Home नरेंद्र मोदी विशेष अफगानिस्तान की बेटी ने PM Modi को भेजा काबुल नदी का जल,...

अफगानिस्तान की बेटी ने PM Modi को भेजा काबुल नदी का जल, योगी अयोध्या लेकर पहुंचे, दिव्य दिवाली पर रिकॉर्ड 9 लाख दीप जलेंगे

SHARE

उत्तर प्रदेश की योगी आदित्यनाथ सरकार के राज में अयोध्या में भव्य और दिव्य दिवाली होगी। सरकार अपने कार्यकाल का पांचवां दीपोत्सव बेहद ही ऐतिहासिक तरीके से मनाएगी। इस बार दीपोत्सव में रिकॉर्ड 9 लाख दीप जलेंगे, जिसमें 7 लाख 51 हजार दीपक राम की पैड़ी पर जलाए जाएंगे और डेढ़ लाख दीपक अयोध्या के रामलला के प्रांगण समेत प्राचीन मठ मंदिर और कुंडों पर जलाए जाएंगे। इस बीच अयोध्या में सीएम योगी आदित्यनाथ ने रविवार को अफगानिस्तान की काबुल नदी के जल से राम जन्मभूमि का अभिषेक किया।मोदी-योगी ने पूरी की अफगानिस्तान की बेटी की इच्छा
सीएम योगी आदित्यनाथ ने बताया कि ये जल प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को अफगानिस्तान की एक बालिका ने भेजा है। उसने पीएम से आग्रह किया है कि इस जल से भगवान राम की जन्मभूमि का अभिषेक किया जाए। मोदी ने बीते दिनों खुद यह जल योगी को सौंपते हुए उस बालिका की इच्छा बताई थी। सीएम योगी ने कहा मैं उस बेटी और परिवार की भावना का सम्मान करता हूं।लोग आज भी अपनी संस्कृति को नहीं भूले हैं
अफगानिस्तान में इतनी ज्यादा उथल-पुथल के बाद भी लोग आज भी अपनी संस्कृति को नहीं भूले हैं। राम जन्मभूमि को गंगा जल के साथ काबुल नदी के जल को भी समर्पित किया गया। योगी ने कहा कि काबुल की एक बालिका यदि जल भेजती है तो ये अभिनंदनीय है। सोचिए काबुल में जो हाल है, ऐसी परिस्थितियों में भी उस बालिका ने बिना कोई परवाह किए ये जल भेजा है। मैं बच्ची और उसके परिवार की मंगल कामना करता हूं।

कण-कण में व्याप्त प्रभु श्रीराम सबके हैं
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के अयोध्या आगमन पर हनुमानगढ़ी के महंत राजू दास ने कहा कि इससे अयोध्यावासियो में खुशी है। दीपोत्सव की तैयारियों का निरीक्षण खुद मुख्यमंत्री योगी कर रहे हैं। महंत राजू दास ने अफगानिस्तान के काबुल नदी से जल को रामलला के समर्पित किए जाने पर कहा कि भगवान राम एक व्यक्ति या संप्रदाय के नहीं हैं। भगवान राम सभी के हैं और पारब्रह्म परमात्मा कण-कण में व्याप्त हैं।

अयोध्या में इस बार भव्य और दिव्य दिवाली
अयोध्या की भव्य और दिव्य दिवाली के लिए शहर में 15 किमी के दायरे में घाटों से लेकर मंदिरों और सड़कों तक को लाइट, साउंड, दीयों और रंगोलियों के जरिए सजाया जा रहा है। राम की पैड़ी पर लाखों दीये जलाने की तैयारी है। वहां जाने वाले रास्ते के दोनों तरफ 30 मेन गेट बनाए जा रहे हैं। लकड़ी की बल्लियों से तोरण द्वार बनाए गए हैं। इन पर लाइटों से श्रीराम, सीता और हनुमान के चित्र उकेरे हुए हैं। ये लाइटें पश्चिम बंगाल से आई हैं और इन्हें वहीं से आए कलाकार लगा रहे हैं।ड्रोन से होगी दीपोत्सव आयोजन की मॉनीटरिंग
दिव्य-दीपोत्सव 2021 में नया विश्व रिकॉर्ड बनाने की तैयारियां जोरों पर चल रही हैं। राम की पैड़ी के 32 घाटों पर लाखों दीप जलाने की कार्ययोजना को अंतिम रूप दिया जा चुका है। अवध विश्वविद्यालय ने कमर कस ली है। इस काम में 12 हजार स्वयंसेवक लगाए जाएंगे। प्रत्येक घाट पर दीपों की संख्या का निर्धारण कर लिया गया है। इस समय विश्वविद्यालय के वॉलंटियर्स दीप जलाने के लिए घाटों पर मार्किंग करने में जुटे हैं। दीपोत्सव आयोजन की मॉनीटरिंग ड्रोन से की जाएगी।योगी ने 2017 से शुरू की दीपोत्सव की भव्यता
दीपोत्सव में नौ लाख दिए जलाने में कुल 1.24 करोड़ रुपये खर्च होंगे। भगवान श्रीराम के लंका विजय के बाद अयोध्या लौटने की खुशी में मनाए जाने वाले दीपोत्सव को 2017 में योगी सरकार ने भव्यता देनी शुरू की है। दिवाली से एक दिन पूर्व छोटी दिवाली दीपोत्सव का आयोजन शुरू किया। तब से हर वर्ष यह उत्सव नए-नए आयामों में भव्यता को स्पर्श करता रहा है। दीप जलाने के विश्व रिकॉर्ड भी बनते रहे हैं।

Leave a Reply