Home समाचार भारतीय जनता पार्टी के लिए हमेशा मंत्र रहा है- व्यक्ति से बड़ा...

भारतीय जनता पार्टी के लिए हमेशा मंत्र रहा है- व्यक्ति से बड़ा दल, दल से बड़ा देश: प्रधानमंत्री मोदी

SHARE

भारतीय जनता पार्टी के स्थापना दिवस के अवसर पर मंगलवार को प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने दिल्ली में पार्टी मुख्यालय पर कार्यकर्ताओं को संबोधित किया। इस अवसर पर उन्होंने पार्टी की 41 वर्ष की यात्रा के बारे में बताते हुए कहा कि यह 41 वर्ष, इस बात के साक्षी हैं कि सेवा और समर्पण के साथ कोई पार्टी कैसे काम करती है। सामान्य कार्यकर्ता का तप और त्याग, किसी भी दल को कहां पहुंचा सकता है। प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी के लिए हमेशा यह मंत्र रहा है कि व्यक्ति से बड़ा दल, दल से बड़ा देश। यह परंपरा डॉक्टर श्यामा प्रसाद मुखर्जी से लेकर आज तक चली आ रही है।

पीएम मोदी ने कहा, “पिछले साल कोरोना ने पूरे देश के सामने एक अभूतपूर्व संकट खड़ा कर दिया था। तब आप सब अपना सुख-दुख भूलकर देशवासियों की सेवा में लगे रहे। आपने ‘सेवा ही संगठन’ का संकल्प लिया और उसके लिए आप डटे रहे, लगे रहे और लोगों की सेवा करते रहे। जो काम आप गांव-गांव में, शहरों में कर रहे थे, घर-घर पहुंच रहे थे, वैसा ही कुछ काम ‘अंत्योदय’ की प्रेरणा से भाजपा की सरकारें करती रहीं। ‘गरीब कल्याण योजना’ से लेकर ‘वंदे भारत मिशन तक, हमारे सेवा भाव को देश ने महसूस किया है। यही नहीं, इसी संकटकाल में देश ने नए भारत का खाका खींचा और आत्मनिर्भर भारत अभियान शुरू किया। आज आत्मनिर्भर भारत अभियान गांव-गरीब का, किसान-मजदूर का, दलित-वंचित का, महिलाओं का, युवाओं का, हर किसी का स्वयं का एक प्रकार से अभियान बन गया है।”

श्री मोदी ने कहा कि आज भाजपा से गांव-गरीब का जुड़ाव इसलिए बढ़ रहा है, क्योंकि आज वह पहली बार अंत्योदय को साकार होते देख रहा है। आज 21वीं सदी में जिन युवाओं ने जन्म लिया है, वे भारतीय जनता पार्टी के साथ हैं, भाजपा की नीतियों और प्रयासों के साथ हैं। प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि जो लोग कहते हैं कि बीजेपी चुनाव जीतने की मशीन है, वो एक प्रकार से भारत के लोकतंत्र की जो परिपक्वता है, उसको समझ ही नहीं पाते। सच्चाई यह है कि बीजेपी चुनाव जीतने की मशीन नहीं, देश और देशवासियों का दिल जीतने वाला एक अविरल-अनवरत अभियान है। हम 5 साल तक ईमानदारी से जनता की सेवा करते हैं, सरकार में हों या न हों, हर परिस्थिति में जनता से जुड़े रहते हैं। जनता के लिए जीते रहते हैं। 

प्रधानमंत्री ने कहा कि आज देश का सामान्य मानवी, लास्ट माइल डिलीवरी को साक्षात अनुभव कर रहा है। देश के हर गरीब के पास बैंक अकाउंट हो, देश के हर गरीब के पास पक्की छत हो, देश के हर गरीब को शौचालय की सुविधा मिले, हर रसोई में गैस कनेक्शन हो, हर घर में बिजली कनेक्शन हो, हर गरीब को इलाज की सुविधा हो, हर गांव में ऑप्टिकल फाइबर हो, ऐसी अनगिनत बातें जो समाज का आखिरी व्यक्ति हो या देश का आखिरी इलाका हो, इसके लिए भाजपा सरकारें, चाहे केंद्र में हो या राज्य में हो, सबने मिलकर दिन-रात मेहनत की है।

प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि यह भाजपा ही है, जहां कार्यकर्ता अपना तन-मन-धन देकर पार्टी की सेवा करते हैं। उन्होंने कहा कि सैकड़ों कार्यकर्ता पार्टी के लिए अपना बलिदान दे चुके हैं। सैकड़ों कार्यकर्ताओं को मौत के घाट उतार दिया गया है। केरल और पश्चिम बंगाल जैसे राज्यों में हमारे कार्यकर्ताओं को धमकियां दी जाती हैं, उन पर हमले होते हैं, उनके परिवार पर हमले होते हैं। लेकिन देश के लिए जीना-मरना एक विचारधारा को लेकर के अड़े रहना, यही तो भारतीय जनता पार्टी के कार्यकर्ता की विशेषता है।

प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि आज आम जनमानस ये महसूस करता है भाजपा सरकार का मतलब है-राष्ट्रनिर्माण के लिए सही नीति, साफ नीयत और सटीक निर्णय। भाजपा आने का मतलब है- नेशन फर्स्ट, देशहित से समझौता नहीं, देश की सुरक्षा सर्वोपरि, भाजपा आने का मतलब है- वंशवाद, परिवारवाद की राजनीति से मुक्ति, भाजपा आने का मतलब है-योग्यता को अवसर भाजपा आने का मतलब है- पारदर्शिता, गुड गवर्नेंस, भाजपा यानि- ‘सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास’। आज भाजपा भारत की विविधता की, अनेकता में एकता की प्रतीक बन गई है। बीजेपी आज नेशनल इंटरेस्ट की भी पार्टी है और क्षेत्रीय आकांक्षाओं की भी पार्टी है।

प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि आज देश में तरह-तरह की अफवाहें फैलाई जाती हैं, भ्रम फैलाए जाते हैं, झूठ फैलाया जाता है। काल्पनिक भय का मायाजाल खड़ा कर दिया जाता है। कभी कहा जाता है कि संविधान बदल दिया जाएगा। कभी कहा जाता है कि आरक्षण समाप्त कर दिया जाएगा। कभी कहा जाता है कि नागरिकता छीन ली जाएगी। कभी कहा जाता है कि किसानों की जमीन छीन ली जाएगी। ये सब कोरे झूठ होते हैं, लेकिन कुछ लोगों और संगठनों द्वारा इन्हें तेजी से फैलाया जाता है। हमें इस विषय में बहुत अधिक चौकन्ना रहने की जरूरत है। बीजेपी के हर कार्यकर्ता को सतर्क रहना है और झूठ फैलाने वाले ऐसे लोगों की सच्चाई से देश की जनता को सावधान करते रहना है।

Leave a Reply