कांग्रेस, कॉकरोच जनता पार्टी (सीजेपी) और लेफ्ट लिबरल टूलकिट गैंग का मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार का इस्तीफा मांगने का आंदोलन अब पूरी तरह दिशाहीन और फ्लॉप साबित हो गया है। हालांकि इस गैंग के आंदोलनों का खड़ा होना और उनका अचानक बिखर जाना कोई नई बात नहीं है। पहले भी इनके नैरेटिव बनाने के प्रयासों पर पलीता लग चुका है। इस बार पूरे घटनाक्रम की सबसे दिलचस्प बात यह रही कि राजनीतिक लड़ाई को अधर में ही छोड़कर विपक्षी खेमे के बड़े चेहरे और लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी अचानक वियतनाम की यात्रा पर कूच कर गए। दरअसल, जब देश की मुख्य विपक्षी पार्टी किसी संवैधानिक संस्था के खिलाफ मोर्चा खोले और वह बिना किसी तार्किक परिणति के शांत हो जाए, तो नेतृत्व पर कई गंभीर सवाल खड़े होते हैं। राहुल की इस पुरानी आदत ने एक बार फिर उनके विरोधियों को तीखे राजनीतिक बाण चलाने का खुला मौका दे दिया है। दूसरी ओर इस आंदोलन ने पर्दे के पीछे सक्रिय रहने वाले सोशल मीडिया रणनीतिकारों और ‘टूलकिट गैंग’ के चेहरों को बेनकाब कर दिया है। सीजेपी के संस्थापक अभिजीत दीपके द्वारा सोशल मीडिया पर नए वीडियो के जरिए खुद को इस पूरे विवाद से अलग कर लेना और यह स्वीकार करना कि वे सिर्फ मोहरे हैं। वे तो सौरव दास और आशुतोष रांका के निर्देशों का पालन कर रहे थे। यह साबित करता है कि आंदोलन के पीछे कोई ठोस वैचारिक धरातल नहीं, बल्कि एक प्रायोजित नैरेटिव था।
🚨 Cockroach Janta Party की कहानी में नया ट्विस्ट! 🎭😂
अभिजीत दिपके (Abhijeet Dipke) का बयान, आशुतोष रांका (Ashutosh Ranka) और सौरव दास (Sourav Das) ही असली मास्टरमाइंड हैं, मैं तो बस उनके आदेशों का पालन कर रहा था! 👀
CJP के अन्य सदस्यों की तरह जेल जाने का डर सताया तो संस्थापक ने वीडियो के जरिए सरेंडर कर दिया! 😜
अब दिल्ली पुलिस की क्राइम ब्रांच ने मामले की जांच अपने हाथ में ले ली है। 🔥
खेल के खिलाड़ी पर्दे के पीछे और मोहरा सामने? 🍿 अब स्क्रिप्ट नहीं, सबूतों की बारी है!
— अखण्ड भारत संकल्प (@Akhand_Bharat_S) October 20, 2026
संवैधानिक संस्थाओं पर सुनियोजित प्रहार के बाद बिखरता विपक्ष का नैरेटिव
चुनाव आयोग जैसी संवैधानिक संस्थाओं की विश्वसनीयता पर सवाल उठाना विपक्ष का एक पुराना हथियार रहा है, लेकिन ज्ञानेश कुमार का इस्तीफा मांगने के लिए जिस तरह पूरी ताकत झोंकी गई, उसने इस बार विपक्ष की रणनीति को पूरी तरह उजागर कर दिया। वामपंथी संगठनों, सीजेपी और कांग्रेस के शीर्ष रणनीतिकारों ने इस मुद्दे को राष्ट्रीय संकट की तरह पेश किया, ताकि मतदाता सूचियों (SIR) की निष्पक्षता पर जनता के मन में संदेह पैदा किया जा सके। हालांकि, जैसे ही इस आंदोलन के कानूनी और प्रशासनिक परीक्षण की बारी आई, इसके मुख्य सूत्रधारों के पैर उखड़ गए। नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी विदेश भाग गए। उधर, जमानत पर बाहर आए सीजेपी के सौरभ दास और रांका द्वारा प्रशासन के सामने यह लिखित बांड भरना कि वे भविष्य में कभी जंतर-मंतर पर ऐसा प्रदर्शन या शांति भंग करने वाला कोई आंदोलन नहीं करेंगे, इस बात पर अंतिम मुहर लगा देता है कि संस्थाओं को घेरने की यह कोशिश पूरी तरह से विफल रही है। राहुल गांधी की वियतनाम रवानगी के बाद अब कांग्रेसी नेताओं ने भी इस पूरे विषय पर रहस्यमयी चुप्पी साध ली है।

