प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने 14 जनवरी, 2025 को भारतीय मौसम विभाग (IMD आईएमडी) के 150वें स्थापना दिवस के मौके पर ‘मिशन मौसम’ लॉन्च किया। इस अवसर पर प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि आज हम भारतीय मौसम विभाग यानी आईएमडी के 150 वर्ष सेलिब्रेट कर रहे हैं। ये केवल भारतीय मौसम विभाग की यात्रा नहीं है, ये हमारे भारत में आधुनिक साइंस और टेक्नोलॉजी की भी यात्रा है। आईएमडी ने ना केवल करोड़ों भारतीयों की सेवा की है, बल्कि भारत की वैज्ञानिक यात्रा का भी प्रतीक बना है।
आईएमडी के स्थापना दिवस पर उन्होंने कहा कि किसी भी देश के वैज्ञानिक संस्थानों की प्रगति साइंस के प्रति उसकी जागरूकता को दिखाती है। वैज्ञानिक संस्थाओं में रिसर्च और इनोवेशन नए भारत के टेंपरामेंट का हिस्सा है। इसीलिए, पिछले 10 वर्षों में आईएमडी के इंफ्रास्ट्रक्चर और टेक्नॉलजी का भी अभूतपूर्व विस्तार हुआ है।
प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि मौसम विज्ञान को भारत की स्पेस टेक्नोलॉजी और डिजिटल टेक्नोलॉजी का भी पूरा फायदा मिल रहा है। इससे मौसम विभाग की विश्वसनीयता भी पहले से कहीं ज्यादा बढ़ी है। भविष्य में भारत मौसम की हर परिस्थिति के लिए तैयार रहे। भारत एक क्लाइमेट स्मार्ट राष्ट्र बनें। इसके लिए हमने ‘मिशन मौसम’ भी लॉंच किया है। मिशन मौसम सस्टेनेबल फ्यूचर और फ्यूचर रेडीनेस को लेकर भारत की प्रतिबद्धता का भी प्रतीक है।
प्रधानमंत्री ने कहा कि साइंस की प्रासंगिकता केवल नई ऊंचाइयों को छूने में नहीं है। विज्ञान तभी प्रासंगिक होता है, जब वो सामान्य से सामान्य मानवी के जीवन में बेहतरी का, ईज ऑफ लिविंग का माध्यम बने। भारत का मौसम विभाग इसी कसौटी पर आगे बढ़ा है। रियल टाइम अपडेट्स से लोगों की सुरक्षा भी हो रही हैष साथ ही कृषि और ब्लू इकॉनमी जैसे सेक्टर्स को ताकत भी मिल रही है।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि मौसम विज्ञान किसी भी देश की आपदा प्रबंधन क्षमता का सबसे जरूरी सामर्थ्य होता है। प्राकृतिक आपदाओं के प्रभाव को कम करने के लिए हमें मौसम विज्ञान की क्षमता को बढ़ाने की जरूरत होती है। भारत ने लगातार इसकी अहमियत को समझा है। आज हम उन आपदाओं की दिशा को मोड़ने में कामयाब हो रहे हैं, जिन्हें पहले नियति कहकर छोड़ दिया जाता था। बीते वर्षों में देश में कितने ही बड़े-बड़े साइक्लोन आए, आपदाएं आईं। लेकिन, ज़्यादातर में हम जनहानि को जीरो या मिनिमल करने में सफल रहे। इन सफलताओं में मौसम विभाग की बहुत बड़ी भूमिका है।
प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि ये किसी भी देश की ग्लोबल इमेज का सबसे बड़ा आधार होते हैं। हमारी मीटीरियोलोजिकल एडवांसमेंट के चलते हमारी डिजास्टर मैनेजमेंट कैपेसिटी बिल्ड हुई है। इसका लाभ पूरे विश्व को मिल रहा है। आज हमारा फलेश फलड गाइडेंस सिस्टम नेपाल, भूटान, बांग्लादेश और श्रीलंका को भी सूचनाएं दे रहा। हमारे पड़ोस में कहीं कोई आपदा आती है, तो भारत सबसे पहले मदद के लिए उपस्थित होता है। इससे विश्व में भारत को लेकर भरोसा भी बढ़ा है। दुनिया में विश्व बंधु के रूप में भारत की छवि और भी मजबूत हुई है।