प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी को देश-विदेश में अलग-अलग मौकों पर मिले उपहारों और स्मृति चिन्हों को हासिल करने का एक बार फिर मौका है। प्रधानमंत्री को मिले करीब 1,500 मेमेंटोज की ऑनलाइन नीलामी शुरू हो गई है। इस ई-नीलामी में भारत की समृद्ध संस्कृति, कला और रचनात्मकता को दर्शाने वाली कई खास कलाकृतियां और स्मृति चिन्ह शामिल हैं। प्रधानमंत्री मोदी को मिले इन उपहारों की ई-नीलामी उनके जन्मदिन के अवसर पर 17 सितंबर 2026 से शुरू हुई है और 31 अक्टूबर 2026 तक चलेगी। आप pmmementos.gov.in पर जाकर इन स्मृति चिन्हों को देख सकते हैं और ऑनलाइन बोली लगा सकते हैं।

नीलामी में क्या-क्या शामिल है?
केंद्रीय संस्कृति एवं पर्यटन मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत नीलामी की घोषणा करते हुए बताया कि प्रधानमंत्री के स्मृति चिन्हों की ई-नीलामी का यह 8वां संस्करण है। इसमें पेंटिंग, कलाकृतियां, मूर्तियां, देवी-देवताओं की प्रतिमाएं और खेल से जुड़े सामान सहित कई तरह के मेमेंटोज शामिल किए गए हैं।
इस बार कुल 1,498 स्मृति चिन्ह नीलामी के लिए रखे गए हैं। इनमें भगवान राम का प्रतीक चिह्न, काकतीय कला तोरणम की चांदी की प्रतिकृति, ‘ट्री ऑफ लाइफ’ गोंड आर्ट पेंटिंग, रथ पर जगन्नाथ परिवार और 99.99 फाइन गोल्ड-प्लेटेड राधा-कृष्ण कलाकृति जैसी आकर्षक वस्तुएं शामिल हैं।
इसके अलावा युद्धपोत आईएनएस सूरत और आईएनएस नीलगिरि के मॉडल भी इस संग्रह का हिस्सा हैं। ये स्मृति चिन्ह देश के अलग-अलग हिस्सों से आए हैं, इसलिए इस पूरे संग्रह में भारत की भौगोलिक और सांस्कृतिक विविधता की झलक दिखाई देती है।

कई राज्यों की कला और संस्कृति की झलक
इस बार के संग्रह में अलग-अलग राज्यों की कला और परंपराओं को भी जगह दी गई है। पश्चिम बंगाल, उत्तर प्रदेश, गुजरात, महाराष्ट्र, असम, बिहार और ओडिशा सहित कई राज्यों से जुड़ी स्मृति वस्तुएं इसमें शामिल हैं। इनमें कर्नाटक से भगवान राम का प्रतीक चिह्न और काकतीय कला तोरणम की चांदी की प्रतिकृति जैसी कलाकृतियां भी शामिल हैं। संग्रह में शामिल वस्तुएं देश की विविध लोक और पारंपरिक कलाओं के साथ-साथ आधुनिक रचनात्मकता को भी प्रदर्शित करती हैं।

नीलामी से नमामि गंगे के लिए जुटाई जाती है राशि
प्रधानमंत्री को मिले इन स्मृति चिन्हों की नीलामी का उद्देश्य सिर्फ लोगों को इन खास वस्तुओं को हासिल करने का अवसर देना नहीं है। इससे मिलने वाली राशि नमामि गंगे मिशन के लिए इस्तेमाल की जाती है। इस पहल के जरिए आम लोगों, संग्रहकर्ताओं, संस्थानों और कला-संस्कृति में रुचि रखने वाले लोगों को प्रधानमंत्री को भेंट की गई स्मृति वस्तुओं के लिए बोली लगाने का अवसर मिलता है। इसके साथ ही नीलामी के जरिए गंगा संरक्षण और पर्यावरण से जुड़े प्रयासों में जनभागीदारी को भी बढ़ावा मिलता है।

सात नीलामियों में बिक चुके हैं करीब 7,400 उपहार
प्रधानमंत्री मोदी को मिले उपहारों की पहली ई-नीलामी जनवरी 2019 में आयोजित की गई थी। इसके बाद अब तक सात संस्करणों में करीब 7,400 स्मृति चिन्हों की नीलामी की जा चुकी है। इन नीलामियों से नमामि गंगे परियोजना के लिए 52 करोड़ रुपये से अधिक की राशि जुटाई गई है।
इस बार भी नीलामी में शामिल वस्तुओं को आम लोग ऑनलाइन देख सकते हैं। नई दिल्ली स्थित नेशनल गैलरी ऑफ मॉडर्न आर्ट (NGMA) में इन उपहारों और स्मृति चिन्हों की प्रदर्शनी लगाई गई है।
ऑनलाइन बोली लगाने से पहले लोग यहां जाकर इन वस्तुओं को देख सकते हैं। अगर आप भी प्रधानमंत्री मोदी को मिले इन खास स्मृति चिन्हों में से किसी को हासिल करना चाहते हैं, तो pmmementos.gov.in पर जाकर नीलामी में हिस्सा ले सकते हैं।