सीजेपी के नेता सौरव और आशुतोष का सरेंडर, शांति बॉन्ड भी भरा
कॉकरोच जनता पार्टी के नेता सौरव दास और आशुतोष रांका ने तिहाड़ जेल से अपनी रिहाई के लिए जमानत बॉन्ड पर हस्ताक्षर किए हैं। दिल्ली की विशेष कार्यपालक मजिस्ट्रेट अदालत ने उन्हें 50-50 हजार रुपये के निजी मुचलके और जमानत बॉन्ड पर रिहा करने का आदेश दिया था, जिसके बाद उन्हें 21 अक्टूबर 2026 को जेल से रिहा कर दिया गया। रिहाई के लिए दोनों नेताओं ने कोर्ट में एक लिखित आश्वासन और हलफनामा दिया है। इसके तहत जब तक जंतर-मंतर का क्षेत्र प्रदर्शन स्थल की सूची से ‘डी-नोटिफाई’ (प्रतिबंधित) रहेगा, वे वहां न तो शांति भंग करेंगे और न ही किसी नए विरोध-प्रदर्शन का आह्वान करेंगे। दोनों नेताओं को 14 अक्टूबर को पुलिस ने हिरासत में लिया था। उन पर आरोप था कि उन्होंने प्रतिबंधित घोषित हो चुके जंतर-मंतर पर बिना अनुमति प्रवेश किया, वहां तिरंगा फहराया और पहले से भरे गए शांति बॉन्डके नियमों का उल्लंघन किया। मजिस्ट्रेट कोर्ट द्वारा हिरासत बढ़ाने के आदेश के खिलाफ वे दिल्ली हाईकोर्ट भी गए थे, लेकिन हाईकोर्ट से कड़ी फटकार मिलने के बाद उन्होंने अपनी याचिका वापस ले ली और SEM कोर्ट की शर्तों को स्वीकार किया।
राहुल की वियतनाम यात्रा ‘वेकेशन पॉलिटिक्स’ का पुराना ढर्रा
कांग्रेस से इस फ्लॉप शो में बड़ा राजनीतिक मोड़ तब आया जब आंदोलन को नेतृत्व देने और उसे तार्किक अंत तक पहुंचाने के बजाय राहुल गांधी 19 अक्टूबर 2026 की देर रात वियतनाम के लिए रवाना हो गए। भारतीय जनता पार्टी ने इसे हाथों-हाथ लेते हुए राहुल गांधी पर तंज कसा और उन्हें एक बार फिर “वेकेशन पॉलिटिशियन” यानी छुट्टियों वाला राजनेता करार दिया। भाजपा का आरोप है कि राहुल गांधी गंभीर राजनीति करने के बजाय देश में भ्रम का माहौल पैदा करते हैं। जब उस भ्रम का जवाब देने की बारी आती है, तो वे विदेश भाग जाते हैं। कांग्रेस का यह तर्क कि यह उनकी एक निजी और आध्यात्मिक यात्रा है, राजनीतिक गलियारों में गले नहीं उतर रहा है क्योंकि एक नेता प्रतिपक्ष से यह उम्मीद की जाती है कि जब देश में उनकी पार्टी एक बड़ा आंदोलन चला रही हो, तो वे अग्रिम पंक्ति में खड़े होकर उसका नेतृत्व करें, न कि उसे बीच मझधार में छोड़कर विदेश यात्रा पर निकल जाएं।
चुनावी महासमर और अहम मौकों पर रणछोड़ बनने का इतिहास
