Home समाचार अमेरिका में भारत की आजादी के अमृत महोत्सव की धूम, ‘इंडिया डे...

अमेरिका में भारत की आजादी के अमृत महोत्सव की धूम, ‘इंडिया डे परेड’ में लहराया तिरंगा, बने दो वर्ल्ड रिकॉर्ड, पीएम मोदी के विजन की तारीफ

SHARE

प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी दुनिया के सबसे लोकप्रिय राजनेता हैं। उनके प्रशंसक विश्व के हर देश में मौजूद है। यही वजह है कि उनकी एक अपील का असर न सिर्फ भारत में, बल्कि दुनिया भर में होता है। जहां भारत में ‘घर-घर तिरंगा’ अभियान जन आंदोलन का रूप ले लिया, वहीं आजादी के अमृत महोत्सव की धूम भारत के साथ-साथ विदेशों में भी है। अमेरिका में भी आजादी के अमृत महोत्सव को लेकर प्रवासी भारतीयों में जबरदस्त उत्साह देखा गया। न्यूयॉर्क के मेडिसन स्क्वॉयर पर इंडिया डे परेड में इतिहास रचा गया। इस दौरान भारतीयों ने दो विश्व रिकॉर्ड भी अपने नाम किए। 

इंडिया डे परेड में दो गिनीज वर्ल्ड रिकॉर्ड

दरअसल, आजादी की 75वीं वर्षगांठ मनाने के लिए फेडरेशन ऑफ इंडियन एसोसिएशन (FIA) ने रविवार (21 अगस्त, 2022) को न्यूयॉर्क में वार्षिक इंडिया डे परेड का आयोजन किया। इसमें प्रवासी भारतीयों ने दो गिनीज वर्ल्ड रिकॉर्ड बनाए। पहला, एक ही समय में सबसे अधिक तिरंगा फहराने का जबकि दूसरा संगीत वाद्ययंत्र में बड़ी संख्या में डमरू और ड्रम के इस्तेमाल के लिए। इस कार्यक्रम के दौरान अमेरिका में रह रहे प्रवासी भारतीयों ने ‘आजादी के अमृत महोत्सव’ अभियान के लिए प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की जमकर तारीफ की।

प्रधानमंत्री मोदी के विजन और प्रयास को सैल्यूट

एफआईए के अध्यक्ष केनी देसाई ने कहा कि वह प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के विजन और प्रयास को सैल्यूट करते हैं। उन्होंने यह भी कहा कि एफआईए ने दो रिकॉर्ड बनाने को सोचा और इसमें सफल रहे। इस तरह भारत रूपी मातृभूमि को हमने अपने अंदाज में नमन किया। केनी देसाई ने आगे कहा कि एफआईए ने भारत को गौरवान्वित किया है और हम इस उपलब्धि को भारत के स्वतंत्रता संग्राम के गुमनाम नायकों को समर्पित करते हैं। वहीं एफआईए के चेयरमैन अंकुर वैद्य ने कहा कि हम इन रिकॉर्ड्स को वैश्विक भारतीय समुदाय को समर्पित करते हैं, जिनके सहयोग के बगैर इन्हें पूरा कर पाना संभव नहीं था।

 प्रवासी भारतीयों में दिखा देशभक्ति का जज्बा

इस कार्यक्रम को सफल बनाने के लिए एफआईए के स्वयंसेवकों की पूरी टीम ने बीते कई महीनों से दिन-रात अथक मेहनत की। आयोजकों के सामने सबसे बड़ी चुनौती इस काम को अंजाम देने के लिए जरूरी सामग्री जुटाने की थी। इंडिया डे परेड में भाग लेने के लिए 1500 से अधिक स्वयंसेवकों ने पंजीकरण कराया था और सभी सुबह-सुबह यहां पहुंच गए। बड़ी संख्या में भारतीयों की मौजूदगी, लहराते तिरंगे, ढोल-डमरू की गूंज ने पूरे माहौल को देशभक्ति से भर दिया।

राजस्थानी पोशाक में नजर आईं फैशन डिजाइनर डॉ. रूमा देवी 

अमेरिका के न्यूयॉर्क के मैनहटन में आयोजित परेड में बाड़मेर की अंतरराष्ट्रीय फैशन डिजाइनर और सामाजिक कार्यकर्ता डॉ. रूमा देवी राजस्थानी पोशाक में सेलिब्रेटी गेस्ट के रूप में शामिल हुई। परेड के समापन पर आयोजित कार्यक्रम में रूमा देवी ने प्रवासी भारतीयों को आजादी के अमृत महोत्सव व स्वतंत्रता दिवस कार्यक्रम की बधाई दी। महिला सशक्तिकरण के प्रयासों से रूबरू करवाते हुए उन्होंने कहा कि उनके लिए इस परेड का हिस्सा बनना व इस मंच पर आमंत्रित होना बड़े सम्मान की बात है।

ये भारत का तिरंगा है.. कभी झुकेगा नहीं!!

परेड के मुख्य अतिथि पुष्पा स्टार एक्टर अल्लू अर्जुन थे। उन्होंने अमेरिका में भारतीय डायस्पोरा द्वारा आयोजित प्रसिद्ध भारतीय वार्षिक कार्यक्रमों में से एक इंडिया डे परेड में देश का प्रतिनिधित्व किया। अल्लू अर्जुन अपनी पत्नी स्नेहा रेड्डी के साथ परेड में शामिल हुए थे। सोशल मीडिया पर एक वीडियो वायरल हो रहा है, जिसमें उन्हें राष्ट्रीय ध्वज हाथ में लेकर लहराते हुए देखा जा सकता है। इस दौरान उन्होंने कहा, ‘ये भारत का तिरंगा है, कभी झुकेगा नहीं।’ इस डायलॉग के बाद परेड में मौजूद भारतीय लोगों का शोर सुनने लायक है। अल्लू ने लिखा, ‘न्यूयॉर्क में India Day parade में ग्रैंड मार्शल होना एक सम्मान की बात थी।’

गौरतलब है कि अल्लू अर्जुन को इस इंडिया डे परेड के बाद न्यू यॉर्क के मेयर एरिक एडम्स ने सम्मानित भी किया। सिनेमा और एंटरटेनमेंट के क्षेत्र में योगदान के लिए अल्लू को ये सम्मान मिला। न्यूयॉर्क के मैडिसन एवेन्यू मार्ग पर आयोजित इस विश्व विख्यात विशाल परेड में 20 तरह की झांकी के साथ न्यूयॉर्क के मेयर एरिक एडम्स भी तिरंगा लहराते हुए नजर आए। इसके अलावा जनरल कौंसुलेट आफ इंडिया रणधीर जयसवाल और ख्याति प्राप्त हस्तियों के साथ लाखों की संख्या में भारत का तिरंगा हाथों मे लेकर लोग शामिल हुए। प्रतिष्ठित 40 वीं भारत दिवस परेड में अमेरिकन व दुनिया के अलग-अलग देशों के 2 लाख से अधिक लोग शामिल हुए।

Leave a Reply