Home समाचार पीएम मोदी ने हरियाणा को दिए दो हजार करोड़ के विकास परियोजनाओं...

पीएम मोदी ने हरियाणा को दिए दो हजार करोड़ के विकास परियोजनाओं के उपहार

SHARE

रोहतक में आज विजय संकल्प रैली को संबोधित करने से पहले प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने हरियाणा को दो हजार करोड़ रुपये के कई प्रोजेक्ट उपहार में दिए। पीएम मोदी हरियाणा के मुख्यमंत्री मनोहर लाल खट्टर की जन आशीर्वाद यात्रा के समापन समारोह में शामिल होने रोहतक पहुंच थे। इस अवसर पर आयोजित रैली को संबोधित करने से पहले प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने हरियाणा में दो हजार करोड़ रुपये के कई विकास परियोजनाओं का शिलान्यास और उद्घाटन किया। बाद में रैली को संबोधन किया। अपने संबोधन के दौरान जहां पीएम मोदी ने हरियाणा आने के अपने प्रयोजन के बारे में बताया वहीं केंद्र सरकार के दूसरे कार्यकाल के 100  दिनों के दौरान किए कार्यों का ब्यौरा भी दिया। उन्होंने कहा कि दूसरे कार्यकाल के पहले 100 दिन जन संकल्प, जन सिद्धियों और जन सरोकार के रहे हैं। प्रधानमंत्री मोदी ने अपने संबोधन के दौरान चंद्रयान-2 के लिए इसरो (ISRO) के पुरुषार्थ और देश के सवा सौ करोड़ लोगों के संकल्प के बारे में भी बताया।

रोहतक पहुंचे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को हरियाणा के मुख्यमंत्री मनोहर लाल खट्टर ने हरियाणा के सम्मान के प्रतीक पगड़ी पहनाकर अभिनंदन किया। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने अपने संबोधन की शुरुआत लोकसभा चुनाव में हरियाणा की सभी सीटें भाजपा की झोली में भर देने से की। इसके लिए उन्होंने हरियाणा के लोगों का आभार जताते हुए कहा कि इतने बड़े जन समर्थन को मैं एक अनमोल अवसर के रूप में देखता हूं। इसके लिए हरियाणा को जितनी बधाइयां दूं, आभार प्रकट करूं या धन्यवाद दूं उतना कम है।

पीएम ने कहा कि उन्हें रोहतक तीन बार आने का मौका मिला है। पहली बार किसान नेता रहे छोटू राम की प्रतिमा का अनावरण करने के समय आया था, दूसरी बार अपने पहले कार्यकाल के कामों का ब्यौरा देने के लिए आया था और तीसरी बार यानी इस बार जनसमर्थन मांगने आया हूं। और यह एक संयोग है कि केंद्र सरकार के नए कार्यकाल के सौ दिन पूरे हो हो रहे हैं। उन्होंने कहा कि अभी तक हरियाणा से जितना मांगा है उससे कहीं अधिक मिला है। इस बार रोहतक की यात्रा के पीछे दो मकसद है। पहला यह की नई योजनाओं का उपहार देना और दूसरा मनोहर लाल जी को मिल रहे जन समर्थन का साक्षी बनना। इतनी तादाद में लोगों का आना, यह हवा का रूख दिखा रहा है। उन्होंने कहा कि मनोहर लाल जी और उनकी सरकार ने जिस प्रकार हरियाणा के लोगों की सेवा की है यह जन सैलाब उसी का जीता जागता सबूत है। मनोहर लाल जी की यह जन आशीर्वाद यात्रा आज रोहतक में भले ही समाप्त हो गई है लेकिन यह तय हो गया है कि जन समर्थन किसे मिलने वाला है। मनोहर लाल जी के पुरुषार्थ का ही कमाल है कि हरियाणा के लोग उन्हें दो-दो नामों मनोहर और नमोहर से बुलाने लगे हैं। बीते पांच वर्षों में हरियाणा को केंद्र और राज्य की डबल इंजन वाली सरकारों का पूरा लाभ मिला है। 25 हजार करोड के बड़े प्रोजेक्ट पर काम हो रहा है। और आज 2 हजार करोड़ के प्रोजेक्ट का शिलान्यास और उद्घाटन किया गया है। राज्य की बेटियों की उच्च शिक्षा के लिए सिरसा नूंह और पलवल में डिग्री कॉलेज खोले जा रहे हैं। शिक्षा के साथ, कई नए प्रोजेक्ट का शिलान्यास किया गया है। पीएम मोदी ने कहा कि रोहतक में करीब छह सौ गरीब परिवारों को घर दिया गया है। जिन लोगों की दिवाली अपने घर में मनने वाली है उन्हें मोदी ने अभी शुभकामनाएं दे दीं। पीएम मोदी ने कहा कि आप ने जो विश्वास और भरोसा मुझपर और भाजपा पर जताया है उसके सामने विनम्रता के साथ अपना शीश झुकाता हूं और आश्वस्त करता हूं कि हरियाणा से मिली जीत और संस्कार के कारण जिस पर आपको गर्व हो उसे करने में कभी पीछे नहीं हटूंगा।

अपने संबोधन के दौरान पीएम मोदी ने कहा कि हरियाणा में तब आया हूं जब हमारे दूसरे कार्यकाल के सौ दिन पूरे हो रहे हैं। ये सौ दिन विकास के रहे है, विश्वास के रहे हैं और देश में होने वाले परिवर्तन के रहे हैं। ये सौ दिन सरकार के निर्णय के रहे हैं, निष्ठा के रहे हैं और नेक नीयत के रहे हैं। ये सौ दिन जन संकल्प और जन सिद्धियों के रहे हैं और जन सरोकार के रहे हैं। जिसकी प्रेरणा और प्रोत्साहन देश को 130 करोड़ भारतवासी हैं। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने अपने संबोधन में कहा कि इन सौ दिनों में रिकार्ड काम हुए है। उन्होंने कहा कि इस संसद सत्र में जितने बिल पास हुए है, जितना काम हुआ है उतना पिछले साठ सालों में नहीं हुआ। इसके लिए उन्होंने सभी दलों के सांसदों को भी बधाई दी।