यह पहली बार नहीं है जब राहुल गांधी किसी महत्वपूर्ण राजनीतिक मोड़, संसद सत्र या विधानसभा चुनावों के ठीक पहले देश छोड़कर विदेश यात्रा पर गए हों। यदि इतिहास के पन्नों को पलटें, तो साल 2019 के महाराष्ट्र और हरियाणा विधानसभा चुनाव के ठीक पहले, जब कांग्रेस को उनके आक्रामक प्रचार की सबसे ज्यादा जरूरत थी, राहुल गांधी कंबोडिया की यात्रा पर चले गए थे। इसी तरह, साल 2015 में जब बजट सत्र चल रहा था और भूमि अधिग्रहण बिल पर संसद में घमासान मचा हुआ था, तब वे अचानक कई दिनों के अज्ञातवास पर बैंकॉक चले गए थे। साल 2022 के पंजाब और उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनावों के ठीक पहले भी उनकी इटली यात्रा ने पार्टी के भीतर और बाहर भारी विवाद खड़ा किया था। इन तमाम उदाहरणों से यह स्पष्ट होता है कि जब भी कांग्रेस या विपक्ष किसी बड़े राजनीतिक संकट या चुनावी परीक्षा के दौर से गुजरता है, राहुल गांधी की विदेश यात्राएं विपक्ष के हौसलों को पस्त कर देती हैं और सत्तापक्ष को आक्रामक होने का मौका दे देती हैं।
चुनाव आयोग के खिलाफ आग उगलने वालों की अब बोलती बंद
राहुल गांधी के वियतनाम जाते ही कांग्रेस के प्रादेशिक और राष्ट्रीय प्रवक्ताओं ने ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे और एसआईआर के मुद्दे पर एक तरह से चुप्पी साध ली है। जो कांग्रेसी नेता कल तक प्रेस कॉन्फ्रेंस और सोशल मीडिया पर चुनाव आयोग के खिलाफ आग उगल रहे थे, आज वे अब राहुल गांधी या इस मुद्दे पर बात करने से भी कतरा रहे हैं। यह सांगठनिक बेबसी इस बात का संकेत है कि विपक्ष के पास इस आंदोलन को आगे बढ़ाने के लिए न तो कोई ठोस सबूत थे और न ही कोई दीर्घकालिक रणनीति। वामपंथी दलों और कांग्रेस के गठबंधन ने पूरी ताकत लगाने के बावजूद सरकार या चुनाव आयोग पर कोई प्रशासनिक दबाव नहीं बना पाया। इससे यह साफ हो गया कि बिना किसी वास्तविक जनाधार और बिना किसी गंभीर नेतृत्व के केवल सोशल मीडिया के बूते पर चलाई जाने वाली ‘टूलकिट गैंग’ की राजनीति भारतीय जमीन पर अब ज्यादा दिनों तक नहीं टिक सकती।
राहुल गांधी और टूलकिट गैंग की नौटंकियों को समझ रही जनता
राहुल गांधी और टूलकिट गैंग की इस तरह की नौटंकियों को अब जनता भी खूब समझने लगी है। इसीलिए जनता ने भी इस आंदोलन को गंभीरता से नहीं लिया। वह जान गई है कि इस तरह के नैरेटिव सिर्फ सोशल मीडिया पर गढ़े जाते हैं। ज्ञानेश कुमार का इस्तीफा कराने में विपक्ष की करारी नाकामी और आंदोलनकारियों द्वारा लिखित बांड भरकर पीछे हटना यह साबित करता है कि संवैधानिक संस्थाओं को बिना किसी ठोस आधार के डराने की कोशिशें अब कामयाब नहीं होंगी। राहुल गांधी की वियतनाम यात्रा ने एक बार फिर यह संदेश दिया है कि विपक्ष के शीर्ष नेतृत्व में निरंतरता और गंभीरता की भारी कमी है। जब तक विपक्ष पार्ट-टाइम राजनीति के इस ढर्रे को छोड़कर जमीन पर गंभीर राजनीति नहीं अपनाएगा, तब तक उसके द्वारा खड़े किए गए ऐसे तमाम आंदोलन सिर्फ ‘फ्लॉप शो’ ही साबित होते रहेंगे।
आइए, राहुल गांधी की पिछले दो सालों में ही हुई विदेश यात्राओं पर एक नजर डालते हैं। वे अहम मौकों पर जवाबदेह विपक्ष बनने के बजाए कैसे विदेश यात्राओं पर निकल जाते हैं…
