Home समाचार चंद्रयान-3 की सफल लैंडिंग के लिए देश भर में प्रार्थना का दौर...

चंद्रयान-3 की सफल लैंडिंग के लिए देश भर में प्रार्थना का दौर जारी, इसरो से वर्चुअली जुड़ेंगे पीएम मोदी

SHARE

भारत चंद्रमा पर इतिहास रचने जा रहा है। चंद घंटों के बाद चंद्रयान-3 चंद्रमा के साउथ पोल पर लैंड करने वाला है। भारतीय अंतरिक्ष अनुसंधान संगठन (इसरो) के मुताबिक चंद्रयान-3 आज (23 अगस्त, 2023) को शाम छह बजकर चार मिनट पर चंद्रमा पर उतरने के लिए पूरी तरह तैयार है। लैंडिंग एक कठिन प्रक्रिया है। इसके लिए पूरी तैयारी की गई है। चंद्रयान की लैंडिंग के समय प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी दक्षिण अफ्रीका से इसरो के साथ वर्चुअली जुड़ेंगे। वहीं पूरी दुनिया की नजर भारत के चंद्रयान-3 मिशन पर है। चंद्रयान की सफल लैंडिंग के लिए देश भर में दुआओं का दौर जारी है। समाज के हर वर्ग के लोग भगवान से सफल लैंडिंग के लिए प्रार्थना कर रहे हैं। आइए देखते हैं चंद्रमा पर तिरंगा लहराने और इस ऐतिहासिक पल का साक्षी बनने के लिए लोगों में किस तरह उत्साह दिखाई दे रहा है।

चंद्रयान-3 की सफल लैंडिंग के लिए मध्य प्रदेश के उज्जैन में स्थित श्री महाकालेश्वर मंदिर में सुबह-सुबह विशेष ‘भस्म आरती’ की गई।

चंद्रयान-3 की सफल लैंडिंग के लिए केंद्रीय मंत्री हरदीप सिंह पुरी दिल्ली के गुरुद्वारा बंगला साहिब में विशेष अरदास में शामिल हुए। 

चंद्रयान की कामयाबी के लिए देशभर में प्रार्थनाओं का दौर जारी है। योग गुरु रामदेव ने भी चंद्रयान-3 मिशन की सफलता के लिए हरिद्वार में पूजा की।

वेदपाठी युवा भी संस्कृत श्लोकों के माध्यम से भगवान महादेव की अराधना कर चंद्रयान की सफल लैंडिंग के लिए कामना की।

साधु-संत भी भारत की ऐतिहासिक सफलता के लिए भगवान से प्रार्थना कर रहे हैं। उत्तर प्रदेश के वाराणसी में साधुओं ने भी हवन किया।

लखनऊ स्थित इस्लामिक सेंटर में छात्रों और युवाओं ने नमाज अदा कर अल्लाह तआला से चंद्रयान-3 की सफल लैंडिंग की कामना की।

चंद्रयान-3 की चंद्रमा पर सफल लैंडिंग के लिए ओडिशा में लोगों ने भुवनेश्वर की एक मस्जिद में नमाज अदा की।

महाराष्ट्र के नागपुर में भरतनाट्यम और कुचिपुड़ी नर्तक पूजा हिरवाडे ने ‘नमो नमो भारताम्बे’ और चंद्रयान गान पर भरतनाट्यम प्रस्तुत किया।

चंद्रयान-3 की सफल लैंडिंग को लेकर बच्चों में भी काफी उत्साह दिखाई दे रहा है। यूपी के मुरादाबाद में छात्र-छात्राओं ने अपना चेहरा रंगा।

Leave a Reply