पीएम मोदी ने कहा कि अब भारत हर चुनौती को चुनौती देता है। चाहे जल संकट हो या कोई और संकट, 130 करोड़ देशवासियों ने मिलकर समाधान खोजना शुरू कर दिया है। बीते चार महीने में सरकार ने अपने कई और संकल्प पूरे किए हैं। हमारी सरकार ने देश के 8 करोड़ गरीबों को उज्ज्वला योजना के तहत गैस कनेक्शन देने का जो संकल्प लिया था उसे पूरा कर लिया है। इसके तहत हरियाणा के 7 लाख से भी अधिक गरीब परिवारों को भी गैस कनेक्शन मिला है। प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना के तहत देश के सात करोड़ और हरियाणा के 13 लाख किसानों को लाभ मिला है। इस योजना के तहत देश को 21 हजार करोड़ और हरियाणा के किसानों को सवा चार सौ करोड़ रुपये मिले हैं। छोटे व्यापारियों को तीन हजार रुपये प्रति महीने पेंशन की योजना भी शुरू हो चुकी है इससे जहां देश में 8 लाख व्यापारियों को वहीं हरियाणा के 33 हजार से अधिक व्यापारियों को लाभ मिलने वाला है। मोदी ने कहा कि 2022 तक किसानों की आय दोगुनी करने का लक्ष्य भी पूरा होकर रहेगा। हरियाणा में बने फूड पार्क से करीब 7 हजार लोगों को रोजगार मिलने वाला है। भारतीय जनता पार्टी और हमारी सरकार ने 2024 तक हर घर को जल पहुंचाने जैसा बड़ा संकल्प लिया है। इस योजना पर साढ़े तीन लाख करोड़ रुपये खर्च किए जाएंगे, जिसका लाभ हरियाणा को भी मिलने वाला है। भाजपा सरकार की पहली प्राथमिकता गरीबों का विकास है, स्वास्थ्य सेवा में सुधार करने की जरूरत है। पीएम मोदी ने कहा कि आज गुरुग्राम में नए मेडिकल कॉलेज का शिलान्यास किया गया है।

अपने संबोधन के दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा कि हरियाणा स्वच्छता में पहला राज्य बन गया है। उन्होंने कहा कि हरियाणा के बेहतर भविष्य के लिए मुख्यमंत्री मनोहर लाल जी की जरूरत है। क्योंकि इनकी सरकारों ने बीते पांच सालों में सरकारी सिस्टम से अपने और परायों के भेद मिटाने का काम किया है, परिवारवाद और भ्रष्टाचार पर करा प्रहार किया है, सरकारी नौकरियों की बंदरबांट की परंपरा को खत्म किया है। बीते पांच वर्षों में शिक्षकों के नाम पर ट्रांसफर और पोस्टिंग के खेल को खत्म किया है, किसानों की जमीन पर भ्रष्टाचार के खेल को बंद किया है। इसलिए पांच वर्षों के बाद पूरा हरियाणा भाजपा के पक्ष में खड़ा है। यहां हर उम्र के लोग हैं जिन्होंने हर सरकार को देखी है उन्होंने पहले की सरकारों का परिवारवाद और भ्रष्टाचार देखा है,

दिल्ली के प्रधानमंत्री की जरूरत के मुताबिक ट्रकों में लोगों को भरकर दिल्ली पहुंचाने और जयकार करने वालों को हरियाणा के मुख्यमंत्री बनते देखा है। लेकिन इन पांच सालों में एक ट्रक लोगों को दिल्ली ले जाने का काम न तो यहां के मुख्यमंत्री को करना पड़ा है न ही यहां की सरकार को। नि:स्वार्थ भाव से हरियाणा के लोगों के हित के लिए काम करने वाले लोग भी यहां है यह भाजपा की सरकार ने दिखा दिया है।

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने अपने संबोधन में कहा कि 7 सितंबर को एक और साक्षात्कार हुआ, रात में सुबह 1 बजकर 50 मिनट से पूरा देश टीवी के सामने बैठा था। देश और दुनिया चंद्रयान की गति को एक नजर से देख रही थी। उसके बाद के सौ सेकेंड में मैंने एक और साक्षात्कार किया। उस सौ सेकेंड की घटना से पूरे देश को जोड़ दिया। उस घटना ने देश के लोगों में जो स्पिरिट पैदा की उसे स्पोर्ट्स स्पिरिट कहते हैं. लेकिन अब देश में इसरो स्पिरिट है। देश पुरुषार्थ की पूजा करता है और पराक्रम की पूजा करता है। सवा सौ करोड़ देशवासियों का यही मिजाज हमारी बहुत बड़ी पूंजी है। जिन्हें निराशा खोजने में आनंद आता है वे उसी में लगे रहें, लेकिन देश नए संकल्प के साथ चलने को उठ खड़ा हुआ है। जिस देश में संकल्पों के लिए जीने की ताकत होती है वही तो इसरो स्पिरिट होता है। जो संकल्प के लिए जीता है वही सपने भी पूरा करता है। उस सौ सेकेंड में देश ने जो कर दिखाया है वह अपने आप में अद्भुत था, निमित्त भले ही इसरो और उनके वैज्ञानिक थे, लेकिन संकल्प 125 करोड़ देशवासियों का था।

Leave a Reply