1. ज्ञानेश कुमार इस्तीफा आंदोलन के बीच वियतनाम रवानगी
अक्टूबर 2026 के मध्य में जब देश के भीतर मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे और मतदाता सूचियों (SIR) को लेकर कांग्रेस, सीजेपी व वामपंथी संगठन आंदोलन को तेज करने की कोशिश कर रहा था, ठीक उसी समय विपक्ष के सबसे बड़े चेहरे राहुल गांधी अचानक देश छोड़कर वियतनाम रवाना हो गए। आंदोलन को नेतृत्व देने और उसे तार्किक अंत तक पहुंचाने के बजाय उनके इस तरह विदेश चले जाने से पूरे विपक्षी खेमे की रणनीति धरी की धरी रह गई। खुद कांग्रेस पार्टी के राष्ट्रीय प्रवक्ताओं ने भी इस पूरे विषय पर रहस्यमयी चुप्पी साध ली।
”झूठ फैलाते-फैलाते थक गया… कुछ दिन वियतनाम घूम आता हूं… किसी को क्या ही पता चलेगा! 😜”
— BJP (@BJP4India) October 19, 2026
2. पिछले साल संसद सत्र से ठीक पहले जर्मनी प्रवास
इसके पूर्व दिसंबर 2025 में भी राहुल गांधी की जर्मनी यात्रा ने राजनीतिक गलियारों में भारी हलचल पैदा की थी। यह वह समय था जब देश के भीतर संसद का शीतकालीन सत्र था और पूरा विपक्ष कई अहम विधेयकों तथा राष्ट्रीय मुद्दों पर सरकार को घेरने की संयुक्त रणनीति तैयार कर रहा था। ऐसे महत्वपूर्ण विधायी और सांगठनिक नियोजन के मौके पर मुख्य विपक्षी नेता की अनुपस्थिति ने गठबंधन सहयोगियों के बीच भी समन्वय की कमी को उजागर किया।
3. पार्टी में सांगठनिक फेरबदल के दौरान यूरोप यात्रा
साल 2025 के सितंबर महीने में जब कांग्रेस पार्टी और समूचा विपक्ष देश के कई राज्यों में विधानसभा चुनावों के मद्देनजर सांगठनिक स्तर पर बड़े फेरबदल और गठबंधन की रूपरेखा तय कर रहा था, तब राहुल गांधी यूरोप के दौरे पर चले गए। इस यात्रा ने पार्टी के भीतर निर्णय लेने की प्रक्रिया को काफी धीमा कर दिया। क्योंकि टिकट वितरण और राज्य इकाइयों के पुनर्गठन जैसे गंभीर फैसलों के लिए शीर्ष नेतृत्व की मौजूदगी अनिवार्य मानी जाती है। संशय के इस दौर में राहुल गांधी के विदेश में रहने से कांग्रेस कार्यकर्ताओं का मनोबल टूट गया।
4. आय-खर्च विवाद के बीच राहुल गांधी का ओमान दौरा
मई 2026 में जब भारतीय जनता पार्टी ने राहुल गांधी के 22 वर्षों के सार्वजनिक और राजनीतिक जीवन में की गई लगभग विदेश यात्राओं के खर्च और उनकी घोषित आय के बीच के भारी अंतर को लेकर एक बड़ा राजनीतिक मुद्दा बनाया था, तब वे ओमान की राजधानी मस्कट के दौरे पर थे। भाजपा उनकी यात्राओं की पारदर्शिता और फंडिंग पर तीखे सवाल पूछे जा रहे थे। इस गंभीर राजनीतिक और वित्तीय घेराबंदी के दौरान देश में रहकर तार्किक जवाब देने के बजाय राहुल गांधी के मस्कट में होने से कांग्रेस रक्षात्मक मुद्रा में आ गई।
5. राष्ट्रीय त्योहार और महाकुंभ के समय एशियाई देशों की यात्रा
