इसलिए कि प्रदेश के सियासी इतिहास में पहली बार कोई जाट मुख्यमंत्री बनने के करीब था। जोधपुर के ओसियां से विधायक परसराम मदेरणा जिनका बाड़मेर जैसलमेर समेत पूरे पश्चिमी राजस्थान में सीधा प्रभाव था। और पूरे प्रदेश में दिग्गज जाट लीडर के तौर पर देखा जा रहा था। उस समय राज्य में भैरोसिंह शेखावत की सरकार थी। अशोक गहलोत पीसीसी चीफ थे और मदेरणा नेता प्रतिपक्ष थे। चुनावों में जाटों ने एक तरफा कांग्रेस को वोट दिए। परिणाम, कांग्रेस ने अपने इतिहास की सबसे ज्यादा सीटें जीती। 200 में से 153 सीटें जीती। जो 2013 के चुनाव को छोड़कर अब तक किसी पार्टी को मिली सबसे ज्यादा सीटें थी। माधव राव सिंधिया राजस्थान कांग्रेस के प्रभारी थे। लेकिन सोनिया गांधी ने अशोक गहलोत को मुखमंत्री पद के लिए चुना।

2003
अशोक गहलोत के नेतृत्व में चुनाव लड़ा
नतीजा- कांग्रेस चुनाव हार गई
इस बार कांग्रेस ने अशोक गहलोत के नेतृत्व में चुनाव लड़ा और उन्हें सीएम चेहरा घोषित किया लेकिन कांग्रेस बुरी तरह चुनाव हार गई।

गहलोत के नेतृत्व में कांग्रेस को बुरी तरह हार मिली
मुख्यमंत्री रहते गहलोत के 5 साल के कार्यकाल के बाद 2003 में हुए विधानसभा चुनाव में कांग्रेस को बुरी तरह हार मिली। कांग्रेस 200 में से केवल 56 सीट ही ला पायी, उसे 1998 में मिली 153 सीटों में से 97 सीटों का नुकसान हुआ। भाजपा ने 120 सीटें जीतकर कांग्रेस को सत्ता से बाहर का रास्ता दिखाया। चुनाव में भाजपा को 39.20 प्रतिशत वोट मिले। वहीं, कांग्रेस 56 सीटों पर सिमटकर रह गई थी।

2008
सीपी जोशी के नेतृत्व में चुनाव लड़ा
नतीजा- कांग्रेस की जीत, गहलोत सीएम बने
इस बार कांग्रेस ने सीपी जोशी के नेतृत्व में चुनाव लड़ा और कांग्रेस ने चुनाव जीत लिया। लेकिन सीपी जोशी खुद 1 वोट से हार गए। वह सीएम नहीं बन पाए। सीएम अशोक गहलोत बने।

सीपी जोशी 1 वोट से चुनाव हार गए, गहलोत सीएम बने
वर्ष 2008 में कांग्रेस ने प्रदेश अध्यक्ष सीपी जोशी के नेतृत्व में चुनाव लड़ा। इस चुनाव में डॉ सी पी जोशी, अशोक गहलोत, दीवान माधोसिंह, डॉ चन्द्रभान, डॉ बी डी कल्ला, दुर्र मियां सहित कई नेता सीएम पद की दौड़ में थे। कांग्रेस ने भी सी पी जोशी के रूप में ब्राह्मण नेता को आगे रखा था। कांग्रेस को बहुमत मिला, लेकिन सीपी जोशी खुद 1 वोट से चुनाव हार गए। इसके बाद दूसरे नंबर के दावेदार अशोक गहलोत सीएम बने। इस चुनाव में कांग्रेस 200 में 96 सीटों पर जीत दर्ज करने में कामयाब रही। इसके बाद निर्दलियों और बसपा के विधायकों की मदद से कांग्रेस सत्ता में आयी। इस चुनाव में पार्टी का वोट प्रतिशत 36.82 फीसदी रहा। वहीं, सरकार बनाने में नाकाम रही भाजपा ने 78 सीटों पर जीत दर्ज की।

2013
अशोक गहलोत के नेतृत्व में चुनाव लड़ा
नतीजा- कांग्रेस चुनाव हार गई
इस बार कांग्रेस ने अशोक गहलोत के नेतृत्व में चुनाव लड़ा। और कांग्रेस बहुत बुरी तरह चुनाव हार गई।

अशोक गहलोत के नेतृत्व में कांग्रेस की बेहद शर्मनाक हार
2013 में मुख्यमंत्री अशोक गहलोत के 5 साल कार्यकाल के बाद हुए इस विधानसभा चुनाव में कांग्रेस को बेहद शर्मनाक हार का सामना करना पड़ा, कांग्रेस 200 में से मात्र 21 सीटों पर सिमट कर रह गई। भाजपा ने प्रदेश की 200 में से 163 सीटें जीतकर सबसे बड़ी जीत दर्ज की। मोदी लहर में पार्टी को 46.05 फीसदी वोट मिले। वहीं, कांग्रेस को केवल 21 सीटों से संतोष करना पड़ा।

2018
सचिन पायलट के नेतृत्व में चुनाव लड़ा
नतीजा- कांग्रेस की जीत, गहलोत सीएम बने
इस बार कांग्रेस ने सचिन पायलट के नेतृत्व में चुनाव लड़ा। और कांग्रेस जीत गई। लेकिन पायलट सीएम नहीं बन पाए। अशोक गहलोत सीएम बने।

राजस्थान में प्रदेश अध्यक्ष का पत्ता कटा, गहलोत सीएम बने
कांग्रेस ने 2018 का चुनाव युवा चेहरे और प्रदेश कांग्रेस के अध्यक्ष सचिन पायलट के नेतृत्व में लड़ा। इस चुनाव में गुर्जर, मुस्लिम और मीणा को एकजुट करने में कांग्रेस कामयाब रही। कांग्रेस को राज्य में बहुमत मिला। एमपी और छत्तीसगढ़ में भी कांग्रेस को बहुमत मिला। एमपी और छत्तीसगढ़ में तत्कालीन प्रदेश अध्यक्ष सीएम बने। लेकिन राजस्थान में प्रदेश अध्यक्ष का पत्ता कट गया और फिर से अशोक गहलोत सीएम बने। कांग्रेस ने 99 सीटें जीतकर सत्ता में वापसी की, लेकिन पूर्ण बहुतम का आंकड़ा नहीं जुटा पाई। इस चुनाव में पार्टी का वोट प्रतिशत 39.3 फीसदी रहा। वहीं, भाजपा को 73 सीटें मिलीं।

2023
अशोक गहलोत के नेतृत्व में चुनाव लड़ने का फैसला
नतीजा- कांग्रेस की हार??
अब कांग्रेस ने फिर से अशोक गहलोत के नेतृत्व में चुनाव लड़ने का फैसला किया है। कांग्रेस जब भी गहलोत के नेतृत्व में चुनाव लड़ती है तो चुनाव हारती है। जब भी वे दूसरे के नेतृत्व में लड़ते हैं तो जीतते हैं। लेकिन सीएम तो अशोक गहलोत ही बनते हैं। इस तरह से देखा जाए तो 2023 अशोक गहलोत के लिए शुभ नहीं कहा जा सकता। अब 2023 में ऊंट किस करवट बैठेगा ये तो आने वाला वक्त ही बताएगा।

Leave a Reply