Home चुनावी हलचल इंडी अलायंस कमीशन के लिए है, जबकि एनडीए सरकार मिशन के लिए...

इंडी अलायंस कमीशन के लिए है, जबकि एनडीए सरकार मिशन के लिए है- प्रधानमंत्री मोदी

SHARE

प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने आज 6 अप्रैल को उत्तर प्रदेश के सहारनपुर में एक चुनावी रैली को संबोधित किया। विशाल जनसभा को संबोधित करते हुए प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि आज भाजपा का स्थापना दिवस है। बहुत कम दशकों में ही भाजपा के साथ रिकॉर्ड संख्या में हमारे देशवासी जुड़े हैं। भाजपा ने लोगों का भरोसा जीता है, दिल जीता है। इसका कारण क्या है? इसका सबसे बड़ा कारण है कि भाजपा, राजनीति नहीं राष्ट्रनीति पर चलती है। भाजपा का नारा है- राष्ट्र प्रथम।

उन्होंने कहा कि हमारे लिए देश से बड़ा और कुछ नहीं, देशहित से बड़ा और कुछ नहीं। भाजपा से लोग सत्ता के लिए नहीं जुड़ते, बल्कि एक मिशन के लिए जुड़ते हैं। इसलिए, भाजपा ने अपने सिद्धांतों, अपने संकल्पों को हमेशा राजनीतिक स्वार्थ से ऊपर रखा है। प्रधानमंत्री ने कहा कि गरीब कल्याण हमारे लिए एक चुनावी घोषणा नहीं, बल्कि मिशन रहा है। कांग्रेस की सरकारें जो कई दशकों में नहीं कर पाईं, वो भाजपा ने 10 साल में करके दिखाया है। इसलिए ही पूरा देश कह रहा है- 4 जून…400 पार !

सहारनपुर की रैली को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि कांग्रेस जितने साल सत्ता में रही, उसने कमीशन खाने को प्राथमिकता दी। इंडी अलायंस कमीशन के लिए है। एनडीए मोदी सरकार मिशन के लिए है। भाजपा ने हमेशा देश के विकास को अपना मिशन बनाया। अयोध्या में रामलला का भव्य मंदिर, चुनावी घोषणा नहीं, बल्कि हमारा मिशन रहा है। जम्मू-कश्मीर से आर्टिकल-370 हटाना हमारा मिशन रहा है। भारत को एक मजबूत देश बनाना, भाजपा की प्रतिबद्धता है।

प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि बीजेपी सरकार बिना भेदभाव के काम करती है। हमारी सोच यही है कि सरकार की योजनाएं हर वर्ग, हर जाति, हर व्यक्ति तक पहुंचे। सबका साथ, सबका विकास और सबका विश्वास ही हमारा मंत्र है।

बीजेपी की विशाल रैली को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि मैं ये देश का पहला चुनाव देख रहा हूं, जहां विपक्ष जीत का दावा नहीं कर रहा है। बल्कि विपक्ष सिर्फ इसलिए चुनाव लड़ रहा है ताकि भाजपा की सीटें 370 से कम की जा सकें। इंडी-गठबंधन- अस्थिरता और अनिश्चितता का दूसरा नाम बन चुका है। इसलिए देश इनको गंभीरता से नहीं ले रहा। ‘दो लड़कों’ की जो फिल्म पिछली बार फ्लॉप हो चुकी है, उसे इन लोगों ने फिर रिलीज किया है। मुझे समझ नहीं आता…काठ की हांडी को ये इंडी गठबंधन वाले कितनी बार चढ़ाएंगे?

सहारनपुर की जनसभा में प्रधानमंत्री ने कहा कि कभी जिस कांग्रेस ने आजादी की लड़ाई लड़ी थी, वो दशकों पहले ही समाप्त हो चुकी है। अब जो कांग्रेस बची है उसके पास ना देशहित में नीतियां हैं और ना ही राष्ट्र निर्माण का विजन। कल कांग्रेस ने जिस तरह का घोषणापत्र जारी किया है, उससे साबित हो गया है कि आज की कांग्रेस, आज के भारत की आशाओं-आकांक्षाओं से पूरी तरह कट चुकी है।

प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि आपका सपना, मोदी का संकल्प है। मैं अगर भ्रष्टाचार पर आज कड़ा प्रहार कर रहा हूं, तो ये आपके बेहतर भविष्य के लिए ही है। भ्रष्टाचारी, गरीब के सपनों को तोड़ते हैं, आपको लूटते हैं, आपके अधिकारों को लूटते हैं। आपको आगे बढ़ने से रोकते हैं। अगर आपका बेटा या बेटी नौकरी के लिए योग्य है। भ्रष्टाचार करके किसी और को नौकरी दे दी जाए तो उसका भविष्य क्या होगा। मैं कहता हूं- भ्रष्टाचार हटाओ, वो कहते हैं-भ्रष्टाचारी बचाओ। लेकिन मोदी पीछे हटने वाला नहीं है। भ्रष्टाचार पर तेज कार्रवाई जारी रहेगी और ये मोदी की गारंटी है।

Leave a Reply