Home समाचार कोरोना के दैनिक मामलों की संख्या हुई तीन लाख से कम, पिछले...

कोरोना के दैनिक मामलों की संख्या हुई तीन लाख से कम, पिछले 24 घंटों में ठीक हुए 3,78,741 लोग

SHARE

कोरोना महामारी को लेकर पॉजिटिव खबर है। देश में अब कोरोना के मामलों में कमी आ रही है। देश में दर्ज किए जा रहे कोरोना के दैनिक नए मामले अब 26 दिनों के बाद तीन लाख से कम हो गए हैं। पिछले 24 घंटे में 2,81,386 नए मामले दर्ज किए गए। नए मामलों में दस राज्यों की हिस्सेदारी 75.95 प्रतिशत है। महाराष्ट्र में सबसे ज्यादा 34,389 नए मामले सामने आए। इसके बाद तमिलनाडु में 33,181 नए मामले दर्ज किए गए।

इसके साथ ही साप्ताहिक पॉजिटिविटी रेट में गिरावट देखी गई है जो 18.17 प्रतिशत पर आ गई है। पिछले 24 घंटों में की गई कुल दैनिक जांच की संख्या 15,73,515 है और कुल मिलाकर अब तक 31,64,23,658 जांच की गई हैं।

देश में कोरोना से ठीक होने वाले लोगों की कुल संख्या 2,11,74,076 हो गई है। बीमारी से उबरने की राष्ट्रीयदर 84.81 प्रतिशत है। पिछले 24 घंटों में 3,78,741 लोग कोविड-19 से स्वस्थ हुए हैं। पिछले 24 घंटे में बीमारी से स्वस्थ होने वाले लोगों की संख्या नए मामलों की संख्या से ज्यादा है।

दूसरी तरफ देश में कोविड-19 के सक्रिय मामलों की संख्या गिरकर 35,16,997 हो गई है। यह देश के कुल संक्रमित मामलों का 14.09 प्रतिशत है। पिछले 24 घंटे में सक्रिय मामलों की संख्या में कुल 1,01,461 की कमी आई है। देश के कुल सक्रिय मामलों में 10 राज्यों की हिस्सेदारी 75.04 प्रतिशत है।

देश में टीकाकरण अभियान के तीसरे चरण का विस्तार होने के साथ अब तक दिए गए कोविड-19 टीके की कुल खुराक की संख्या करीब 18.30 करोड़ हो गई है। 17 मई को सुबह सात बजे तक टीके की कुल 18,29,26,460 खुराक दी जा चुकी हैं। पिछले 24 घंटे में टीके की करीब सात लाख खुराक दी गईं।

राष्ट्रीय मृत्यु दर इस समय 1.10 प्रतिशत है। पिछले 24 घंटे में कोविड से 4,106 लोगों की मौत हुई। 10 राज्यों का मौत के नए मामलों में 75.38 प्रतिशत योगदान है। महाराष्ट्र में सबसे अधिक 974 लोगों की जान गई, इसके बाद 403 मौतों के साथ कर्नाटक दूसरे स्थान पर है।

Leave a Reply