मार्च 2025 में जब पूरा देश होली का प्रमुख सांस्कृतिक त्योहार मना रहा था और उत्तर प्रदेश के प्रयागराज में महाकुंभ की भव्य तैयारियां अपने अंतिम व सबसे महत्वपूर्ण चरण में थीं, तब राहुल गांधी एक बार फिर अज्ञात एशियाई देशों की यात्रा पर निकल गए थे। देश के इतने बड़े सांस्कृतिक और धार्मिक समागम के समय मुख्य विपक्षी नेता की अनुपस्थिति को बहुसंख्यक समाज की सांस्कृतिक भावनाओं के प्रति उनकी उदासीनता के रूप में सामने आया।
राहुल गांधी का 30 साल तक नंबर नहीं आने वाला: अमित शाह
अमित शाह ने राहुल गांधी पर वार करते हुए कहा, ”मुझे मालूम है आप मेरी आवाज नहीं सुन सकते। आप विदेश में कहीं बैठे हो, क्यों बैठे हैं, वह बताते भी नहीं हो। मगर कोई बात नहीं, वह आपकी निजी जिंदगी है। परंतु एक बार आप दिल्ली लैंड कर जाइए, मेरी बात सुनकर रखना अगले 30 साल तक आपका नंबर नहीं लगने वाला है। भारतीय जनता पार्टी के बूथ के कार्यकर्ता से लेकर नरेंद्र मोदी तक करोड़ों-करोड़ों कार्यकर्ता जनता के बीच में रहते हैं। इनके दुख को जानते हैं और दुख का उपाय करने के लिए कड़ी मेहनत करते हैं।
जॉर्ज सोरोस की कोचिंग क्लास का आरोप: डॉ. संबित पात्रा
भाजपा के राष्ट्रीय प्रवक्ता और सांसद डॉ. संबित पात्रा ने राहुल गांधी की वियतनाम यात्रा पर तीखा हमला बोलते हुए कहा है कि विपक्ष के रिंगलीडर एक बार फिर ऐन मौके पर देश छोड़कर विदेश भाग गए हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि राहुल गांधी इस बार वियतनाम किसी निजी या आध्यात्मिक कारण से नहीं गए हैं, बल्कि वे जॉर्ज सोरोस से जुड़े संगठनों की उस ‘कोचिंग क्लास’ में हिस्सा लेने गए हैं, जहां यह सिखाया जाता है कि भारत की लोकतांत्रिक रूप से चुनी हुई सरकार को अस्थिर कैसे किया जाए? इसके अलावा देश में ‘रेजीम चेंज’ यानी सत्ता परिवर्तन का कृत्रिम नैरेटिव कैसे बुना जाए।
दो जिस्म और एक जान की रणनीति: गौरव भाटिया
भाजपा के वरिष्ठ राष्ट्रीय प्रवक्ता गौरव भाटिया ने विदेश यात्रा को बेहद दुर्भाग्यपूर्ण बताते हुए कहा है कि जब भी देश में किसी बड़े मुद्दे पर विपक्ष की जवाबदेही की बारी आती है, तो नेता प्रतिपक्ष अपनी जिम्मेदारियों से मुंह मोड़कर विदेश चले जाते हैं। उन्होंने कड़ा प्रहार करते हुए कहा कि राहुल गांधी और भारत विरोधी विदेशी ताकतें ‘दो जिस्म, एक जान’ की तरह काम कर रहे हैं। इनका एकमात्र मकसद विदेशी धरती का उपयोग करके भारत की लोकतांत्रिक साख को धूमिल करना, देश के खिलाफ साजिश रचना और संवैधानिक संस्थाओं को कमजोर करने की कोशिश करना है।
कार्यकर्ताओं की बेबसी और छिपे हुए नेता: प्रदीप भंडारी
भाजपा प्रवक्ता प्रदीप भंडारी ने कांग्रेस के आंतरिक संकट पर निशाना साधते हुए कहा है कि अमेठी से लेकर वायनाड तक कांग्रेस का हर आम कार्यकर्ता आज हैरान और परेशान है। उन्होंने कहा कि जमीनी कार्यकर्ता पूछ रहे हैं कि आखिर उनके नेता राहुल गांधी हर बड़े आंदोलन के बीच में कहां छिपे हैं। जब भी देश में किसी बड़े राजनीतिक विमर्श या आंदोलन को तार्किक मुकाम पर ले जाने की बारी आती है, वे देश की जनता और अपनी ही पार्टी के कार्यकर्ताओं को अधर में छोड़कर इटली, जर्मनी या वियतनाम में छुट्टियां मनाने निकल जाते हैं।








