Home समाचार कोरोना टीकाकरण में मोदी सरकार की रिकॉर्ड तोड़ उपलब्धि का मुरीद हुआ...

कोरोना टीकाकरण में मोदी सरकार की रिकॉर्ड तोड़ उपलब्धि का मुरीद हुआ WHO, कहा- भारत के पास बड़ी संख्या में टीके लगाने की क्षमता

SHARE

प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में विश्व का सबसे बड़ा कोरोना टीकाकरण अभियान चल रहा है। इस अभियान में नए-नए रिकॉर्ड बन रहे हैं और बड़ी उपलब्धियां हासिल की जा रही हैं। इसकी तारीफ पूरी दुनिया में हो रही है। अब विश्व स्वास्थ्य संगठन ने भारत की क्षमता का लोहा मान लिया है। संगठन के दक्षिण पूर्व एशिया की क्षेत्रीय निदेशक डा. पूनम खेत्रपाल सिंह ने कहा कि भारत कई बार एक दिन में एक करोड़ से अधिक कोरोना के टीके लगा चुका है। उसके पास ज्यादा संख्या में टीके लगाने की पूरी क्षमता है। 

डा. पूनम खेत्रपाल सिंह ने कहा कि भारत ने अब तक अपनी आधी आबादी को वैक्सीन की पहली डोज दे दी है। 20 करोड़ से ज्यादा लोगों को दोनों डोज दी गई है। बड़ी संख्या में टीकाकरण कर भारत महामारी की एक और लहर को आने से रोक सकता है। उन्होंने कहा कि आने वाले दिनों में और ज्यादा संख्या में वैक्सीन उपलब्ध होंगी तो टीकाकरण की गति में तेजी आएगी। इसके साथ ही दिसंबर तक भारत अपने सभी वयस्क नागरिकों को कोरोना वैक्सीन लगाने के लक्ष्य को हासिल कर लेगा। गौरतलब है कि 31 दिसंबर तक 94 करोड़ वयस्कों को कुल 188 करोड़ डोज उपलब्ध कराने का लक्ष्य है। स्वास्थ्य मंत्रालय के अधिकारियों को उम्मीद है कि वैक्सीन की बढ़ी सप्लाई से इस लक्ष्य को समय से पहले ही हासिल कर लिया जाएगा।

केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री मनसुख मांडविया के पद ग्रहण के बाद टीकाकरण में काफी तेजी आई है। अब तक चार बार एक दिन में एक करोड़ से अधिक टीके लगाए जा चुके हैं। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के 71वें जन्मदिन पर एक दिन में 2.5 करोड़ टीका लगाकर पिछले सारे रिकॉर्ड तोड़ दिए और पूरी दुनिया में भारत का नाम रोशन कर दिया। इससे पहले 6 सितंबर को 1.14 करोड़ वैक्सीन डोज लगाई गई थीं। 31 अगस्त को 1.36 करोड़ और 27 अगस्त को 1.07 करोड़ टीके लगे थे। मोदी सरकार ने ऐसा कारनामा उसी स्वास्थ्य प्रणाली के माध्यम से की है, जिसे विकसित देशों की तुलना में पिछड़ा माना जाता है।

केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री मनसुख मांडविया ने 20 सितंबर, 2021 को बताया कि हमारे पास कोरोना टीके के पर्याप्त स्टॉक उपलब्ध है। सितंबर में भारत सरकार को भारतीय कंपनियों द्वारा निर्मित 26 करोड़ वैक्सीन डोज मिले। अगले महीने अक्टूबर में हमें 30 करोड़ से अधिक डोज मिलने की संभावना है, उसके बाद प्रोडक्शन और भी बढ़ेगा। उन्होंने कहा वैक्सीनेशन का कार्य भी लगातार बढ़ रहा है। चौथे क्वार्टर में हम वैक्सीन मैत्री कार्यक्रम को फिर से शुरू करेंगे। इसके तहत हम दुनिया की मदद करेंगे।

देश भर में चलाए जा रहे टीकाकरण अभियान के तहत अब तक 81.85 करोड़ से अधिक कोरोना टीके लगाए गए हैं। पिछले 24 घंटों में 96,46,778 वैक्सीन की खुराक देने के साथ ही अब तक कुल 81 करोड़ 85 लाख 13 हजार 877 टीके लगाए गए हैं। केंद्र सरकार ने राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों को अब तक कोरोना टीके की 79.74 करोड़ से अधिक कुल 79,74,26,335 खुराकें उपलब्ध कराई हैं। इसके साथ ही 33 लाख से अधिक टीके भेजे जाने के लिए तैयार हैं। राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों के पास अब भी टीके की 5.34 करोड़ से अधिक खुराकें उपलब्‍ध है, जिन्हें लगाया जाना है।

 

 

 

Leave a Reply