Home समाचार कांग्रेस ने ‘भारत जोड़ो न्याय यात्रा’ में किया अन्याय! कंटेनर वाहनों का...

कांग्रेस ने ‘भारत जोड़ो न्याय यात्रा’ में किया अन्याय! कंटेनर वाहनों का अब तक भुगतान नहीं, शिकायत दर्ज

SHARE

देश में 65 साल तक घोटालों को अंजाम देने वाली कांग्रेस पार्टी ने ‘भारत जोड़ो न्याय यात्रा’ में भी कंटेनर ट्रक मालिकों के साथ अन्याय कर दिया। कांग्रेस नेता राहुल गांधी की भारत जोड़ो न्याय यात्रा में ट्रक कंटेनर भेजने वाले मालिकों ने आरोप लगाया है कि उनकी गाड़ियों के किराए का पैसा नहीं मिला है। इन ट्रक मालिकों का कई लाख रुपए ट्रांसपोर्टर पर बकाया है, जिसका भुगतान अभी तक नहीं हुआ है। उनका कहना है कि दिल्ली की एक ट्रांसपोर्ट कंपनी के जरिए उनके 25 से अधिक ट्रकों को कांग्रेस की ‘भारत जोड़ो न्याय यात्रा’ में लगाया गया था। कांग्रेस के जिम्मेदार लोगों से कहने के बावजूद उनके लाखों रुपये का भुगतान नहीं किया जा रहा है। ट्रक मालिकों ने ट्रांसपोर्ट कंपनी के खिलाफ उत्तर प्रदेश के बुलंदशहर पुलिस में शिकायत दर्ज कराई है।

25 से ज्यादा कंटेनर वाहनों का भुगतान नहीं
कांग्रेस नेता राहुल गांधी की भारत जोड़ो न्याय यात्रा में शामिल वाहनों का भुगतान नहीं करने का आरोप लगाया गया है। दिल्ली में ट्रांसपोर्ट का व्यवसाय करने वाले बुलंदशहर की अनुपशहर कोतवाली क्षेत्र के गांव रोरा निवासी मोती, सतेंद्र, धर्मेंद्र, रामकिशन ने यात्रा में शामिल 25 से ज्यादा कंटेनर वाहनों का भुगतान नहीं करने का आरोप लगाया है। उन्‍होंने बताया कि यात्रा के जिम्मेदार लोगों से कई बार कहने के बावजूद अभी तक हमारा बकाया नहीं दिया गया।

वाहनों का लाखों रुपए बकाया, अभी तक भुगतान नहीं
न्यूज18 की रिपोर्ट के मुताबिक, ट्रांसपोर्ट का व्यवसाय करने वालों ने बताया है कि कांग्रेस नेता राहुल गांधी द्वारा निकाली गई भारत जोड़ो न्याय यात्रा में हमारे कंटेनर वाहनों को शामिल किया गया था, लेकिन इन वाहनों का लाखों रुपए बकाये का अभी तक भुगतान नहीं किया गया। इससे पहले पिछले वर्ष कांग्रेस पार्टी द्वारा निकाली गई यात्रा में शामिल वाहनों के भी बकाये का भुगतान अब तक नहीं करने की बात कही गई है।

ट्रांसपोर्ट के मालिक ने कहा- 22 दिन का भुगतान बाकी
ऑपइंडिया के अनुसार, इस मामले में बिहार बंगाल ट्रांसपोर्ट के मालिक अनिल कौशिक ने बताया कि यह ड्राईवर बिना बात विवाद खड़ा कर रहे हैं। कौशिक ने कहा कि यह गाड़ियां उन्हें 1 जनवरी, 2024 को मिली थीं। इसके बाद इन्हें 2 महीने 22 दिन यात्रा में संचालित किया गया। गाड़ियों के भुगतान को लेकर कौशिक ने बताया कि वह हर 15 दिन पर हर गाड़ी का भुगतान कर देते हैं। इन गाड़ियों का भी 2 महीने का भुगतान हो गया है और 22 दिन का भुगतान बाकी है जो कि वह देने को भी तैयार हैं।

भारत जोड़ो यात्रा के एक दिन का खर्च 50 लाख!
कंटेनर मालिकों का बकाया तब है जबकि कांग्रेस ने राहुल की पहली भारत जोड़ो यात्रा पर करीब 72 करोड़ खर्च किए। इस हिसाब से यात्रा के एक दिन का खर्च करीब 50 लाख और एक किलोमीटर पर खर्च करीब 1.59 लाख बैठता है। भारत जोड़ो यात्रा से कांग्रेस का पूरा बजट गड़बड़ाने के बाद भी कांग्रेस ने खुलकर खर्च किया। इसके बावजूद कि जिस साल यानी 2022-23 में भारत जोड़ो यात्रा निकली उसमें कांग्रेस की कमाई कम हुई लेकिन पार्टी का खर्च बेतहाशा बढ़ा।

2022-23 में कांग्रेस ने 467 करोड़ खर्च किए
साल 2022-23 में कांग्रेस की आमदनी 452 करोड़ रही। लेकिन खर्च 467 करोड़ हुआ। जबकि एक साल पहले 2021-22 में कांग्रेस की आमदनी 541 करोड़ थी। खर्च 400 करोड़ हुआ। साल भर में 90 करोड़ कम आमदनी हुई। भारत जोड़ो वाले साल में कांग्रेस ने चुनावों पर 192 करोड़ खर्च किए जबकि उससे पहले वाले साल में खर्च ज्यादा यानी 279 करोड़ हुआ था। तीसरी बड़ा खर्च चुनाव पूर्व सर्वे पर हुआ जिस पर 40 करोड़ चले गए। ऐसी उम्मीद है कि इस साल कांग्रेस का खर्च भारत जोड़ो न्याय यात्रा पर और भी ज्यादा बढ़ जा सकता है। न्याय यात्रा ज्यादा लंबी दूरी के लिए थी और बस, कार से हो रही थी जिसमें सबसे ज्यादा ट्रांसपोर्ट पर खर्च होने का अनुमान है।

Leave a Reply