Home नरेंद्र मोदी विशेष दिल्ली के मैडम तुसाद म्यूजियम में पीएम मोदी की प्रतिमा

दिल्ली के मैडम तुसाद म्यूजियम में पीएम मोदी की प्रतिमा

SHARE

मैडम तुसाद संग्रहालय में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की मोम की प्रतिमा लगने वाली है। दिल्ली के रीगल बिल्डिंग में बनने जा रहे मैडम तुसाद संग्रहालय में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, राष्ट्रपिता महात्मा गांधी, पूर्व राष्ट्रपति एपीजे अब्दुल कलाम, भगत सिंह और सरदार पटेल सहित अन्य स्वतंत्रता सेनानियों की मोम की प्रतिमाएं देखने को मिलेंगी।

मैडम टुसाड की तरफ से जारी बयान के अनुसार यह पहली बार होगा कि यहां आने वाले देश के लिए बलिदान देने वाले नेताओं को देख सकेंगे और उनके प्रति सम्मान व्यक्त कर सकेंगे। इससे राष्ट्रवादी माहौल बनेगा। बयान में कहा गया है कि महात्मा गांधी, सरदार पटेल, सुभाष चंद्र बोस और भगत सिंह के अलावा यहां समसामयिक नेताओं मोदी और कलाम की प्रतिमाएं भी होंगी।

बयान के अनुसार लंदन के मैडम तुसाद की एक विशेष टीम ने इन हस्तियों की प्रतिमाएं बनाई हैं। मैडम तुसाद के सभी संग्रहालयों का संचालन करने वाले मर्लिन एंटरटेनमेंट्स के इंडिया प्रमुख अंशुल जैन ने कहा कि हम आगे दूसरे और प्रभावशाली नेताओं की प्रतिमाएं यहां लगाएंगे।

दिल्ली के रीगल बिल्डिंग में इस मशहूर मैडम तुसाद संग्रहालय की शाखा इसी साल खुलनी है। भारत में यह इस तरह का पहला संग्रहालय होगा। इसमें इतिहास से जुड़ी हस्तियों, खेल जगत के दिग्गजों, बॉलीवुड तथा मनोरंजन जगत के सितारों की मोम से निर्मित प्रतिमाएं होंगी।

कनॉट पैलेस के रीगल बिल्डिंग में यह मैडम तुसाद संग्रहालय का 22वां स्टूडियो होगा। उम्मीद है कि मैडम तुसाद के संग्रहालय से पर्यटन को नया आयाम मिलेगा। लंदन के मैडम तुसाद संग्रहालय में दुनिया भर की दो हजार मशहूर हस्तियों के मोम के पुतले रखे हुए हैं।

Leave a Reply