Home समाचार कृषि सुधारों का विरोध कर रहे राजनीतिक दलों पर बरसे प्रधानमंत्री मोदी,...

कृषि सुधारों का विरोध कर रहे राजनीतिक दलों पर बरसे प्रधानमंत्री मोदी, कहा- किसान और देश को आत्मनिर्भर बनाने के लिए सुधारों का सिलसिला जारी रहेगा

SHARE

हिमाचल प्रदेश के कुल्लू स्थित सोलंग घाटी में एक जनसभा को संबोधित करते हुए प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने नए कृषि सुधार कानूनों को ऐतिहासिक करार दिया। उन्होंने कहा कि ये कानून हर प्रकार से किसानों के हित में हैं। जहां इससे किसानों को लाभ होगा, वहीं बिचौलियों और दलालों की भूमिका खत्म हो जाएगी।  

प्रधानमंत्री मोदी ने कृषि सुधारों का विरोध कर रहे राजनीतिक दलों पर जमकर हमला करते हुए कहा कि समाज और व्यवस्थाओं में बदलाव के विरोधी जितनी भी अपने स्वार्थ की राजनीति करें, देश को आत्मनिर्भर बनाने के लिए सुधारों का सिलसिला जारी रहेगा। पिछली शताब्दी के नियमों और कानूनों से अगली शताब्दी में नहीं पहुंचा जा सकता।

लोगों को संबोधित करते हुए प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि कृषि सुधार कानूनों का विरोध करने वाले यथास्थिति बनाए रखने की बात करते हैं। सदी बदल गई लेकिन उनकी सोच नहीं बदली। अब सदी बदल गई है तो सोच भी बदलनी होगी। जो पिछली सदी में जीना चाहते हैं, उन्हें जीने दें। लेकिन हमारी सरकार छोटी-छोटी जरूरतों को देखते हुए बदलाव लाने के लिए प्रतिबद्ध है।

प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि देश में आज जो सुधार किए जा रहे हैं, उनसे ऐसे लोग परेशान हो रहे हैं, जिन्होंने हमेशा अपने राजनीतिक स्वार्थ के लिए काम किया। इन सुधारों से बिचौलियों और दलालों पर प्रहार हो रहा है तो वह बौखला रहे हैं। बिचौलियों को बढ़ावा देने वालों ने देश की स्थिति क्या कर दी थी, यह देश भलीभांति जानता है।

प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि जिस सुधार के बारे में कांग्रेस ने पहले सोचा था, उसी सुधार को हमारी सराकर ने लागू किया। कांग्रेस ऐसा नहीं कर पायी, क्योंकि उनमें लागू करने की राजनीतिक इच्छाशक्ति नहीं थी। उन्होंने कहा कि कांग्रेस में साहस की कमी थी। उन्होंने चुनाव पर ध्यान दिया, जबकि हमने देश के किसानों को प्राथमिकता दी है। 

इस दौरान प्रधानमंत्री मोदी ने अपनी सरकार की विभिन्न योजनाओं का जिक्र किया और कहा कि इनसे लोगों को फायदे हो रहे हैं। उन्होंने कहा कि उनकी सरकार का प्रयास है कि आम लोगों की परेशानी कैसे कम हो और उन्हें उनके हक का पूरा लाभ कैसे मिले? उनकी सरकार द्वारा किए जा रहे सुधारों से लोगों का समय और पैसा दोनों बच रहा है और भ्रष्टाचार के रास्ते भी बंद हो रहे हैं।

प्रधानमंत्री मोदी ने किसानों की आय दोगुनी करने और खेती से जुड़ी उनकी जरूरतों को पूरा करने के प्रति प्रतिबद्धता जतायी। साथ ही कहा कि हमारे लिए किसान का उज्जवल भविष्य सामने है। इसलिए हम लगातार उनके हित में फैसला लेते रहेंगे,ताकि देश के अन्नदाता भी बदलती परिस्थितियों में चुनौतियों का सफलतापूर्वक सामना करने में सक्षम हो और निरंतर आगे बढ़ सके। 

Leave a Reply