Home समाचार महाराष्ट्र में कोरोना का कहर, पिछले 24 घंटों में 72,330 नए मामले...

महाराष्ट्र में कोरोना का कहर, पिछले 24 घंटों में 72,330 नए मामले दर्ज

SHARE

महाराष्ट्र में कोरोना का कहर जारी है। राज्य में पिछले 24 घंटों में 72,330 नए मामले दर्ज किए गए। महाराष्ट्र सहित छत्तीसगढ़, कर्नाटक, पंजाब, केरल, तमिलनाडु, गुजरात और मध्‍य प्रदेश में दैनिक कोरोना के नए मामलों में लगातार बढ़ोतरी जारी है। इन 8 राज्‍यों में 84.61 प्रतिशत नए मामले दर्ज हुए हैं। महाराष्ट्र में प्रतिदिन दर्ज किए जाने वाले नए मामलों की संख्‍या सबसे अधिक 39,544 हैं। इसके बाद छत्तीसगढ़ में 4,563 और कर्नाटक में 4,225 नए मामले सामने आए हैं।

देश में कोरोना के सक्रिय मामलों की संख्‍या 5,84,055 हो गई है। यह कुल पॉजिटिव मामलों का 4.78 प्रतिशत है। पिछले 24 घंटों में कुल सक्रिय मामलों में 31,489 मामलों की कमी हुई है। देश में कोरोना के कुल सक्रिय मामलों में महाराष्‍ट्र, कर्नाटक, केरल, छत्तीसगढ़ और पंजाब का योगदान 78.9 प्रतिशत है। देश के कुल सक्रिय मामलों में महाराष्ट्र का हिस्सा 61 प्रतिशत है।

देशभर में एक अप्रैल से 45 वर्ष से अधिक आयु के सभी लोगों के लिए कोरोना वैक्सीन लगाने का अगला चरण शुरू हो गया है। एक अप्रैल सुबह 7 बजे तक 6 करोड़ 51 लाख 17 हजार 896 टीके के डोज लगाए गए हैं। टीकाकरण के 75वें दिन 31 मार्च को कुल 20,63,543 टीके के डोज दिए गए। इसके साथ ही देश में ठीक होने वालों की कुल संख्या 1,14,74,683 हो गई है। राष्ट्रीय रिकवरी दर 93.89 प्रतिशत है।

पिछले 24 घंटों में कोरोना से 459 लोगों की मृत्‍यु हुई है। पिछले 24 घंटों में महाराष्ट्र में 227 और पंजाब में 55 लोगों की मौत हुई है। पंद्रह राज्यों में पिछले 24 घंटों में कोरोना से किसी भी व्यक्ति की मौत की कोई खबर नहीं है। इन राज्यों में चंडीगढ़, झारखंड, ओडिशा, लद्दाख, दमन और दीव, पुद्दुचेरी, मणिपुर, त्रिपुरा, सिक्किम, नगालैंड, लक्ष्‍यद्वीप, मेघालय, मिजोरम, अंडमान और निकोबार द्वीप समूह और अरुणाचल प्रदेश शामिल हैं।

Leave a Reply